करेंट अफेयर्स क्विज – जून 2025

current affairs june 2025
 

Results

#1. अंतर्राष्ट्रीय उष्णकटिबंधीय दिवस की नींव किस रिपोर्ट के प्रकाशन के साथ पड़ी –

हर साल 29 जून को अंतर्राष्ट्रीय उष्णकटिबंधीय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2025 में यह इसका नवां वार्षिक आयोजन है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2016 में इस दिवस को घोषित किया था, ताकि उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों की असीम विविधता और वैश्विक भविष्य को आकार देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को मान्यता दी जा सके। यह दिन उन विशिष्ट चुनौतियों की ओर भी ध्यान आकर्षित करता है, जिनका सामना ये क्षेत्र जलवायु, भूगोल और विकासीय असमानताओं के कारण कर रहे हैं। इस दिवस की नींव 29 जून 2014 को प्रकाशित ‘स्टेट ऑफ द ट्रॉपिक्स रिपोर्ट’ से पड़ी।

#2. यूएस ओपन 2025 जीतकर बीडब्ल्युएफ वर्ल्ड टूर का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी कौन बने –

बैडमिंटन में आयुष शेट्टी ने यू एस ओपन 2025 जीतकर इस सीजन में विश्व बैडमिंटन संघ (बीडब्ल्युएफ वर्ल्ड टूर) का खिताब जीतने वाला पहला भारतीय बनकर इतिहास रच दिया है। आयुष ने फाइनल में कनाडा के ब्रायन यांग को 21-18, 21-13 से हराया।सटीकता के साथ खेलते हुए शेट्टी ने मैच पर दबदबा बनाए रखा और कनाडाई खिलाड़ी को शुरू से ही बैकफुट पर रखा। हांलाकि प्रतियोगिता के महिला एकल में तन्वी शर्मा फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज नहीं कर सकीं। वह शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बेइवेन झांग के खिलाफ तीन गेम के कड़े मुकाबले में 11-21, 21-16, 10-21 से हार गईं।

#3. UzChess कप मास्टर्स 2025 का खिताब किसने जीता –

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने उज़बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित UzChess कप मास्टर्स 2025 का खिताब जीत लिया है, जो इस वर्ष में उनकी तीसरी बड़ी क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता में जीत है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ 19 वर्षीय प्रज्ञानानंद की लाइव FIDE रेटिंग 2778.3 हो गई है और वे विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं, साथ ही भारत के नंबर 1 खिलाड़ी भी बन गए हैं।

#4. संरक्षित क्षेत्रों के प्रबंधन मूल्यांकन 2020–2025 में शीर्ष स्थान किस राज्य ने प्राप्त किया –

केरल को राष्ट्रीय उद्यानों और संरक्षित क्षेत्रों (Protected Areas – PAs) के प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन (Management Effectiveness Evaluation – MEE) 2020–2025 चक्र में भारत का सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित किया गया है। यह मूल्यांकन केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा किया गया। केरल को 76.22% स्कोर मिला और यह एकमात्र राज्य है जिसे “बहुत अच्छा” (Very Good) रेटिंग प्राप्त हुई है। 27 जून 2025 को जारी की गई MEE रिपोर्ट 2020–2025 में केरल को राष्ट्रीय उद्यानों और वन्यजीव अभयारण्यों के प्रबंधन में देश का सर्वोत्तम राज्य घोषित किया गया।

#5. हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 में पुरुष वर्ग का खिताब किसने जीता –

हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 का फाइनल रोमांचक मुकाबले के साथ संपन्न हो गया। तमिलनाडु की हॉकी टीम ने पुरुषों का खिताब जीता, जबकि ओडिशा की हॉकी एसोसिएशन ने महिलाओं का खिताब जीता।पुरुषों के फाइनल में मेजबान तमिलनाडु ने महाराष्ट्र को 5-0 से हराया। वहीं, चंडीगढ़ ने ओडिशा को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। महिलाओं के फाइनल में ओडिशा ने पंजाब को 1-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा, हरियाणा ने मेजबान तमिलनाडु पर जीत के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

#6. भारत ने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर में कितने प्रतिशत की कमी दर्ज की है –

भारत ने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर में वैश्विक स्तर पर 61 प्रतिशत की तुलना में 78 प्रतिशत की कमी दर्ज की है। संयुक्त राष्ट्र बाल मृत्यु दर अनुमान रिपोर्ट के अनुसार, नवजात मृत्यु दर में भी वैश्विक स्तर पर 54 प्रतिशत की तुलना में, 70 प्रतिशत की कमी आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि टीकाकरण में सुधार पर निरंतर ध्यान देने के साथ, भारत ने वंचित आबादी तक पहुँचने के लिए एक सक्रिय और समावेशी दृष्टिकोण अपनाया है। टीकाकरण अभियान के निरंतर कार्यान्वयन के कारण भारत की कुल जनसंख्या में ‘जीरो डोज’ वाले बच्चों का प्रतिशत भी 2023 में शून्‍य दशमलव एक-एक प्रतिशत से घटकर 2024 में शून्‍य दशमलव शून्‍य छह प्रतिशत हो गया है।

#7. ‘सुगम्य भारत’ ऐप को किस मंत्रालय द्वारा विकसित किया गया है –

सरकार ने दिव्यांगजनों और बुज़ुर्ग नागरिकों की स‍ुविधा के लिए सुगम्य भारत ऐप को नया रूप दिया है। उन्नत सुविधाओं में उपयोगकर्ताओं को कम समय में सहायता करने के लिए एआई संचालित चैटबॉट और विकलांग व्यक्तियों के लिए सरकारी योजनाओं और अन्य मूल्यवान संसाधनों का एकीकरण शामिल है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने 2021 में इस ऐप को लॉन्च किया था।

#8. ICCON 2025 का आयोजन किस स्थान पर हुआ –

हाल ही में भारतीय संरक्षण सम्मेलन (ICCON) 2025 का आयोजन 25 जून 2025 को वन्यजीव संस्थान, देहरादून, उत्तराखंड में हुआ। यह सम्मेलन पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) के तहत हुआ। इसमें 17 थीम, पोस्टर सत्र, स्पीड टॉक्स, 10 कार्यशालाएं और टेकब्रिज नामक खास वाइल्डलाइफ टेक्नोलॉजी मंच प्रस्तुत किया गया।

#9. ConvEx-3 अभ्यास किस अंतरराष्ट्रीय संस्था और देश द्वारा आयोजित किया गया –

24 जून 2025 से, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने रोमानिया के सहयोग से अब तक का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय परमाणु आपातकालीन अभ्यास ConvEx-3 शुरू किया है। यह 36 घंटे लंबा अभ्यास रोमानिया के Cernavodă न्यूक्लियर पावर प्लांट में एक गंभीर परमाणु दुर्घटना का परिदृश्य तैयार करता है, जिसका उद्देश्य वैश्विक आपदा प्रतिक्रिया क्षमताओं की परीक्षा और सुधार करना है।

#10. बोनालू त्योहार मुख्य रूप से किस राज्य में मनाया जाता है –

बोनालू महोत्सव 2025 की शुरुआत 26 जून को हैदराबाद स्थित गोलकोंडा किले के श्री जगदम्बा महाकाली मंदिर में पारंपरिक उत्साह और धार्मिक श्रद्धा के साथ हुई। इस अवसर पर हजारों भक्तों ने भाग लिया। राज्य सरकार द्वारा ₹20 करोड़ की अनुदान राशि और प्रमुख नेताओं की उपस्थिति ने इस उत्सव के महत्व को और बढ़ा दिया। यह एक पारंपरिक हिंदू त्योहार है जो मुख्य रूप से तेलंगाना, विशेष रूप से हैदराबाद और सिकंदराबाद में मनाया जाता है। श्रद्धालु माँ महाकाली को ‘बोनम’ (चावल, गुड़, दही और नीम पत्तों का मिश्रण) अर्पित करते हैं, जिससे वह बीमारियों और आपदाओं से रक्षा करें।

#11. भारत का पहला तितली अभयारण्य कहाँ स्थापित किया गया है –

जैव विविधता संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, केरल अब भारत के पहले तितली अभयारण्य का घर बन गया है। कन्नूर जिले में स्थित अरलम वन्यजीव अभयारण्य का नाम बदलकर अब “अरलम तितली अभयारण्य” रख दिया गया है। यह देश में अपनी तरह की पहली पहल है, जो पश्चिमी घाट की हरियाली में फैले 55 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला है और यहां 266 से अधिक तितली प्रजातियों को संरक्षित किया गया है, जिनमें कई दुर्लभ और संकटग्रस्त प्रजातियाँ भी शामिल हैं।

#12. पुरी की जगन्नाथ रथ यात्रा में भगवान जगन्नाथ किस मंदिर की ओर जाते हैं –

भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आज शुक्रवार से शुरू हो रही है, जिसके लिए पुरी के जगन्नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। जगन्नाथ रथ यात्रा, जिसे रथ महोत्सव या श्री गुंडिचा यात्रा के नाम से भी जाना जाता है, ओडिशा में प्रतिवर्ष मनाया जाने वाला एक प्रमुख हिंदू त्योहार है। यह द्वितीया तिथि को मनाया जाता है, जो कि चंद्र मास के शुक्ल पक्ष का दूसरा दिन होता है। यह समय चंद्रमा की बढ़ती चमक के कारण आध्यात्मिक रूप से शुभ माना जाता है। लाखों की संख्या में श्रद्धालु प्रसिद्ध रथ यात्रा के लिए एकत्र हुए हैं, क्योंकि भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा अपने निवास, 12वीं शताब्दी के मंदिर से गुंडिचा मंदिर के लिए नौ दिवसीय प्रवास पर निकलने की तैयारी कर रहे हैं।

#13. भारत का पहला राज्य जो मोबाइल से ई-वोटिंग शुरू करेगा, वह है –

बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने आधुनिक तकनीक की ओर एक और कदम बढ़ाया है। अब मतदान और भी स्मार्ट, सुरक्षित और सुलभ होगा। बिहार देश का ऐसा पहला राज्य बनने जा रहा है, जहां मोबाइल के जरिए ऑनलाइन वोटिंग होगी। यह ई-वोटिंग शनिवार 28 जून को बिहार की नगरपालिका आम और उप-निर्वाचन 2025 के लिए होगी। आयोग ने बताया कि ई-वोटिंग से मतदान करने वाले पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 51,157 है, जिसमें प्राथमिक रूप से वरिष्ठ नागरिक, शारीरिक रूप से दिव्यांग, असाध्य रोग से ग्रसित, गर्भवती महिलाएं एवं प्रवासी मजदूर मतदाता शामिल हैं।

#14. श्री जानकी जन्म भूमि पुनौरा धाम मंदिर किस राज्य में बनने वाला है –

बिहार सरकार ने सीतामढ़ी में मां जानकी को समर्पित भव्‍य मंदिर के निर्माण के लिए नौ सदस्‍यों का ट्रस्‍ट बनाने की अधिसूचना जारी की है। सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में बनने वाला यह मंदिर अयोध्‍या में भगवान राम जन्‍म भूमि मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। मंदिर ट्रस्‍ट को श्री जानकी जन्‍म भूमि पुनौरा धाम मंदिर न्‍यास के नाम से जाना जाएगा।

#15. शुभांशु शुक्ला किस मिशन के अंतर्गत अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे –

भारत के लिए 26 जून अंतरिक्ष क्षेत्र में एक ऐतिहासिक दिन बन गया जब भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर कदम रखा। इसके साथ ही वह पहले भारतीय बने जो इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर पहुंचे और 41 साल बाद किसी भारतीय ने अंतरिक्ष की यात्रा की। इससे पहले 1984 में विंग कमांडर राकेश शर्मा ने सोवियत संघ के ‘Soyuz T-11’ से उड़ान भरी थी। शुभम शुक्ला एक्सिओम स्पेस के प्राइवेट मिशन Axiom-4 (Ax-4) के तहत अमेरिकी कंपनी SpaceX के ड्रैगन अंतरिक्ष यान ‘Grace’ में सवार होकर अंतरिक्ष पहुंचे। यह उड़ान अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च हुई और करीब 14 घंटे की यात्रा के बाद अंतरिक्ष स्टेशन के ‘Harmony’ मॉड्यूल से जुड़ गई। गौरतलब है कि शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष में पहुंचने वाले भारत के दूसरे नागरिक हैं। उनसे पहले 1984 में विंग कमांडर राकेश शर्मा ने सोवियत संघ के Soyuz T-11 मिशन से अंतरिक्ष की यात्रा की थी। शुभांशु शुक्ला का जन्म उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 10 अक्टूबर 1985 को हुआ था। वह भारतीय वायुसेना के फाइटर पायलट हैं और ISRO के गगनयान मिशन के लिए चयनित चार अंतरिक्ष यात्रियों में से एक हैं।

#16. अंतरराष्ट्रीय विधवा दिवस को किस वर्ष संयुक्त राष्ट्र द्वारा आधिकारिक मान्यता मिली –

अंतरराष्ट्रीय विधवा दिवस (International Widows Day) हर साल 23 जून को मनाया जाता है। यह दिन दुनिया भर की करोड़ों विधवाओं की चुनौतियों पर प्रकाश डालता है—जो अक्सर लैंगिक समानता और मानवाधिकारों की चर्चाओं में अदृश्य रह जाती हैं। इसकी शुरुआत 2005 में लूम्बा फाउंडेशन (Loomba Foundation) ने की थी, और 2010 में संयुक्त राष्ट्र (UN) द्वारा इसे आधिकारिक मान्यता मिली। इस दिन का उद्देश्य विधवाओं को गरिमा, न्याय और समानता दिलाना है।

#17. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा साझा की गई ‘The Emergency Diaries’ पुस्तक का संबंध किस ऐतिहासिक कालखंड से है –

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में इमरजेंसी के 50 साल पूरे होने पर अपनी भूमिका से जुड़ी एक किताब को सोशल मीडिया पर साझा किया है। उन्होंने ‘द इमरजेंसी डायरीज’ में आपातकाल (1975-1977) के दौरान अपने सफर को साझा किया है। इस किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 जून 2024 को आपातकाल के काले दिनों को याद करते हुए दिए बयान का जिक्र किया गया है।

#18. असम सरकार ने किस समुदाय को OBC दर्जा देने की घोषणा की है –

सामाजिक समावेशन और जमीनी स्तर पर सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक ऐतिहासिक नीतिगत कदम उठाते हुए, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 23 जून, 2025 को घोषणा की कि असम में ट्रांसजेंडर समुदाय को अब ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) का दर्जा दिया जाएगा। समानांतर कदम उठाते हुए, उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग (डब्ल्यूसीडी) के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए पर्यवेक्षक स्तर के पदों पर 50% आरक्षण की भी घोषणा की, जिससे सरकारी ढांचे के भीतर उनके करियर की प्रगति को बढ़ावा मिला।

#19. बिहार में स्थापित होने जा रहा पहला परमाणु ऊर्जा संयंत्र किस तकनीक पर आधारित होगा –

25 जून 2025 को एक ऐतिहासिक घोषणा करते हुए केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि बिहार में जल्द ही राज्य का पहला न्यूक्लियर पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा। यह योजना भारत में स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर (SMR) आधारित ऊर्जा प्रणालियों के विस्तार का हिस्सा है, जिसमें बिहार उन पहले छह राज्यों में शामिल होगा जहाँ इस तकनीक को लागू किया जा रहा है।

#20. भारत का पहला ऑफ-ग्रिड ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट कहां स्थापित किया गया है –

अडानी समूह ने भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, जहां 23 जून 2025 को गुजरात के कच्छ में देश का पहला ऑफ-ग्रिड 5 मेगावाट ग्रीन हाइड्रोजन पायलट प्लांट चालू किया गया। यह अभिनव परियोजना भारत की स्वच्छ ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है और विकेन्द्रित हाइड्रोजन उत्पादन की तकनीकी संभावनाओं को दर्शाती है।

#21. अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र (CIP) का दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र भारत के किस शहर में स्थापित किया जा रहा है –

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के आगरा में अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र (सीआईपी) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (सीएसएआरसी) की स्थापना के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस निवेश का मुख्य उद्देश्य आलू और शकरकंद की उत्पादकता, कटाई के बाद प्रबंधन और मूल्य संवर्धन में सुधार करके खाद्य और पोषण सुरक्षा, किसानों की आय और रोजगार सृजन को बढ़ाना है।

#22. SDG इंडेक्स 2025 में भारत किस स्थान पर रहा –

भारत ने सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल (एसडीजी) को प्राप्त करने में प्रगति करने वाले 167 देशों की लिस्ट में पहली बार टॉप 100 में आने के साथ अपनी स्थिति मजबूत की है। एक लेटेस्ट रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। यूएन सस्टेनेबल डेवलपमेंट सॉल्यूशन नेटवर्क (एडीएसएन) द्वारा जारी सस्टेनेबल डेवलपमेंट रिपोर्ट (एसडीआर) के 10वें एडिशन के अनुसार, भारत 2025 एसडीजी इंडेक्स में 67 अंकों के साथ 99वें स्थान पर है। अमेरिका इस लिस्ट में 75.2 अंकों के साथ 44वें स्थान पर है।

#23. वैश्विक शांति सूचकांक (GPI) 2025 में भारत की रैंक क्या रही –

वैश्विक शांति सूचकांक (Global Peace Index – GPI) 2025, जो अब अपने 19वें संस्करण में है, दुनिया में राष्ट्रीय और क्षेत्रीय शांति का सबसे प्रमुख मापक बना हुआ है। इंस्टिट्यूट फॉर इकनॉमिक्स एंड पीस (IEP) द्वारा विकसित यह सूचकांक 163 देशों की शांति स्थिति का मूल्यांकन करता है, जो विश्व की 99.7% आबादी को कवर करता है। आइसलैंड वर्ष 2008 से लगातार दुनिया का सबसे शांतिपूर्ण देश बना हुआ है। यूक्रेन युद्ध के लंबा खिंचने, पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों और आंतरिक राजनीतिक दमन के कारण रूस को 2025 के वैश्विक शांति सूचकांक (GPI) में सबसे निचला स्थान (रैंक 163) प्राप्त हुआ है। इसके ठीक बाद यूक्रेन का स्थान है। भारत ने 163 देशों में 115वां स्थान प्राप्त किया है, और इसका GPI स्कोर 2.229 है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 0.58% सुधार को दर्शाता है।

#24. बिहार सरकार द्वारा किस योजना के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में ‘विवाह मंडप’ बनाए जाएंगे –

बिहार के सभी ग्राम पंचायतों में गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह कार्यक्रम के लिए ‘विवाह मंडप’ बनाए जाएंगे। बिहार मंत्रिमंडल की मंगलवार को हुई बैठक में ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना’ को मंजूरी दी गई। इस योजना के लिए 40 अरब 26 करोड़ से ज्यादा की राशि से 8,053 ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से विवाह मंडप निर्माण कराया जाएगा। इन विवाह भवनों का संचालन जीविका दीदियों द्वारा किया जाएगा।

#25. संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस कब मनाया जाता है –

हर वर्ष 23 जून को दुनिया भर में संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोक सेवकों और सार्वजनिक क्षेत्र द्वारा किए गए योगदान को सम्मानित करना है। यह दिन वैश्विक विकास में लोक सेवा की भूमिका, नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में उनकी भूमिका और युवा वर्ग को शासन में भागीदारी हेतु प्रेरित करने का संदेश देता है।

#26. ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DAJGUA)’ के तहत किस जिले से 30 जनजातीय कौशल केंद्रों की शुरुआत हुई –

उत्तर प्रदेश के आकांक्षी जनपद सोनभद्र से ‘30 जनजातीय कौशल केंद्रों’ का भव्य शुभारंभ हुआ। ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DAJGUA)’ के तहत 30 आकांक्षी जनजातीय जिलों में जन शिक्षण संस्थानों के माध्यम से जनजातीय कौशल केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनका क्रियान्वयन कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। इस पहल के अंतर्गत 1 लाख जनजातीय युवाओं को 2024 से 2029 तक NSQF-अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय ज़रूरतों, पारंपरिक ज्ञान और बाज़ार की मांग के अनुसार डिज़ाइन किए गए हैं, जिससे प्रशिक्षण सीधे आजीविका से जुड़ सके। ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DAJGUA)’ भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 2 अक्टूबर 2024 को की थी। इस पांच वर्षीय अभियान का उद्देश्य देश के 30 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 63,843 जनजातीय बहुल गांवों में रहने वाले 5 करोड़ से अधिक जनजातीय नागरिकों को समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास से जोड़ना है।

#27. अंबुबाची मेला किस शक्तिपीठ में आयोजित होता है –

मां कामाख्या देवी के मंदिर में इस समय अंबुबाची मेला लगा हुआ है। देशभर से आए लाखों भक्त मां कामाख्या क्षेत्र में साधना में लीन हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि यह मेला तांत्रिक साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा के लिए प्रसिद्ध है और हर वर्ष लाखों श्रद्धालु इसमें शामिल होते हैं। अंबुबासी मेले में आस्था और प्रकृति के चक्र का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। शक्ति की उपासना और तांत्रिक परंपराओं के जीवंत प्रतीक अंबुबासी मेले का आयोजन मां कामाख्या धाम, गुवाहाटी में पूरे श्रद्धा-भाव से चल रहा है।

#28. ‘नव्या’ पायलट योजना का उद्देश्य है –

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (एमडब्ल्यूसीडी), कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) के साथ मिलकर एक नई पहल की शुरुआत करने जा रहा है। इसके तहत मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में किशोरियों के कौशल विकास के लिए एक संयुक्त पायलट पहल ‘नव्या’–युवा किशोरियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के ज़रिए आकांक्षाओं का पोषण कार्यक्रम की की जाएगी। नव्या एक पायलट पहल है, जिसका मकसद 16-18 वर्ष की आयु की किशोरियों को कक्षा 10 की न्यूनतम योग्यता के साथ मुख्य रूप से गैर-पारंपरिक नौकरी भूमिकाओं में व्यावसायिक प्रशिक्षण मुहैया कराना है।

#29. भारत और फ्रांस के बीच चल रहे संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘शक्ति’ का 2025 में कौन-सा संस्करण आयोजित किया गया –

भारत और फ्रांस की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य युद्धाभ्यास ‘शक्ति’ इस समय फ्रांस के कैंप लारजैक, ला कावेलरी में पूरी गति से जारी है। भारत व फ्रांस यहां अपने अत्याधुनिक हथियारों से कॉम्बैट व गोलाबारी का अभ्यास कर रहे हैं। यहां आधुनिक हवाई खतरों से निपटने के लिए दोनों पक्षों ने मिलकर ड्रोन-रोधी तकनीक पर भी प्रशिक्षण लिया। इस अभ्यास में आक्रामक ड्रोन को निष्क्रिय करने वाले अत्याधुनिक प्लेटफॉर्म्स का लाइव प्रदर्शन किया गया है।

#30. अमेरिका द्वारा ईरान में किस बम का प्रयोग फार्दो परमाणु केंद्र पर किया गया –

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनाल्‍ड ट्रम्‍प ने कहा है कि अमरीका ने ईरान में फार्दो, नतांज और इस्‍फहान के परमाणु ठिकानों पर हमले किए हैं। बमों का पूरा पेलोड प्रमुख परमाणु केन्‍द्र फार्दो पर गिराया गया। रक्षा विभाग के वरिष्‍ठ अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि इस हमले में जीबीयू-57ए मैसिव ऑर्डनेंस पेनेट्रेटर, “बंकर बस्टर” बम का इस्तेमाल किया गया था। GBU-57A/B मैसिव ऑर्डनेंस पेनेट्रेटर को बोइंग ने डिजाइन किया है और इसका निर्माण अमेरिकी वायुसेना ने किया है। इसे अमेरिकी वायुसेना के पास सबसे शक्तिशाली गैर-परमाणु बम कहा जाता है। GBU-57A/B मैसिव ऑर्डनेंस पेनेट्रेटर का वजन लगभग 14,000 किलोग्राम है – जो संयुक्त रूप से दो अफ्रीकी हाथियों के बराबर है। यह लगभग 20.5 फीट लंबा है और इसका व्यास 31.5 इंच है। इसका वारहेड, AFX-757 और PBXN-114 विस्फोटकों का मिश्रण है, जिसका वजन लगभग 2,500 किलोग्राम है।

#31. “तमाल” युद्धपोत किस देश से भारतीय नौसेना में शामिल किया गया है –

भारतीय नौसेना 1 जुलाई, 2025 को रूस के कैलिनिनग्राद में अपने नवीनतम, विध्वंसक और रडार से बच निकलने में सक्षम बहुउद्देशीय स्टील्थ फ्रिगेट युद्धपोत का जलावतरण करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वीएडीएम संजय जे सिंह मुख्य अतिथि के रूप में इस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। जलावतरण के महत्वपूर्ण अवसर पर भारत और रूस के कई उच्चस्तरीय सरकारी और रक्षा अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। “तमाल” नाम से जाना जाने वाला यह युद्धपोत पिछले दो दशकों में रूस से प्राप्त किये किए गए क्रिवाक श्रेणी के फ्रिगेट की श्रृंखला में आठवां घातक जंगी जलयान है। तमाल जहाज तुशील श्रेणी का ऐसा दूसरा युद्धपोत है, जो अपने पूर्ववर्ती जहाजों तलवार और तेग श्रेणी का उन्नत संस्करण व गोपनीयता से कार्य करने वाला जलपोत है।

#32. ऊर्जा बदलाव सूचकांक 2025 में भारत की रैंक क्या रही –

विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum – WEF) ने 18 जून 2025 को अपना वार्षिक ऊर्जा संक्रमण सूचकांक (Energy Transition Index – ETI) जारी किया। इसमें भारत को 118 देशों में से 71वां स्थान प्राप्त हुआ है, जो पिछले वर्ष (2024) के 63वें स्थान से 8 स्थान नीचे है। हालांकि भारत ने ऊर्जा दक्षता, स्वच्छ ऊर्जा निवेश और नियामक सुधारों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है, फिर भी यह रैंकिंग में गिरावट आई है। यह सूचकांक, जो ऊर्जा सुरक्षा, स्थिरता और समानता में उनके प्रदर्शन के आधार पर 118 देशों को रैंक करता है, स्वीडन, फ़िनलैंड और डेनमार्क को शीर्ष पर रखता है।

#33. देश की पहली योग नीति किस राज्य में लागू की गई –

देश में पहली योग नीति उत्तराखंड में जारी की गई। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने कहा कि यह नीति उत्तराखंड को योग और आरोग्‍य के क्षेत्र में वैश्विक राजधानी बनाने के उद्देश्‍य के साथ तैयार की गई है। उन्‍होंने अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस पर गैरसैण में आयोजित एक समारोह में कहा कि राज्‍य में योग और ध्‍यान केंद्र विकसित करने के लिए 20 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता दी जा रही है।

#34. विश्व शरणार्थी दिवस हर वर्ष किस तिथि को मनाया जाता है? –

विश्व शरणार्थी दिवस, प्रत्येक वर्ष 20 जून को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय पर्व है। पूरे विश्‍व में शरणार्थियों के प्रति सम्‍मान व्यक्त करने के लिए संयुक्‍त राष्‍ट्र ने विश्‍व शरणार्थी दिवस की मान्यता दी है। यह दिवस उन लोगों के साहस और शक्ति का सम्‍मान करता है जिन्‍हें किसी संघर्ष या यातना के कारण स्‍वदेश छोड़ने के लिए बाध्‍य होना पड़ा है। इस वर्ष के लिए थीम है – शरणार्थियों के साथ एकजुटता।

#35. नई दिल्ली 2025 विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के शुभंकर ‘विराज’ का रूप क्या है –

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी में नई दिल्ली 2025 विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए लोगो, शुभंकर का अनावरण किया। आधिकारिक शुभंकर, जिसे विराज कहा जाता है, एक युवा हाथी है जिसके शरीर पर ब्लेड कृत्रिम अंग लगा हुआ है। इस खेल आयोजन में 100 से अधिक देश और 2500 से अधिक एथलीट भाग ले रहे हैं। विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का 12वां संस्करण देश में अब तक का सबसे बड़ा पैरा एथलेटिक्स आयोजन होगा जिसमें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ एथलीट भाग लेंगे। यह खेल आयोजन 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

#36. QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 में भारत के कितने संस्थानों को स्थान मिला –

क्यू एस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में रिकॉर्ड 54 भारतीय संस्थानों को स्‍थान मिला है। इस रैंकिंग में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली, देश का शीर्ष रैंक वाला संस्थान है। दुनिया भर के उच्च शिक्षा संस्थानों की रैंकिंग के नये संस्करण में आईआईटी दिल्ली की रैंकिंग 123वें स्थान पर है। पहले यह रैंकिंग 150 थी। यह संस्थान द्वारा हासिल की गई अब तक की सर्वोच्च क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग भी है। साथ ही इस रैंकिंग में अमेरिका, इंग्लैंड और चीन के बाद भारत के सबसे ज्यादा शिक्षण संस्थान क्यूएस रैंकिंग में शामिल है।

#37. IEA की रिपोर्ट के अनुसार, बिजली उत्पादन क्षमता में भारत किस स्थान पर है –

इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक भारत पिछले पांच वर्षों में बिजली उत्पादन क्षमता में सबसे तेज वृद्धि दर्ज करने वाले देशों में तीसरे स्थान पर रहा है। वहीं भारत से आगे सिर्फ चीन और अमेरिका हैं। IEA ने कहा कि भारत में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जिसकी वजह है शहरी और ग्रामीण इलाकों में तेजी से निर्माण, घरों में एयर कंडीशनर और अन्य उपकरणों का बढ़ता उपयोग, और औद्योगिक क्षेत्रों की ऊर्जा जरूरतें हैं। इस बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए देश ने सभी ऊर्जा स्रोतों से बिजली उत्पादन में तेजी से विस्तार किया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस विकास का प्रमुख कारण रिन्यूएबल एनर्जी (अक्षय ऊर्जा) पर दिया गया जोर है। खासकर सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भारी निवेश देखने को मिला है। पिछले पांच वर्षों में भारत में गैर-जीवाश्म ईंधन (Non-Fossil Fuel) में हुए कुल निवेश का आधे से अधिक हिस्सा सिर्फ सौर ऊर्जा परियोजनाओं में हुआ। वहीं 2024 में देश के बिजली क्षेत्र में कुल निवेश का 83% हिस्सा स्वच्छ ऊर्जा (Clean Energy) परियोजनाओं में गया। इसके साथ ही, भारत 2024 में स्वच्छ ऊर्जा के लिए डेवलपमेंट फाइनेंस इंस्टिट्यूशंस (DFI) से सबसे ज्यादा वित्तीय सहायता पाने वाला देश बना।

#38. ‘प्रतिभा सेतु’ पोर्टल किस संस्था द्वारा शुरू किया गया है –

सालों तक यूपीएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बाद भी मेरिट में जगह पाने से चूके प्रतिभाशाली युवाओं को दूसरे क्षेत्रों में नौकरी दिलवाने में यूपीएससी मदद करेगा। इसके लिए यूपीएससी ने ‘प्रतिभा सेतु’ पोर्टल शुरू किया है। पोर्टल के जरिये मंत्रालय, सार्वजनिक उपक्रम, स्वायत्त निकाय और प्राइवेट कंपनियों जैसे सत्यापित नियोक्ता उन उम्मीदवारों से जुड़ सकेंगे, जो परीक्षा के सभी चरणों से गुजरने के बावजूद मेरिट में नहीं आ पाए। 10 हजार उम्मीदवारों का डेटा पोर्टल पर है। पंजीकृत संस्थान उम्मीदवारों की उम्र, योग्यता, संपर्क ब्योरा देख सकेंगे। कंपनियां और संगठन इन्हें शॉर्टलिस्ट कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।

#39. बिहार किस क्षेत्र में देश का पहला राज्य बन गया है –

बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने एंड्रॉयड आधारित मोबाइल के माध्यम से ई-वोटिंग प्रणाली लागू करने का फैसला लिया है। मतदान प्रक्रिया में इस क्रांतिकारी परिवर्तन को अपनाने वाला बिहार देश का पहला राज्य होगा। इस पहल की शुरुआत राज्य में 28 जून को होने वाले नगर निगम और शहरी निकाय चुनाव से होगी। ई-वोटिंग की पूरी प्रक्रिया दो मोबाइल एप के माध्यम से संचालित की जाएगी। इनमें से एक एप सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस कंप्यूटिंग – सीडैक और दूसरा बिहार राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित किया गया है।

#40. देश का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल कहाँ स्थित है –

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने हरियाणा के मानेसर स्थित मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड में देश के सबसे बड़े ऑटोमोबाइल गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन किया। मारुति सुज़ुकी के मानेसर संयंत्र में गति शक्ति कार्गो टर्मिनल एक प्रमुख अवसंरचना विकास है जो ऑटोमोबाइल परिवहन की रसद दक्षता को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाता है। मानेसर स्थित यह संयंत्र 10 किलोमीटर के समर्पित रेल लिंक के माध्यम से पटली रेलवे स्टेशन से जुड़ा हुआ है, जो हरियाणा रेल अवसंरचना विकास निगम (एचआरआईडीसी) द्वारा विकसित किए जा रहे 121.7 किलोमीटर लंबे हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर का हिस्सा है। इस गति शक्ति कार्गो टर्मिनल की लोडिंग क्षमता देश में सबसे अधिक है, यानी प्रति वर्ष 4.5 लाख ऑटोमोबाइल।

#41. ‘साइबर सुरक्षा’ अभ्यास किस एजेंसी द्वारा आयोजित किया गया है –

हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के तत्वावधान में डिफेंस साइबर एजेंसी द्वारा आयोजित एक व्यापक साइबर सुरक्षा अभ्यास ‘साइबर सुरक्षा’ 16 जून, 2025 को शुरू हुआ। यह बहु-चरणीय अभ्यास राष्ट्रीय स्तर पर साइबर लचीलापन बढ़ाने की दिशा में एक कदम है जो 27 जून, 2025 को समाप्त होगा एवं इसमें लक्षित प्रशिक्षण सत्र, मूल्यांकन और नेतृत्व की सक्रियता बढ़ाने का अभ्यास शामिल है।

#42. यशस्वी सोलंकी को किस प्रतिष्ठित पद पर नियुक्त किया गया है –

फ्लाइट लेफ्टिनेंट यशस्वी सोलंकी भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की पहली महिला एडीसी नियुक्त हुई हैं। यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि अब तक यह पद पुरुष अधिकारियों के पास ही रहा करता था। यशस्वी सोलंकी हरियाणा के चरखी दादरी जिले की रहने वाली हैं। वह भारतीय नौसेना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट के पद पर कार्यरत हैं। एडीसी का मतलब है Aide-de-Camp। राष्ट्रपति जो कि आर्म्ड फोर्सेज के सुप्रीम कमांडर होते हैं, उनको पांच एडीसी दिए जाते हैं। इनमें से तीन थल सेना, एक वायुसेना और एक नौसेना से होता है। राष्ट्रपति खुद ही अफसरों का चयन करते हैं। एडीसी राष्ट्रपति के सबसे करीबी सैन्य सहायक होता हैं।

#43. ई-नगरपालिका 2.0 लागू करने वाला भारत का पहला राज्य कौन बना –

जून 2025 में, मध्य प्रदेश सरकार (एमपी) के शहरी विकास और आवास विभाग ने एक एकल वेब-आधारित ‘ई-नगरपालिका 2.0’ योजना शुरू की है, जिससे मध्य प्रदेश भारत का पहला राज्य बन गया है जिसने राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) को एक ही मंच के अंतर्गत लाया है। इस नई शुरू की गई पहल का उद्देश्य डिजिटल इंडिया विज़न के साथ तालमेल बिठाते हुए पारदर्शिता और कुशल नागरिक सेवाओं को बढ़ाना है।

#44. एयर इंडिया की AI 171 की दुर्घटना की जांच के लिए समिति का नेतृत्व किसने किया –

भारत सरकार ने 12 जून 2025 को गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI 171 की दुर्घटना की जांच के लिए केंद्रीय सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बहु अनुशासनात्मक समिति का गठन किया है। यह समिति केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो द्वारा की जा रही जांच से अलग होगी। एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI 171 अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंग्लैंड के लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों के भीतर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह पहली बार था कि बोइंग ड्रीमलाइनर 747 दुनिया में कहीं भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

#45. (जून 2025 में) ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ किस देश द्वारा शुरू किया गया –

इजराइल ने 13 जून 2025 की सुबह, ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमला किया। ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ नाम से चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य ईरान के परमाणु क्षमता को खतम करना है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के जवाबी हमले की आशंका को डेकते हुए देश में आपातकाल की घोषणा भी की है। इजराइल का सबसे बड़ा समर्थक देश, संयुक्त राज्य अमेरिका ने कहा है कि वह इजराइली हमले में शामिल नहीं है।

#46. ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का समापन कहाँ हुआ –

केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के 15वें और आखिरी दिन गुजरात के बारडोली में किसान सम्मेलन को संबोधित किया। इस देशव्यापी 15 दिवसीय अभियान की शुरुआत 29 मई को ओडिशा से हुई थी, जिसके बाद केंद्रीय कृषि मंत्री ने विभिन्न राज्यों का दौरा कर किसानों से किसान चौपालों, सम्मेलन और पदयात्रियों के माध्यम से संवाद किया।

#47. ग्लोबल जेंडर गैप इंडेक्स 2025 में भारत का कौन-सा स्थान रहा –

भारत ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) द्वारा जारी 2025 के ग्लोबल जेंडर गैप रिपोर्ट में 148 देशों में से 131वां स्थान प्राप्त किया है, जो पिछले वर्ष (2024) की तुलना में दो पायदान नीचे है। आर्थिक भागीदारी और शिक्षा के क्षेत्र में मामूली प्रगति के बावजूद भारत का समग्र जेंडर पैरिटी स्कोर 64.1% पर बना हुआ है, जो यह दर्शाता है कि लैंगिक समानता की दिशा में प्रगति धीमी है। शीर्ष 5 देश: आइसलैंड, फिनलैंड, नॉर्वे, यूनाइटेड किंगडम, न्यूज़ीलैंड

#48. विश्व बालश्रम निषेध दिवस 2025 की थीम क्या थी –

विश्व बालश्रम निषेध दिवस हर वर्ष 12 जून को पूरे विश्व में मनाया जाता है। बच्चों का शोषण रोकने और बालश्रम को समाप्त करने के लिए इस वर्ष प्रयासों को तेज़ करने का लक्ष्य रखा गया है। 2025 की थीम“प्रगति स्पष्ट है, लेकिन अभी और करना बाकी है: आइए हम अपने प्रयासों को तेज़ करें!”।

#49. भारत और अमेरिका का पहला विशेष वायु सेना अभ्यास कौन-सा था –

भारतीय वायु सेना और संयुक्त राज्य अमरीका की वायु सेना के विशेष बलों के बीच पहला संयुक्त सैन्य अभ्यास “टाइगर क्लॉ” गरुड़ रेजिमेंटल प्रशिक्षण केंद्र में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। भारतीय वायु सेना के विशेष बल को गरुड़ के नाम से भी जाना जाता है। टाइगर क्लॉ अभ्यास 26 मई से 10 जून 2025 तक पूरे उत्तर भारत में आयोजित किया गया था।

#50. विश्व बैंक के अनुसार भारत की अनुमानित आर्थिक वृद्धि दर वित्त वर्ष 2025-26 के लिए क्या है –

विश्व बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान 6.3 प्रतिशत लगाया है, जिसमें कहा गया है कि देश दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज़ विकास दर बनाए रखेगा। विश्व बैंक की नवीनतम वैश्विक आर्थिक संभावना रिपोर्ट के अनुसार, औद्योगिक उत्पादन वृद्धि में मंदी के कारण वित्त वर्ष 2024-25 में भारत की वृद्धि धीमी हो गई। हालांकि, निर्माण और सेवा गतिविधि में वृद्धि स्थिर रही और ग्रामीण क्षेत्रों में लचीली मांग के कारण कृषि उत्पादन गंभीर सूखे की स्थिति से उबर गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2026-27 और वित्त वर्ष 2027-28 में, विकास दर औसतन 6 दशमलव 6 प्रतिशत प्रति वर्ष तक पहुंचने की उम्मीद है।

Previous
Finish

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *