करेंट अफेयर्स क्विज – जून 2025

current affairs june 2025
 

#1. “तमाल” युद्धपोत किस देश से भारतीय नौसेना में शामिल किया गया है –

भारतीय नौसेना 1 जुलाई, 2025 को रूस के कैलिनिनग्राद में अपने नवीनतम, विध्वंसक और रडार से बच निकलने में सक्षम बहुउद्देशीय स्टील्थ फ्रिगेट युद्धपोत का जलावतरण करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वीएडीएम संजय जे सिंह मुख्य अतिथि के रूप में इस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। जलावतरण के महत्वपूर्ण अवसर पर भारत और रूस के कई उच्चस्तरीय सरकारी और रक्षा अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। “तमाल” नाम से जाना जाने वाला यह युद्धपोत पिछले दो दशकों में रूस से प्राप्त किये किए गए क्रिवाक श्रेणी के फ्रिगेट की श्रृंखला में आठवां घातक जंगी जलयान है। तमाल जहाज तुशील श्रेणी का ऐसा दूसरा युद्धपोत है, जो अपने पूर्ववर्ती जहाजों तलवार और तेग श्रेणी का उन्नत संस्करण व गोपनीयता से कार्य करने वाला जलपोत है।

#2. ऊर्जा बदलाव सूचकांक 2025 में भारत की रैंक क्या रही –

विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum – WEF) ने 18 जून 2025 को अपना वार्षिक ऊर्जा संक्रमण सूचकांक (Energy Transition Index – ETI) जारी किया। इसमें भारत को 118 देशों में से 71वां स्थान प्राप्त हुआ है, जो पिछले वर्ष (2024) के 63वें स्थान से 8 स्थान नीचे है। हालांकि भारत ने ऊर्जा दक्षता, स्वच्छ ऊर्जा निवेश और नियामक सुधारों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है, फिर भी यह रैंकिंग में गिरावट आई है। यह सूचकांक, जो ऊर्जा सुरक्षा, स्थिरता और समानता में उनके प्रदर्शन के आधार पर 118 देशों को रैंक करता है, स्वीडन, फ़िनलैंड और डेनमार्क को शीर्ष पर रखता है।

#3. देश की पहली योग नीति किस राज्य में लागू की गई –

देश में पहली योग नीति उत्तराखंड में जारी की गई। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने कहा कि यह नीति उत्तराखंड को योग और आरोग्‍य के क्षेत्र में वैश्विक राजधानी बनाने के उद्देश्‍य के साथ तैयार की गई है। उन्‍होंने अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस पर गैरसैण में आयोजित एक समारोह में कहा कि राज्‍य में योग और ध्‍यान केंद्र विकसित करने के लिए 20 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता दी जा रही है।

#4. विश्व शरणार्थी दिवस हर वर्ष किस तिथि को मनाया जाता है? –

विश्व शरणार्थी दिवस, प्रत्येक वर्ष 20 जून को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय पर्व है। पूरे विश्‍व में शरणार्थियों के प्रति सम्‍मान व्यक्त करने के लिए संयुक्‍त राष्‍ट्र ने विश्‍व शरणार्थी दिवस की मान्यता दी है। यह दिवस उन लोगों के साहस और शक्ति का सम्‍मान करता है जिन्‍हें किसी संघर्ष या यातना के कारण स्‍वदेश छोड़ने के लिए बाध्‍य होना पड़ा है। इस वर्ष के लिए थीम है – शरणार्थियों के साथ एकजुटता।

#5. नई दिल्ली 2025 विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के शुभंकर ‘विराज’ का रूप क्या है –

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी में नई दिल्ली 2025 विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए लोगो, शुभंकर का अनावरण किया। आधिकारिक शुभंकर, जिसे विराज कहा जाता है, एक युवा हाथी है जिसके शरीर पर ब्लेड कृत्रिम अंग लगा हुआ है। इस खेल आयोजन में 100 से अधिक देश और 2500 से अधिक एथलीट भाग ले रहे हैं। विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का 12वां संस्करण देश में अब तक का सबसे बड़ा पैरा एथलेटिक्स आयोजन होगा जिसमें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ एथलीट भाग लेंगे। यह खेल आयोजन 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

#6. QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 में भारत के कितने संस्थानों को स्थान मिला –

क्यू एस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में रिकॉर्ड 54 भारतीय संस्थानों को स्‍थान मिला है। इस रैंकिंग में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली, देश का शीर्ष रैंक वाला संस्थान है। दुनिया भर के उच्च शिक्षा संस्थानों की रैंकिंग के नये संस्करण में आईआईटी दिल्ली की रैंकिंग 123वें स्थान पर है। पहले यह रैंकिंग 150 थी। यह संस्थान द्वारा हासिल की गई अब तक की सर्वोच्च क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग भी है। साथ ही इस रैंकिंग में अमेरिका, इंग्लैंड और चीन के बाद भारत के सबसे ज्यादा शिक्षण संस्थान क्यूएस रैंकिंग में शामिल है।

#7. IEA की रिपोर्ट के अनुसार, बिजली उत्पादन क्षमता में भारत किस स्थान पर है –

इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक भारत पिछले पांच वर्षों में बिजली उत्पादन क्षमता में सबसे तेज वृद्धि दर्ज करने वाले देशों में तीसरे स्थान पर रहा है। वहीं भारत से आगे सिर्फ चीन और अमेरिका हैं। IEA ने कहा कि भारत में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जिसकी वजह है शहरी और ग्रामीण इलाकों में तेजी से निर्माण, घरों में एयर कंडीशनर और अन्य उपकरणों का बढ़ता उपयोग, और औद्योगिक क्षेत्रों की ऊर्जा जरूरतें हैं। इस बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए देश ने सभी ऊर्जा स्रोतों से बिजली उत्पादन में तेजी से विस्तार किया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस विकास का प्रमुख कारण रिन्यूएबल एनर्जी (अक्षय ऊर्जा) पर दिया गया जोर है। खासकर सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भारी निवेश देखने को मिला है। पिछले पांच वर्षों में भारत में गैर-जीवाश्म ईंधन (Non-Fossil Fuel) में हुए कुल निवेश का आधे से अधिक हिस्सा सिर्फ सौर ऊर्जा परियोजनाओं में हुआ। वहीं 2024 में देश के बिजली क्षेत्र में कुल निवेश का 83% हिस्सा स्वच्छ ऊर्जा (Clean Energy) परियोजनाओं में गया। इसके साथ ही, भारत 2024 में स्वच्छ ऊर्जा के लिए डेवलपमेंट फाइनेंस इंस्टिट्यूशंस (DFI) से सबसे ज्यादा वित्तीय सहायता पाने वाला देश बना।

#8. ‘प्रतिभा सेतु’ पोर्टल किस संस्था द्वारा शुरू किया गया है –

सालों तक यूपीएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बाद भी मेरिट में जगह पाने से चूके प्रतिभाशाली युवाओं को दूसरे क्षेत्रों में नौकरी दिलवाने में यूपीएससी मदद करेगा। इसके लिए यूपीएससी ने ‘प्रतिभा सेतु’ पोर्टल शुरू किया है। पोर्टल के जरिये मंत्रालय, सार्वजनिक उपक्रम, स्वायत्त निकाय और प्राइवेट कंपनियों जैसे सत्यापित नियोक्ता उन उम्मीदवारों से जुड़ सकेंगे, जो परीक्षा के सभी चरणों से गुजरने के बावजूद मेरिट में नहीं आ पाए। 10 हजार उम्मीदवारों का डेटा पोर्टल पर है। पंजीकृत संस्थान उम्मीदवारों की उम्र, योग्यता, संपर्क ब्योरा देख सकेंगे। कंपनियां और संगठन इन्हें शॉर्टलिस्ट कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।

#9. बिहार किस क्षेत्र में देश का पहला राज्य बन गया है –

बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने एंड्रॉयड आधारित मोबाइल के माध्यम से ई-वोटिंग प्रणाली लागू करने का फैसला लिया है। मतदान प्रक्रिया में इस क्रांतिकारी परिवर्तन को अपनाने वाला बिहार देश का पहला राज्य होगा। इस पहल की शुरुआत राज्य में 28 जून को होने वाले नगर निगम और शहरी निकाय चुनाव से होगी। ई-वोटिंग की पूरी प्रक्रिया दो मोबाइल एप के माध्यम से संचालित की जाएगी। इनमें से एक एप सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस कंप्यूटिंग – सीडैक और दूसरा बिहार राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित किया गया है।

#10. देश का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल कहाँ स्थित है –

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने हरियाणा के मानेसर स्थित मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड में देश के सबसे बड़े ऑटोमोबाइल गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन किया। मारुति सुज़ुकी के मानेसर संयंत्र में गति शक्ति कार्गो टर्मिनल एक प्रमुख अवसंरचना विकास है जो ऑटोमोबाइल परिवहन की रसद दक्षता को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाता है। मानेसर स्थित यह संयंत्र 10 किलोमीटर के समर्पित रेल लिंक के माध्यम से पटली रेलवे स्टेशन से जुड़ा हुआ है, जो हरियाणा रेल अवसंरचना विकास निगम (एचआरआईडीसी) द्वारा विकसित किए जा रहे 121.7 किलोमीटर लंबे हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर का हिस्सा है। इस गति शक्ति कार्गो टर्मिनल की लोडिंग क्षमता देश में सबसे अधिक है, यानी प्रति वर्ष 4.5 लाख ऑटोमोबाइल।

Results

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *