#1. अंतर्राष्ट्रीय उष्णकटिबंधीय दिवस की नींव किस रिपोर्ट के प्रकाशन के साथ पड़ी –
हर साल 29 जून को अंतर्राष्ट्रीय उष्णकटिबंधीय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2025 में यह इसका नवां वार्षिक आयोजन है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2016 में इस दिवस को घोषित किया था, ताकि उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों की असीम विविधता और वैश्विक भविष्य को आकार देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को मान्यता दी जा सके। यह दिन उन विशिष्ट चुनौतियों की ओर भी ध्यान आकर्षित करता है, जिनका सामना ये क्षेत्र जलवायु, भूगोल और विकासीय असमानताओं के कारण कर रहे हैं। इस दिवस की नींव 29 जून 2014 को प्रकाशित ‘स्टेट ऑफ द ट्रॉपिक्स रिपोर्ट’ से पड़ी।
#2. यूएस ओपन 2025 जीतकर बीडब्ल्युएफ वर्ल्ड टूर का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी कौन बने –
बैडमिंटन में आयुष शेट्टी ने यू एस ओपन 2025 जीतकर इस सीजन में विश्व बैडमिंटन संघ (बीडब्ल्युएफ वर्ल्ड टूर) का खिताब जीतने वाला पहला भारतीय बनकर इतिहास रच दिया है। आयुष ने फाइनल में कनाडा के ब्रायन यांग को 21-18, 21-13 से हराया।सटीकता के साथ खेलते हुए शेट्टी ने मैच पर दबदबा बनाए रखा और कनाडाई खिलाड़ी को शुरू से ही बैकफुट पर रखा। हांलाकि प्रतियोगिता के महिला एकल में तन्वी शर्मा फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज नहीं कर सकीं। वह शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बेइवेन झांग के खिलाफ तीन गेम के कड़े मुकाबले में 11-21, 21-16, 10-21 से हार गईं।
#3. UzChess कप मास्टर्स 2025 का खिताब किसने जीता –
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने उज़बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित UzChess कप मास्टर्स 2025 का खिताब जीत लिया है, जो इस वर्ष में उनकी तीसरी बड़ी क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता में जीत है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ 19 वर्षीय प्रज्ञानानंद की लाइव FIDE रेटिंग 2778.3 हो गई है और वे विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं, साथ ही भारत के नंबर 1 खिलाड़ी भी बन गए हैं।
#4. संरक्षित क्षेत्रों के प्रबंधन मूल्यांकन 2020–2025 में शीर्ष स्थान किस राज्य ने प्राप्त किया –
केरल को राष्ट्रीय उद्यानों और संरक्षित क्षेत्रों (Protected Areas – PAs) के प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन (Management Effectiveness Evaluation – MEE) 2020–2025 चक्र में भारत का सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित किया गया है। यह मूल्यांकन केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा किया गया। केरल को 76.22% स्कोर मिला और यह एकमात्र राज्य है जिसे “बहुत अच्छा” (Very Good) रेटिंग प्राप्त हुई है। 27 जून 2025 को जारी की गई MEE रिपोर्ट 2020–2025 में केरल को राष्ट्रीय उद्यानों और वन्यजीव अभयारण्यों के प्रबंधन में देश का सर्वोत्तम राज्य घोषित किया गया।
#5. हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 में पुरुष वर्ग का खिताब किसने जीता –
हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 का फाइनल रोमांचक मुकाबले के साथ संपन्न हो गया। तमिलनाडु की हॉकी टीम ने पुरुषों का खिताब जीता, जबकि ओडिशा की हॉकी एसोसिएशन ने महिलाओं का खिताब जीता।पुरुषों के फाइनल में मेजबान तमिलनाडु ने महाराष्ट्र को 5-0 से हराया। वहीं, चंडीगढ़ ने ओडिशा को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। महिलाओं के फाइनल में ओडिशा ने पंजाब को 1-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा, हरियाणा ने मेजबान तमिलनाडु पर जीत के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
#6. भारत ने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर में कितने प्रतिशत की कमी दर्ज की है –
भारत ने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर में वैश्विक स्तर पर 61 प्रतिशत की तुलना में 78 प्रतिशत की कमी दर्ज की है। संयुक्त राष्ट्र बाल मृत्यु दर अनुमान रिपोर्ट के अनुसार, नवजात मृत्यु दर में भी वैश्विक स्तर पर 54 प्रतिशत की तुलना में, 70 प्रतिशत की कमी आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि टीकाकरण में सुधार पर निरंतर ध्यान देने के साथ, भारत ने वंचित आबादी तक पहुँचने के लिए एक सक्रिय और समावेशी दृष्टिकोण अपनाया है। टीकाकरण अभियान के निरंतर कार्यान्वयन के कारण भारत की कुल जनसंख्या में ‘जीरो डोज’ वाले बच्चों का प्रतिशत भी 2023 में शून्य दशमलव एक-एक प्रतिशत से घटकर 2024 में शून्य दशमलव शून्य छह प्रतिशत हो गया है।
#7. ‘सुगम्य भारत’ ऐप को किस मंत्रालय द्वारा विकसित किया गया है –
सरकार ने दिव्यांगजनों और बुज़ुर्ग नागरिकों की सुविधा के लिए सुगम्य भारत ऐप को नया रूप दिया है। उन्नत सुविधाओं में उपयोगकर्ताओं को कम समय में सहायता करने के लिए एआई संचालित चैटबॉट और विकलांग व्यक्तियों के लिए सरकारी योजनाओं और अन्य मूल्यवान संसाधनों का एकीकरण शामिल है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने 2021 में इस ऐप को लॉन्च किया था।
#8. ICCON 2025 का आयोजन किस स्थान पर हुआ –
हाल ही में भारतीय संरक्षण सम्मेलन (ICCON) 2025 का आयोजन 25 जून 2025 को वन्यजीव संस्थान, देहरादून, उत्तराखंड में हुआ। यह सम्मेलन पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) के तहत हुआ। इसमें 17 थीम, पोस्टर सत्र, स्पीड टॉक्स, 10 कार्यशालाएं और टेकब्रिज नामक खास वाइल्डलाइफ टेक्नोलॉजी मंच प्रस्तुत किया गया।
#9. ConvEx-3 अभ्यास किस अंतरराष्ट्रीय संस्था और देश द्वारा आयोजित किया गया –
24 जून 2025 से, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने रोमानिया के सहयोग से अब तक का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय परमाणु आपातकालीन अभ्यास ConvEx-3 शुरू किया है। यह 36 घंटे लंबा अभ्यास रोमानिया के Cernavodă न्यूक्लियर पावर प्लांट में एक गंभीर परमाणु दुर्घटना का परिदृश्य तैयार करता है, जिसका उद्देश्य वैश्विक आपदा प्रतिक्रिया क्षमताओं की परीक्षा और सुधार करना है।
#10. बोनालू त्योहार मुख्य रूप से किस राज्य में मनाया जाता है –
बोनालू महोत्सव 2025 की शुरुआत 26 जून को हैदराबाद स्थित गोलकोंडा किले के श्री जगदम्बा महाकाली मंदिर में पारंपरिक उत्साह और धार्मिक श्रद्धा के साथ हुई। इस अवसर पर हजारों भक्तों ने भाग लिया। राज्य सरकार द्वारा ₹20 करोड़ की अनुदान राशि और प्रमुख नेताओं की उपस्थिति ने इस उत्सव के महत्व को और बढ़ा दिया। यह एक पारंपरिक हिंदू त्योहार है जो मुख्य रूप से तेलंगाना, विशेष रूप से हैदराबाद और सिकंदराबाद में मनाया जाता है। श्रद्धालु माँ महाकाली को ‘बोनम’ (चावल, गुड़, दही और नीम पत्तों का मिश्रण) अर्पित करते हैं, जिससे वह बीमारियों और आपदाओं से रक्षा करें।



