
#1. 2024 में IBSF वर्ल्ड 6-रेड का खिताब किसने जीता –
भारत के कमल चावला ने मंगोलिया के उलानबटोर में आईबीएसएफ विश्व पुरुष- सिक्स रेड स्नूकर चैंपियनशिप जीत ली है। चावला ने फाइनल में पाकिस्तान के असजाद इकबाल को 6-2 से हराकर अपना पहला आईबीएसएफ विश्व खिताब जीता। भारत के लिए मलकीत सिंह, विद्या पिल्लई और कीर्तन पांडियन ने तीन और कांस्य पदक जीते।
#2. किस पर्वत शिखर का नाम 6वें दलाई लामा के नाम पर रखा गया –
राष्ट्रीय पर्वतारोहण और साहसिक खेल संस्थान (NIMAS) की एक टीम ने अरुणाचल प्रदेश में तवांग-पश्चिम कामेंग इलाके में स्थित हिमालय के गोरीचेन रेंज में एक अनाम और अनछुई 6383 MSL या 20,942 फीट ऊंची चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की है। टीम ने परम पावन 6वें दलाई लामा रिग्जेन त्सांगयांग ग्यात्सो के सम्मान में इस चोटी का नाम “त्सांगयांग ग्यात्सो पीक” रखा है।
#3. अग्निवीरों के लिए नौकरी आरक्षित करने वाली पहली प्राइवेट कंपनी कौन सी बनी –
इंडो-रूस जॉइंट वेंचर ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेज, अग्निवीरों के लिए नौकरियां आरक्षित करने वाली पहली प्राइवेट कंपनी हो गई है। ब्रह्मोस एयरोस्पेस ने 27 सितंबर को टेक्निकल एंट्रीज में 15% और प्रशासनिक व सुरक्षा के रोल में 50% रिजर्वेशन देने की घोषणा की है। इस पहल के तहत, ब्रह्मोस एयरोस्पेस अपने अलग-अलग वर्क सेंटर्स में कम से कम 15% टेक्निकल और जनरल एडमिनिस्ट्रेशन वैकेंसी के लिए अग्निवीरों की भर्ती करेगा।
#4. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिकंदराबाद में किस महोत्सव का उद्घाटन किया –
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने सिकंदराबाद के राष्ट्रपति निलयम में भारतीय कला महोत्सव के प्रथम आयोजन का उद्घाटन किया। इस आठ दिवसीय महोत्सव का आयोजन राष्ट्रपति निलयम द्वारा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। इस महोत्सव का उद्देश्य आगंतुकों के समक्ष पूर्वोत्तर राज्यों – अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करना है। भारतीय कला महोत्सव 29 सितंबर से 6 अक्टूबर, 2024 तक सुबह 10:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक दर्शकों के लिए खुला रहेगा।
#5. किस संगठन ने हाल ही में (सितंबर 2024 में) चार आशाजनक अणुओं के लिए पहली बार मानव में नैदानिक परीक्षणों को आगे बढ़ाने के लिए कई प्रायोजकों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किए हैं – Which organisation has recently
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने चार आशाजनक अणुओं के लिए प्रथम मानव नैदानिक परीक्षण (चरण I) के लिए कई प्रायोजकों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किए, जो देश में अनुसंधान को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
#6. प्रत्येक वर्ष विश्व पर्यटन दिवस कब मनाया जाता है –
1980 में 27 सितंबर को पहली बार विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया था। इस दिन का उद्देश्य पर्यटन के सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक महत्व को जागरूक करना है। सन् 1970 में संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन यानी UNWTO ने स्पेन में अपने तीसरे सत्र में इसे एक दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया था। फिर, UNWTO ने सितंबर 1979 के अंत में विश्व पर्यटन दिवस शुरू करने का निर्णय लिया था। इस वर्ष का विषय पर्यटन और शांति है। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने नए सिरे से तैयार किए गए अतुल्य भारत डिजिटल पोर्टल पर अतुल्य भारत कंटेंट हब शुरू किया।
#7. विश्व पर्यटन दिवस 2024 पर भारतीय पर्यटन मंत्रालय ने कौन सी पहल शुरू की –
विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन मंत्रालय ने पर्यटन मित्र और पर्यटन दीदी नामक एक राष्ट्रीय दायित्वपूर्ण पर्यटन पहल शुरू की है। इस पहल का प्राथमिक उद्देश्य पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों के समग्र अनुभव को बेहतर बनाना है। मंत्रालय ने कहा कि इस पहल के अंतर्गत, महिलाओं और युवाओं के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
#8. भारत और ____ ने द्विपक्षीय निवेश संधि पर हस्ताक्षर किए –
ताशकंद में भारत और उज्बेकिस्तान ने द्विपक्षीय निवेश संधि पर हस्ताक्षर किए। संधि पर वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन और उज्बेकिस्तान के उप प्रधानमंत्री खोदजायेव जमशेद अब्दुखा किमोविच ने हस्ताक्षर किए। भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच यह संधि भारत में उज़्बेकिस्तान के निवेशकों और उज़्बेकिस्तान में भारतीय निवेशकों को उचित सुरक्षा का आश्वासन देती है।
#9. 1 अक्टूबर 2024 को जापान का अगला प्रधानमंत्री कौन बनने वाला है –
जापान में रक्षा मंत्री रह चुके शिगेरू इशिबा अब देश के नए प्रधानमंत्री होंगे। शुक्रवार, 27 सितंबर को लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) के चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज की। वे 1 अक्टूबर को संसद सत्र की शुरुआत के साथ पद संभालेंगे।
#10. 2024 ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स में भारत ने कौन सी रैंक हासिल की –
भारत ने ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स (GII) 2024 यानि वैश्विक नवाचार सूचकांक में 133 वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में 39वां स्थान हासिल कर लिया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने घोषणा की कि भारत मध्य और दक्षिणी एशिया क्षेत्र की 10 अर्थव्यवस्थाओं में भी पहले स्थान पर है। जीआईआई रैंकिंग में भारत का उत्थान उल्लेखनीय है। दरअसल, 2015 में देश 81वें स्थान पर था। वहीं अब यह 39वें स्थान पर पहुंच गया है। ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स-2024 133 अर्थव्यवस्थाओं के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के प्रदर्शन का मूल्यांकन करता है और नवीनतम वैश्विक नवाचार रुझानों को ट्रैक करता है।