केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉक्टर हर्ष वर्धन को अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘स्टॉप टीबी पार्टनरशिप बोर्ड’ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भारत से 2025 तक क्षय रोग को समाप्त किए जाने के अभियान में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें इस पद पर नियुक्त किया गया है।
डॉक्टर हर्षवर्धन तीन वर्ष तक इस पद पर रहेंगे। उनका कार्यकाल इस वर्ष जुलाई से शुरू होगा।
स्टॉप टीबी पार्टनरशिप एक विशिष्ट अंतर्राष्ट्रीय संस्था है, जो दुनिया भर के विभिन्न हितधारकों के साथ मिलकर क्षय रोग की रोकथाम के लिए अभियान चलती है। इस बोर्ड का विजन है ‘टीबी मुक्त विश्व’।
डॉक्टर हर्षवर्धन को इस संस्था का अध्यक्ष बनाया जाना दुनिया से टीबी को खत्म करने के लिए भारत की राजनीतिक इच्छाशक्ति का सम्मान है। स्टॉप टीबी पार्टनरशिप का गठन वर्ष 2000 में किया गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य जन स्वास्थ्य की समस्या बन चुके क्षय रोग को जड़ से खत्म करना है।