
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के प्रमुख तारिक रहमान ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। हाल ही में हुए आम चुनावों में बीएनपी ने भारी जीत दर्ज करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया है।
राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने 60 वर्षीय रहमान को पारंपरिक स्थल बंगभवन के बजाय जातीय संसद साउथ प्लाजा में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिसे लंबे समय से चली आ रही परंपरा से अलग कदम माना जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह में भारत से ओम बिरला सहित कई विदेशी नेता मौजूद रहे। इससे पहले, बीएनपी सांसदों ने संसदीय दल की बैठक में तारिक रहमान को अपना नेता चुना।
13वें संसदीय चुनाव में बीएनपी को 297 में से 209 सीटें मिलीं, जबकि दक्षिणपंथी दल जमात-ए-इस्लामी ने 68 सीटों पर जीत दर्ज की। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था।
