#1. 7 समिट्स चैलेंज पूरा करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय कौन बने हैं –
हैदराबाद के 16 वर्षीय विश्वनाथ कार्तिकेय पदकांति ने इतिहास रच दिया है। वह अब भारत के सबसे कम उम्र के और दुनिया के दूसरे सबसे कम उम्र के पर्वतारोही बन गए हैं, जिन्होंने प्रतिष्ठित 7 समिट्स चैलेंज को पूरा किया है। इसका अर्थ है कि उन्होंने सातों महाद्वीपों की सबसे ऊँची चोटियों पर चढ़ाई की है — जो दुनिया भर के पर्वतारोहियों का एक बड़ा सपना होता है। विश्वनाथ ने 27 मई को अपनी अंतिम चढ़ाई पूरी की, जब उन्होंने 8,848 मीटर ऊँची माउंट एवरेस्ट की चोटी पर सफलता पूर्वक कदम रखा। विश्वनाथ ने कहा, एवरेस्ट की चोटी पर खड़ा होना और 7 समिट्स को पूरा करना मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा है।
#2. भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास का नाम क्या है –
भारतीय सेना की एक टुकड़ी भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास नोमैडिक एलीफेंट के 17वें संस्करण में शामिल होने के लिए रवाना हुई। यह अभ्यास 31 मई से 13 जून 2025 तक उलानबटार मंगोलिया में आयोजित किया जाएगा। नोमैडिक एलीफेंट अभ्यास, भारत और मंगोलिया में बारी-बारी से आयोजित किया जाने वाला एक वार्षिक कार्यक्रम है।
#3. निम्नलिखित में से किस संगठन ने आयुष सुरक्षा पोर्टल के तकनीकी विकास में सहयोग किया है –
आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने भ्रामक विज्ञापनों और दवाओं के दुष्प्रभाव जैसे मुद्दों के समाधान के लिए आयुष सुरक्षा पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में उपभोक्ता संरक्षण और नियामक निगरानी को मजबूत करेगा। आयुष सुरक्षा पोर्टल जिम्मेदार शासन, साक्ष्य-आधारित प्रथाओं और भारत की पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों पर भरोसा करने वाले लाखों नागरिकों की सुरक्षा के लिए सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आयुष सुरक्षा पोर्टल को रिट याचिका (सिविल) संख्या 645/2022 में सर्वोच्च न्यायालय के 30 जुलाई, 2024 के आदेश के अनुसार विकसित किया गया है, जिसमें न्यायालय ने भ्रामक विज्ञापनों और दवाओं के प्रतिकूल प्रभावों से संबंधित डेटा की निगरानी और प्रकाशन के लिए एक केंद्रीकृत डैशबोर्ड की आवश्यकता पर जोर दिया था। पोर्टल को सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन सिद्धा (सीसीआरएस) के तकनीकी सहयोग से विकसित किया गया है और यह राष्ट्रीय फार्माकोविजिलेंस कार्यक्रम के साथ संरेखित है।
#4. भारत की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में उत्कृष्ट योगदान के लिए असाधारण नर्सिंग पेशेवरों को किस पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है?
30 मई 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में 15 असाधारण नर्सिंग पेशेवरों को भारत की स्वास्थ्य सेवा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया।
#5. संयुक्त राष्ट्र द्वारा शांति मिशन में शहीद हुए किन भारतीय शांतिरक्षकों को डैग हैमरशॉल्ड पदक मिला –
संयुक्त राष्ट्र ने शांति मिशन में सेवा के दौरान शहीद हुए भारतीय शांतिरक्षक ब्रिगेडियर अमिताभ झा और हवलदार संजय सिंह को डैग हैमरशॉल्ड पदक से सम्मानित किया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी हरीश ने शहीद हुए शांतिरक्षकों के सम्मान में आयोजित एक समारोह में महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से ये पदक प्राप्त किए। 77वां संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिक दिवस 29 मई को मनाया गया, जिसमें 61 हजार 353 शांति सैनिकों का सम्मान किया गया, इनमें से 5 हजार 375 भारतीय सैनिक थे।
#6. भारत की पहली पेट फूड यूनिकॉर्न कंपनी कौन बनी है –
बेंगलुरु की पेट फूड कंपनी Drools अब आधिकारिक रूप से यूनिकॉर्न बन गई है, यानी इसका मूल्यांकन 1 अरब डॉलर (लगभग ₹8,300 करोड़) से अधिक हो गया है। यह मुकाम तब हासिल हुआ जब स्विट्ज़रलैंड की मशहूर कंपनी Nestle ने Drools में अल्पांश हिस्सेदारी खरीद ली। Nestle ने इस निवेश की पुष्टि की है, लेकिन यह भी स्पष्ट किया है कि Drools स्वतंत्र रूप से काम करती रहेगी और अपने सभी फैसले खुद लेगी।
#7. डॉ. समीर वी. कामत का कार्यकाल DRDO प्रमुख के रूप में अब कब तक बढ़ाया गया है –
केंद्र सरकार ने DRDO (रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन) के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत को एक और वर्ष का सेवा विस्तार प्रदान किया है। अब वे मई 2026 तक अपने पद पर बने रहेंगे। यह उनका दूसरा सेवा विस्तार है। यह विस्तार जनहित में विशेष नियमों के तहत स्वीकृत किया गया है, जो उनके कार्य के महत्व को दर्शाता है। डॉ. समीर वी. कामत भारत के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक और रक्षा अनुसंधान क्षेत्र के प्रमुख व्यक्ति हैं।
#8. Tata-Airbus द्वारा भारत की पहली निजी हेलीकॉप्टर असेंबली लाइन कहाँ स्थापित की जाएगी –
भारत की विमानन विनिर्माण क्षमताएं और भी अधिक बढ़ने वाली हैं, क्योंकि टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (टीएएसएल) और यूरोपीय एयरोस्पेस दिग्गज एयरबस ने देश की पहली निजी स्वामित्व वाली हेलीकॉप्टर फाइनल असेंबली लाइन (एफएएल) स्थापित करने के लिए हाथ मिलाया है। इस रणनीतिक कदम से भारत वैश्विक एयरोस्पेस मानचित्र पर आ गया है, जिससे स्वदेशी रक्षा और विमानन विनिर्माण केंद्र बनने की इसकी महत्वाकांक्षा को बल मिला है।
#9. विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत किस राज्य से की गई –
केंद्र सरकार के राष्ट्रव्यापी कृषि विकास अभियान, विकसित कृषि संकल्प अभियान का देश के 700 से अधिक जिलों में शुभारंभ हुआ। कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा के पुरी जिले के सखीगोपाल से विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की। श्री चौहान ने कहा कि इस पहल में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद -आईसीएआर और कृषि विज्ञान केंद्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे, ताकि लैब से लैंड कनेक्शन को मजबूत किया जा सके।
#10. विश्व भूख दिवस कब मनाया जाता है –
हर साल 28 मई को ‘विश्व भूख दिवस’ (World Hunger Day) मनाया जाता है, जो वैश्विक समुदाय को भूख और खाद्य असुरक्षा की गंभीर समस्या की याद दिलाता है। यह दिन 800 मिलियन से अधिक लोगों को प्रभावित करने वाली इस वैश्विक चुनौती के समाधान के लिए जागरूकता फैलाने और दीर्घकालिक, टिकाऊ उपायों को अपनाने की अपील करता है। इसकी शुरुआत 2011 में “द हंगर प्रोजेक्ट” (The Hunger Project) द्वारा की गई थी।



