
PM Modi को 4 जुलाई को त्रिनिदाद और टोबैगो के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पोर्ट ऑफ स्पेन स्थित राष्ट्रपति भवन में त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कंगालू द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने इसे 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बताते हुए कहा कि यह सम्मान भारत और भारतीय मूल के वैश्विक नागरिकों के लिए गर्व की बात है।
PM Modi इस समय अपनी पांच देशों की विदेश यात्रा के दूसरे चरण में त्रिनिदाद और टोबैगो में हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से शिष्टाचार भेंट की और बाद में देश की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया।
एक विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बड़ी घोषणा की कि अब त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय मूल की छठी पीढ़ी भी ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड के लिए पात्र होगी। इससे वे भारत में बिना किसी प्रतिबंध के निवास, कार्य और निवेश कर सकेंगे। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को अपनी जड़ों से जुड़ने के लिए भारत की यात्रा करने का भी आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर त्रिनिदाद और टोबैगो को UPI (Unified Payments Interface) को अपनाने वाला कैरीबियाई क्षेत्र का पहला देश बनने पर भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान के इस साझा कदम से दोनों देशों के आर्थिक और तकनीकी संबंध और मजबूत होंगे।
अब प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के तीसरे चरण में दक्षिण अमेरिकी देश अर्जेंटीना की यात्रा करेंगे। यह 57 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय अर्जेंटीना यात्रा होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, शिक्षा, विज्ञान और संस्कृति के क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा की जाएगी।
यह यात्रा भारत की वैश्विक भूमिका को सुदृढ़ करने और विश्व पटल पर उसकी उपस्थिति को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
OUR APP – DOWNLOAD NOW