करेंट अफेयर्स क्विज – नवम्बर 2025

Current Affairs Quiz – November 2025
 

Results

#1. चाणक्य डिफेंस डायलॉग 2025 का थीम क्या था –

भारतीय सेना ने 27–28 नवंबर को नई दिल्ली में चाणक्य डिफेंस डायलॉग (Chanakya Defence Dialogue – CDD) 2025 का तीसरा संस्करण आयोजित किया। यह कार्यक्रम भारत की बदलती सुरक्षा आवश्यकताओं और वैश्विक रक्षा रुझानों के अनुरूप अपनी रक्षा रणनीति को रूपांतरित करने की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।
थीम: “Reform to Transform: सशक्त, सुरक्षित और विकसित भारत”

#2. CBDT के नए अभियान ‘NUDGE’ का मुख्य उद्देश्य क्या है?

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने करदाताओं को आयकर रिपोर्टिंग में स्वैच्छिक अनुपालन (voluntary compliance) के लिए प्रोत्साहित करने हेतु ‘NUDGE’ नामक नया जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसका पूरा नाम है Non-intrusive Usage of Data to Guide and Enable, जिसका उद्देश्य बिना हस्तक्षेप किए उपलब्ध डेटा का उपयोग करके करदाताओं को सही दिशा में मार्गदर्शन देना है।

#3. “इंडियन ऑफ द ईयर 2025 – Outstanding Achievement” पुरस्कार किसे प्रदान किया गया –

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह को “इंडियन ऑफ़ द ईयर 2025” के Outstanding Achievement श्रेणी में सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार क्रिकेट प्रशासन में उनके परिवर्तनकारी नेतृत्व, ऐतिहासिक सुधारों और महिला क्रिकेट के उत्थान में उनकी निर्णायक भूमिका को मान्यता देता है। “इंडियन ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड्स” उन भारतीयों को सम्मानित करते हैं जिन्होंने राष्ट्रीय या वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय प्रभाव डाला हो।Outstanding Achievement पुरस्कार उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने अपनी दूरदृष्टि, नवाचार और प्रभावशाली नेतृत्व से अपने क्षेत्र में परिवर्तनकारी कार्य किए हों।

#4. भारतीय नौसेना को सौंपे गए नीलगिरी क्लास के स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट का नाम क्या है –

भारतीय नौसेना के बेड़े में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। शुक्रवार को मझगांव डॉक शिप बिल्डिंग लिमिटेड (एमडीएल), मुंबई में नीलगिरी क्लास (प्रोजेक्ट 17ए) के चौथे स्वदेशी एडवांस्ड स्टील्थ फ्रिगेट ‘तारागिरी’ को भारतीय नौसेना को डिलीवर कर दिया है। यह जहाज डॉक शिप बिल्डिंग लिमिटेड की ओर से बनाए गए तीन पी17ए जहाजों में से एक है और भारतीय नौसेना के स्वदेशी युद्धपोत निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। ‘तारागिरी’ को पहले के आईएनएस तारागिरी के नए रूप के रूप में विकसित किया गया है, जो 1980 से 2013 तक भारतीय नौसेना का हिस्सा था।

#5. नई जैसलमेर–दिल्ली (शकूर बस्ती) रेल सेवा का नया नाम क्या रखा गया –

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जैसलमेर स्टेशन से नई जैसलमेर-दिल्ली (शकूर बस्ती) रेल सेवा की विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्री वैष्णव ने जनभावना को देखते हुए घोषणा की कि जैसलमेर-दिल्ली (शकूर बस्ती) एक्सप्रेस का नाम स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस रखा जाएगा।

#6. 56वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में रजनीकांत को कौन-सा सम्मान प्रदान किया गया –

56वें ​​भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के पुरस्कार समारोह में, दिग्गज अभिनेता रजनीकांत शाम के मुख्य आकर्षण रहे। उन्हें इस अवसर पर सिनेमा में उनके 50 उल्लेखनीय वर्षों के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड सम्मानित किया गया। समारोह में उत्कृष्ट फिल्मों के लिए प्रतिष्ठित गोल्डन और सिल्वर पीकॉक पुरस्कारों के साथ-साथ उत्कृष्ट फिल्मों के लिए विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

#7. एशिया पावर इंडेक्स 2025 में भारत को कौन सा स्थान प्राप्त हुआ?

ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट द्वारा जारी एशिया पावर इंडेक्स 2025 में भारत ने तीसरा स्थान हासिल किया है। यह रैंकिंग भारत की बढ़ती क्षेत्रीय और वैश्विक प्रभावशीलता का प्रमाण है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने आर्थिक शक्ति, सैन्य क्षमता और कूटनीतिक प्रभाव के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिससे वह एशिया में एक उभरती हुई “मुख्य शक्ति” (Major Power) के रूप में स्थापित हुआ है। सूचकांक में संयुक्त राज्य अमेरिका ने 81.7 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि चीन 73.7 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत तीसरे स्थान पर है, जो दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया के अन्य देशों से काफी आगे है।

#8. यूनेस्को कार्यकारी बोर्ड में भारत को किस कार्यकाल के लिए पुनः निर्वाचित किया गया है?

भारत को 2025-29 के कार्यकाल के लिए यूनेस्को कार्यकारी बोर्ड में पुनः निर्वाचित किया गया है। यूनेस्को में भारत के स्थायी प्रतिनिधिमंडल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह पुनर्निर्वाचन बहुपक्षवाद के प्रति भारत की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता और शिक्षा, संस्कृति, विज्ञान, संचार तथा सूचना के क्षेत्र में यूनेस्को के अधिदेश के प्रति अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के विश्वास को दर्शाता है।

#9. महिला प्रीमियर लीग-2026 मेगा नीलामी में सबसे कीमती खिलाड़ी कौन बनीं –

भारत की ऑलराउंडर दीप्‍ति शर्मा महिला प्रीमियर लीग-2026 (डब्‍लयूपीएल) मेगा नीलामी में सबसे कीमती खिलाड़ी बनकर उभरी हैं। अनुभवी खिलाड़ी दीप्ति को उम्मीद के मुताबिक बड़ी रकम मिली है। यूपी वॉरियर्स ने राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल करके भारत की ऑल-राउंडर को 3 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा। दीप्ति शर्मा अब डब्‍लयूपीएल इतिहास में दूसरी सबसे अधिक कीमती भारतीय खिलाड़ी हैं। वे स्‍मृति मंधाना से सिर्फ 20 लाख रूपये पीछे हैं।

#10. चक्रवात दित्वा से प्रभावित श्रीलंका की सहायता के लिए भारत ने कौन सा अभियान शुरू किया –

चक्रवात दित्वा के तेज होने के कारण श्रीलंका भयानक बाढ़, भूस्खलन और व्यापक व्यवधान से जूझ रहा है। इस आपात स्थिति में भारत ने ऑपरेशन सागर बंधु के नाम से बड़ा राहत अभियान शुरू किया है। कोलंबो में पहले से ही खड़े आईएनएस विक्रांत और आईएनएस उदयगिरि सहित समुद्री संसाधनों ने प्रभावित समुदायों के लिए कई टन राशन तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं सहित राहत सामग्री की बड़ी खेप पहुंचाई है।

#11. असम भूमि जोत सीमा निर्धारण (संशोधन) विधेयक, 2025 का मुख्य उद्देश्य क्या है?

असम विधानसभा ने असम भूमि जोत सीमा निर्धारण (संशोधन) विधेयक, 2025 पारित कर दिया। यह विधेयक लेबर लाइन में रहने वाले चाय बागानों के मज़दूरों को ज़मीन का निर्धारण देने के लिए है। इस कदम से चाय बागानों के 3 लाख 33 हज़ार से ज़्यादा मज़दूरों को ज़मीन का अधिकार मिलेगा, जो बिना किसी टाइटल के लेबर लाइन में रह रहे हैं। इस विधेयक में जोलोहा चाय बागान के मुस्लिम मज़दूरों को शामिल नहीं किया गया है।

#12. भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) 2025 में फोकस राज्य श्रेणी में स्वर्ण पदक किस राज्य ने जीता –

नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में म्यूजिकल फाउंटेन स्टेज पर भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) की ओर से आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) के 44वें संस्करण का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। आईटीपीओ के प्रबंध निदेशक डॉ. नीरज खरवाल द्वारा मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर आईआईटीएफ-2025 पुरस्कार प्रदान किए गए। भागीदार राज्य के श्रेणी में राजस्थान को स्वर्ण पदक, बिहार को रजत पदक तथा उत्तर प्रदेश को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। महाराष्ट्र को विशेष प्रशंसा पत्र मिला। फोकस राज्य श्रेणी में झारखंड को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

#13. 56वें इफ्फी में सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज़ (OTT) का पुरस्कार किसे मिला –

भारत के फलते-फूलते डिजिटल कहानी कहने के परिदृश्य के एक शानदार उत्सव में ‘बंदिश बैंडिट्स सीज़न 02’ को 56वें ​​भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2025 में सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज़ (ओटीटी) घोषित किया गया है। आनंद तिवारी द्वारा निर्देशित यह प्रशंसित हिंदी सीरीज़ अमृतपाल सिंह बिंद्रा और आनंद तिवारी द्वारा बनाई गई है, जिसका निर्माण लियो मीडिया कलेक्टिव प्राइवेट लिमिटेड ने किया है और यह अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हुई है। राजस्थान के जोधपुर की मनमोहक वादियों और शिमला की शांत पहाड़ियों की पृष्‍ठभूमि में रची गई ‘बंदिश बैंडिट्स सीज़न 02’ राधे और तमन्ना के सफ़र के ज़रिए प्यार, महत्वाकांक्षा और विरासत की अपनी खोज जारी रखता है।

#14. इफ्फी 2025 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए गोल्डन पीकॉक अवॉर्ड किस फिल्म को मिला –

समारोह में वियतनामी फिल्म “स्किन ऑफ यूथ” (Skin of Youth) ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए गोल्डन पीकॉक अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया। “स्किन ऑफ यूथ” 1990 के दशक के सैगॉन (वियतनाम) की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म की कहानी सान नामक एक ट्रांसजेंडर सेक्स वर्कर और नाम नामक एक भूमिगत फाइटर की है, जो अपने छोटे बेटे की देखभाल करता है। भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 1952 में शुरू हुआ। यह दक्षिण एशिया का सबसे पुराना और सबसे बड़ा सिनेमा उत्सव है।

#15. महिला प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल कहाँ खेला जाएगा –

महिला प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन 9 जनवरी से 5 फरवरी तक होगा। यह घोषणा गुरुवार को बीसीसीआई ने दिल्ली में की। अगले सीजन के मैच नवी मुंबई और वडोदरा में खेले जाएंगे। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में मुकाबले होंगे, जबकि फाइनल मैच वडोदरा में खेला जाएगा। महिला प्रीमियर लीग 2026, लीग का चौथा सीजन होगा। यह लीग 2023 में शुरू हुई थी।

#16. USP18 जीन म्यूटेशन से कौन-सी स्थिति संबंधित है –

भारतीय शोधकर्ताओं की एक टीम ने बच्चों में बार-बार होने वाली न्यूरोलॉजिकल गिरावट (recurrent neurological decline) से जुड़ी USP18 जीन में दुर्लभ म्यूटेशन की पहचान की है। दुनिया में इस तरह के केवल 11 मामले अब तक दर्ज किए गए थे, और भारत में यह पहला मामला है। यह शोध इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ चाइल्ड हेल्थ (बेंगलुरु) द्वारा रामजस कॉलेज (दिल्ली विश्वविद्यालय) और रेडक्लिफ लैब्स के सहयोग से किया गया है। अध्ययन को जर्नल Clinical Dysmorphology में प्रकाशित किया गया है। यह म्यूटेशन Pseudo-TORCH syndrome type-2 से संबंधित है— एक अत्यंत दुर्लभ आनुवंशिक रोग, जिसमें बच्चों में ऐसे न्यूरोलॉजिकल लक्षण दिखते हैं जो जन्मजात संक्रमण जैसे लगते हैं, जबकि कोई संक्रमण होता नहीं है।

#17. Tex-RAMPS योजना किस क्षेत्र से संबंधित है –

केंद्र सरकार ने गुरुवार को Tex-RAMPS (Textiles Focused Research, Assessment, Monitoring, Planning and Start-up) योजना को मंजूरी दे दी। यह एक बड़ी पहल है जिसका उद्देश्य भारत के टेक्सटाइल सेक्टर में शोध, नवाचार और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत बनाना है। यह योजना 2025-26 से 2030-31 की अवधि के लिए लागू होगी और इसकी कुल लागत 305 करोड़ रुपये है। इसे केन्द्रीय क्षेत्र योजना (Central Sector Scheme) के रूप में लागू किया जाएगा और पूरा खर्च टेक्सटाइल मंत्रालय वहन करेगा।

#18. इंटरनेशनल IDEA के 2026 के अध्यक्ष कौन बनेंगे –

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार 2026 के लिए अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनावी सहायता संस्थान (इंटरनेशनल आईडीईए) के अध्यक्ष बनेंगे। वे 3 दिसंबर, 2025 को स्टॉकहोम, स्वीडन में होने वाली सदस्य देशों की परिषद की बैठक में इस पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अध्यक्ष के रूप में 2026 के दौरान सभी परिषद बैठकों की अध्यक्षता भी करेंगे।

#19. राष्ट्रीय दुग्ध दिवस किसकी जयंती पर मनाया जाता है –

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस हर वर्ष 26 नवंबर को मनाया जाता है। यह दिन भारत के “श्वेत क्रांति के जनक” डॉ. वर्गीज़ कुरियन की जयंती को समर्पित है। वर्ष 2025 का समारोह न केवल उनके दूरदर्शी नेतृत्व को श्रद्धांजलि देता है, बल्कि भारत की उस अद्भुत यात्रा को भी दर्शाता है जिसमें देश एक दूध–घाटा राष्ट्र से दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक बना और आज वैश्विक उत्पादन का लगभग 25% हिस्सा अकेले भारत देता है।

#20. आंध्र प्रदेश में नए ज़िलों की संख्या कितनी हो जाएगी?

आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य में तीन नए ज़िलों के गठन को मंज़ूरी दे दी है, जिससे कुल जिलों की संख्या 26 से बढ़कर 29 हो जाएगी। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू द्वारा पारित इस प्रस्ताव में पाँच नए राजस्व प्रभागों और एक नए मंडल के गठन का भी प्रावधान है। यह प्रशासनिक पुनर्गठन बेहतर शासन, नागरिक सेवाओं की आसान पहुँच और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। नए ज़िले: पोलावरम, मार्कापुरम, मदनपल्ले

#21. (नवंबर 2025 में) Gavi और UNICEF ने किस वैक्सीन के लिए ऐतिहासिक मूल्य समझौता किया है –

Gavi (वैक्सीन एलायंस) और यूनीसेफ़ ने 24 नवंबर 2025 को R21/Matrix-M™ मलेरिया वैक्सीन के लिए एक ऐतिहासिक मूल्य समझौते की घोषणा की, जिसका उद्देश्य पहुंच और वहनीयता को बड़े पैमाने पर बढ़ाना है। मलेरिया अभी भी हर साल लगभग पाँच लाख बच्चों की जान ले लेता है, ऐसे में यह पहल दशक के अंत तक अतिरिक्त 70 लाख बच्चों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए एक बड़ा कदम है। यह सौदा गावी की अग्रिम वित्तीय सहायता से संभव हुआ है, जिसे अंतरराष्ट्रीय वित्त सुविधा फॉर इम्यूनाइज़ेशन (IFFIm) का समर्थन प्राप्त है।

#22. वर्ल्डस्किल्स एशिया 2025 में भारत ने कितने सदस्यीय दल के साथ पदार्पण किया –

भारत ने पहली बार आधिकारिक रूप से वर्ल्डस्किल्स एशिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है — यह एशिया का प्रतिष्ठित कौशल चैम्पियनशिप कार्यक्रम है, जिसमें पूरे महाद्वीप के सर्वश्रेष्ठ युवा पेशेवर भाग लेते हैं। 24 नवंबर 2025 को कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने 23-सदस्यीय भारतीय दल (21 कौशल श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेंगे) को औपचारिक रूप से रवाना किया, जो 27 नवंबर 2025 से चीनी ताइपे में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। यह पदार्पण भारत के “स्किल कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड” बनने के मिशन में एक ऐतिहासिक कदम है।

#23. ‘अजेय वारियर’ संयुक्त सैन्य अभ्यास भारत और किस देश के बीच आयोजित किया जा रहा है –

भारत और यूनाइटेड किंगडम की सेनाएं संयुक्त युद्धाभ्यास ‘अजेय वारियर’ को अंजाम दे रही हैं। इस दौरान दोनों सेनाओं ने आतंकवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का अभ्यास किया है। इस अभियान में भारत और यूके के जवान हेलीकॉप्टर की सहायता से आतंकवादियों के ठिकानों पर पहुंचे, उन पर हमला किया और आतंकी ठिकाने नष्ट करके सुरक्षित वापस निकल आए। भारतीय सेना के मुताबिक, राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में ‘अजेय वॉरियर’ भारत-यूके संयुक्त सैन्य अभ्यास चल रहा है।

#24. अभिनेता धर्मेंद्र को किस वर्ष पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था –

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन हो गया है। 89 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। 8 दिसंबर 1935 को लुधियाना में धर्मेंद्र केवल कृष्ण देओल के रूप में जन्मे, धर्मेंद्र ने 2004 से 2009 तक राजस्थान के बीकानेर का प्रतिनिधित्व करते हुए भारतीय जनता पार्टी की ओर से लोकसभा के सदस्य के रूप में भी कार्य किया। धर्मेंद्र का करियर हिंदी सिनेमा में लगभग छह दशकों का रहा है। उन्हें बॉलीवुड का ‘ही-मैन’ कहा जाता था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1960 में फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘शोला और शबनम’, ‘अनपढ़’, ‘बंदिनी’, ‘पूजा के फूल’, ‘हकीकत’, ‘फूल और पत्थर’, ‘अनुपमा’, ‘खामोशी’, ‘प्यार ही प्यार’, ‘तुम हसीन मैं जवां’, ‘सीता और गीता’, ‘यादों की बारात’ और ‘शोले’ जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया। उन्होंने अपने करियर में कई पुरस्कार भी जीते। साल 2012 में उन्हें भारत सरकार के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

#25. महिला कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल किस देश में खेला गया –

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे को हराकर दूसरी बार महिला कबड्डी वर्ल्ड कप जीत लिया। इस जीत पर पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महिला कबड्डी टीम को बधाई दी। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ढाका में महिला कबड्डी वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे को 35-28 से हराया और खिताब अपने नाम किया। यह भारत का लगातार दूसरा वर्ल्ड कप खिताब है, और इससे खेल में उनकी ताकत और साबित होती है।

#26. भारत–नेपाल का 19वां सैन्य अभ्यास ‘सूर्यकिरण’ किस स्थान पर आयोजित होगा –

भारत और नेपाल 25 नवंबर (मंगलवार) से 8 दिसंबर तक उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में सालाना बाइलेटरल मिलिट्री एक्सरसाइज सूर्यकिरण का 19वां एडिशन करने वाले हैं। इंडियन आर्मी के मुताबिक, नेपाल आर्मी के साथ इस एक्सरसाइज का मकसद जंगल में लड़ाई और पहाड़ी इलाकों में काउंटर-टेररिज्म ऑपरेशन करने में ऑपरेशनल तालमेल को मजबूत करना है। यह इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ाने के लिए खास टेक्नोलॉजी को जोड़ने पर भी फोकस करता है, साथ ही बेस्ट प्रैक्टिस शेयर करता है, जो ग्लोबल शांति और सुरक्षा के लिए भारत और नेपाल के साझा कमिटमेंट को दिखाता है।

#27. पांचवां खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल 2025 किस राज्य में आयोजित हो रहा है –

पांचवां खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल 24 नवंबर से राजस्थान में शुरू हो रहे हैं। प्रतियोगिता में ओलंपिक तैराक श्रीहरि नटराज और प्रसिद्ध तीरंदाज भजन कौर सहित लगभग 5 हजार खिलाड़ी भाग लेंगे। इस वार्षिक प्रतियोगिता में 230 से अधिक विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी 24 खेल स्‍पर्धाओं में हिस्‍सा लेंगे। ये प्रतियोगिताएं जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और बीकानेर में आयोजित होंगी।

#28. भारत ने 2025 में पहला ब्लाइंड महिला T20 वर्ल्ड कप फाइनल कहाँ जीता –

भारत ने श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित पहले-पहले ब्लाइंड महिला T20 वर्ल्ड कप में नेपाल को सात विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। 23 नवंबर 2025 को प्रतिष्ठित पी. सारा ओवल मैदान पर खेले गए इस फाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता। यह जीत न केवल भारत को इस प्रारूप का पहला विश्व चैंपियन बनाती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकलांगता खेलों को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

#29. UNOCHA की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार 2025 में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मानवीय दानदाता कौन है –

संयुक्त राष्ट्र मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (UNOCHA) द्वारा जारी नवीनतम आँकड़ों के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को वर्ष 2025 में वैश्विक स्तर पर तीसरा सबसे बड़ा मानवीय सहायता प्रदाता घोषित किया गया है। यूएन की Financial Tracking Service (FTS) रिपोर्ट बताती है कि यूएई ने इस वर्ष 1.46 बिलियन अमेरिकी डॉलर की मानवीय सहायता प्रदान की, जो वैश्विक स्तर पर दर्ज कुल सहायता का 7.2% है। यूएई इस सूची में अमेरिका और यूरोपीय संघ के बाद तीसरे स्थान पर रहा और अंतरराष्ट्रीय मानवीय सहायता देने वाले सभी अन्य देशों से आगे रहा।

#30. भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा विकसित नया Zn-V2O5 कैथोड मटेरियल किस प्रकार की बैटरियों के लिए है –

बेंगलुरु स्थित एक सरकारी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों ने पर्यावरण-अनुकूल जिंक-आयन बैटरियों के लिए एक नया कैथोड पदार्थ विकसित किया है, जिससे ऊर्जा भंडारण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। यह जानकारी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने शुक्रवार को दी। शोधकर्ताओं ने आमतौर पर प्रयोग किए जाने वाले बैटरी पदार्थ वेनेडियम ऑक्साइड में एक विशेष “थर्मो-इलेक्ट्रोकेमिकल सक्रियण प्रक्रिया” के माध्यम से नियंत्रित संरचनात्मक परिवर्तन किए। इस तकनीक से तैयार नया पदार्थ ज़िंक-वेनेडियम ऑक्साइड (Zn-V2O5) बैटरी में जिंक आयनों की आवाजाही को तेज़ करता है, संरचनात्मक स्थिरता बढ़ाता है और अधिक ऊर्जा संग्रहीत करने में सक्षम बनाता है।

#31. इस वर्ष का G-20 लीडर्स समिट किस देश में आयोजित हो रहा है –

पीएम मोदी अपने तीन दिवसीय दक्षिण अफ्रीका दौरे के क्रम में शुक्रवार को जोहान्सबर्ग पहुंचे। यहां उनका गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया गया। वह दक्षिण अफ्रीका की ओर से आयोजित होने वाले ‘G-20 लीडर्स’ समिट में हिस्सा लेंगे। ‘G-20 लीडर्स’ समिट का आयोजन जोहान्सबर्ग में होगा। यह विकासशील देशों में आयोजित होने वाला लगातार चौथा G20 समिट होगा। समिट में प्रधानमंत्री मोदी ‘G-20’ एजेंडा पर भारत का दृष्टिकोण पेश करेंगे। उनके समिट के तीनों सत्रों में संबोधित करने की उम्मीद है। इस साल के G-20 की थीम ‘एकजुटता, समानता और सस्टेनेबिलिटी’ है, जिसके जरिए साउथ अफ्रीका ने भारत और ब्राजील में हुए पिछले आयोजनों के नतीजों को आगे बढ़ाया है।

#32. वर्ष 2024–25 में भारत का रक्षा उत्पादन कितना रहा –

भारत ने वर्ष 2024-25 में एक लाख 54 हज़ार करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक रक्षा निर्माण किया है। वर्ष 2024-25 में रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 23 हज़ार 622 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है जबकि 2014 में यह एक हजार करोड़ रूपये से भी कम था। रक्षा उत्पादन में यह वृद्धि पिछले एक दशक में देश के सैन्य औद्योगिक आधार को दिए गए भारी आवंटन और नीतिगत समर्थन का परिणाम है।

#33. COP30 का आयोजन किस देश के बेलेम शहर में हुआ –

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने ब्राजील के बेलेम में संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन ऑन क्लाइमेट चेंज (यूएनएफसीसीसी) के तहत 30वें कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज (सीओपी30) के मौके पर दुनिया के नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें कीं। भूपेंद्र यादव ने कहा कि भारत स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने के लिए तेजी से कम उठा रहा है। देश दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी उत्पादक और तीसरा सबसे बड़ा सोलर पावर उत्पादक बन गया है।

#34. मिस यूनिवर्स 2025 का खिताब किसने जीता –

मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के 74वें संस्करण ने वैश्विक सौंदर्य मंच पर एक और यादगार क्षण जोड़ दिया। थाईलैंड में आयोजित इस 2025 आयोजन में संस्कृति, प्रतियोगिता और विश्वस्तरीय प्रस्तुतियों का अनोखा संगम देखने को मिला। ग्रैंड फिनाले में मेक्सिको की फ़ातिमा बोश ने ताज अपने नाम किया, जिससे उनके देश ने गर्व का एक और अवसर हासिल किया।

#35. इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार (2024) किसे दिया गया –

मिशेल बैचलेट — चिली की पहली और एकमात्र महिला राष्ट्रपति तथा संयुक्त राष्ट्र की पूर्व मानवाधिकार उच्चायुक्त — को 20 नवंबर 2025 को नई दिल्ली में इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार (2024) से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा प्रदान किया गया। यह सम्मान बाचेलेट के आजीवन मानवाधिकार, लैंगिक समानता और वैश्विक न्याय के प्रति योगदान को मान्यता देता है।

#36. सुप्रीम कोर्ट ने ट्रिब्यूनल रिफॉर्म्स एक्ट 2021 को क्यों असंवैधानिक घोषित किया –

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार ट्रिब्यूनल रिफॉर्म्स एक्ट 2021 को लेकर बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने एक्ट के प्रमुख प्रावधानों को असंवैधानिक घोषित कर दिया है। ये प्रावधान विभिन्न अधिकरणों के सदस्यों की नियुक्ति, सेवा की शर्तों और कार्यकाल से जुड़े थे। चीफ जस्टिस बी. आर. गवई और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने कहा कि ट्रिब्यूनल रिफॉर्म्स एक्ट 2021 शक्तियों के पृथक्करण और न्यायपालिका की स्वतंत्रता के सिद्धांतों का घोर उल्लंघन करता है। कोर्ट ने केंद्र सरकार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पहले रद्द किए गए प्रावधानों को मामूली बदलाव के साथ दोबारा लागू करना न्यायिक फैसलों का अपमान है। पूरे मामले का बैकग्राउंड 2020 से जुड़ा है। नवंबर 2020 में सुप्रीम कोर्ट ने ट्रिब्यूनल के अध्यक्ष और सदस्यों का कार्यकाल पांच साल तय किया था। लेकिन केंद्र ने 2021 में अध्यादेश जारी कर इसे चार साल कर दिया। जुलाई 2021 में कोर्ट ने इस अध्यादेश को रद्द कर दिया। इसके बावजूद अगस्त 2021 में संसद ने ट्रिब्यूनल रिफॉर्म्स बिल पास किया, जिसमें समान प्रावधान दोबारा जोड़े गए।

#37. अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 का साझेदार देश कौन है –

हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने कुरुक्षेत्र में सरस एवं शिल्प मेले का उद्घाटन किया और इसके साथ ही 21 दिवसीय 10 वें अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2025 का शुभारंभ हुआ। उन्होंने भगवद् गीता की एक प्रति पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और ब्रह्म सरोवर के तट पर लगे सरस एवं शिल्प मेले का दौरा किया। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 के लिए इंग्लैंड को साझेदार देश घोषित किया गया और मध्य प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 का भागीदार राज्य है। घोष ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2025 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक चलेगा और मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक आठ दिनों तक चलेंगे।

#38. तेलंगाना सरकार की नई ‘मीसेवा’ सेवा किस प्लेटफॉर्म पर शुरू की गई है?

तेलंगाना सरकार ने लगभग 40 विभागों में सरकार-से-नागरिक सेवाओं तक पहुंच में सुधार लाने के लिए व्हाट्सएप पर मीसेवा शुरू की है। मीसेवा एक उन्नत, संवादात्मक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस संचालित मंच है। इस मंच पर नागरिकों को एक सरल चैट इंटरफ़ेस के माध्यम से सरकारी सेवाओं तक पहुंचन में सहायता मिलेगी। राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी और उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने इस सेवा का शुभारंभ किया।

#39. ‘युवा एआई फॉर ऑल’ किस मंत्रालय द्वारा लॉन्च किया गया है?

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) ने भारत एआई मिशन के अंतर्गत, ‘युवा एआई फॉर ऑल’ का शुभारंभ किया है। यह अपनी तरह का पहला निःशुल्क पाठ्यक्रम है जो सभी भारतीयों, विशेषरूप से युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की दुनिया से परिचित कराता है। यह छोटा, 4.5 घंटे का स्व-गतिशील पाठ्यक्रम विद्यार्थियों, पेशेवरों और अन्य जिज्ञासु शिक्षार्थियों को एआई की मूल बातें समझाने और यह दिखाने के लिए डिज़ाइन किया गया है कि यह दुनिया को कैसे बदल रहा है।

#40. 20वां अंतर्राष्ट्रीय त्रिपिटक जप समारोह 2025 किस स्थान पर आयोजित किया जा रहा है –

बौद्ध विरासत और अंतर-सामुदायिक सहयोग के एक ऐतिहासिक क्षण में, भारत के 17 बौद्ध संगठन पहली बार बिहार के बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर में 20वें वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय त्रिपिटक जप समारोह का सामूहिक आयोजन करने के लिए एक साथ आए हैं। 2006 से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह आयोजन 2-13 दिसंबर 2025 तक चलेगा, जिसके बाद जेठियन घाटी से राजगीर के वेणुवन के बांस के बाग तक पारंपरिक स्मारक पदयात्रा होगी।

#41. स्मार्ट मैलाथियान डिटेक्शन डिवाइस (Smart MDD) किस संस्थान के शोधकर्ताओं द्वारा विकसित किया गया?

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास और पंजाब विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने मिलकर एक ऐसा डिवाइस बनाया है जो कीटनाशकों की बखूबी पहचान करता है। ये एक ऐसा पोर्टेबल, स्वचालित ऑप्टिकल उपकरण है जो पानी, भोजन और पर्यावरण में मौजूद कीटनाशक का पता लगाने में सक्षम है। ये कीटनाशक अवशेषों की अत्यंत कम सांद्रता का पता लगा सकता है जो मानव और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं। ये ऐसा डिवाइस है जो आसानी से किसी भी क्षेत्र में लगाया जा सकता है, यूजर फ्रेंडली है और अति संवेदनशील कीटनाशकों का पता लगाने में समर्थ है। नया ‘स्मार्ट एमडीडी (मैलाथियान डिटेक्शन डिवाइस)’ एक कलरमेट्रिक (एक ऐसी विधि जिसका उपयोग किसी घोल में किसी रासायनिक यौगिक की सांद्रता मापने के लिए किया जाता है) डिटेक्शन प्रणाली है जिसमें एप्टामर अणु के साथ स्वर्ण नैनोकणों (एयूएनपी) का उपयोग किया गया है। ये मैलाथियान को विशेष रूप से पहचानने के लिए डिजाइन किए गए हैं।

#42. नासा का Sentinel-6B सैटेलाइट किस उद्देश्य से बनाया गया है?

SpaceX ने सोमवार को नासा का ‘Sentinel-6B’ सैटेलाइट सफलतापूर्वक लॉन्च किया है। यह सैटेलाइट समुद्र के बढ़ते जलस्तर की निगरानी करने के लिए तैयार किया गया है। Sentinel-6B एक अर्थ-ऑब्जर्विंग सैटेलाइट है, जिसे NASA ने अमेरिका और यूरोपीय साझेदारों के साथ मिलकर विकसित किया है। इसका मुख्य काम दुनिया के महासागरों का अध्ययन करना और समुद्र के जलस्तर में होने वाले बदलावों को मापना है।

#43. किस राज्य में दल बदल कानून के तहत पहली बार हाईकोर्ट ने विधायक की सदस्यता रद्द करने का निर्णय दिया –

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने एक मिसाल क़ायम करते हुए अहम आदेश दिया है, हाई कोर्ट ने इस आदेश में टीएमसी नेता मुकुल रॉय की विधान सभा की सदस्यता तत्कालीन प्रभाव से रद्द कर दी है। न्यायमूर्ति देवांग्सु बसाक व न्यायमूर्ति मोहम्मद शब्बार राशिदी की खंडपीठ ने ये फ़ैसला सुनाया है। ये पहली बार है जब हाई कोर्ट ने सीधे तौर पर एक विधायक की सदस्यता को “दल बदल कानून” के तहत रद्द का है। रॉय ने मई-2021 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर कृष्णनगर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से जीत प्राप्त की थी। उसके बाद जून 2021 में वे तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल हो गए थे। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी व भाजपा विधायक अंबिका रॉय ने मुकुल रॉय के पार्टी छोड़ने पर दलबदल कानून के तहत कोर्ट में केस किया।

#44. अभ्यास ‘अजेय वारियर 2025’ भारत और किस देश के बीच आयोजित किया जा रहा है –

भारत और ब्रिटेन के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘अजेय वारियर 2025’ सोमवार को शुरू हो गया। यह अभ्यास राजस्थान स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के फॉरेन ट्रेनिंग नोड में हो रहा है। दोनों देशों के बीच सामरिक सहयोग को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए यह द्विपक्षीय अभ्यास 17 से 30 नवंबर तक जारी रहेगा। यह सैन्य अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं के बीच बढ़ते रणनीतिक विश्वास का प्रतीक भी है।

#45. मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल की पक्षकारों की 37वीं बैठक (MOP-37) कहाँ आयोजित हुई?

मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल के पक्षकारों की एमओपी37, 3 से 7 नवंबर 2025 तक केन्या के नैरोबी स्थित संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) के मुख्यालय में आयोजित हुई। इससे पहले 2 नवंबर, 2025 को मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल के कार्यान्वयन को सुगम बनाने पर एक अनौपचारिक बैठक हुई। इस महत्त्वपूर्ण मील के पत्थर का स्मरण करते हुए, सभी पक्ष ओज़ोन परत और जलवायु दोनों की सुरक्षा में और प्रगति करने के लिए कन्वेंशन की सफलता का लाभ उठाने की तैयारी कर रहे हैं। वर्ष 1985 और 1987 में, क्रमशः वियना कन्वेंशन और उसके मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल को अपनाया गया था ताकि समताप मंडल की ओज़ोन परत की रक्षा की जा सके।

#46. भारत का पहला रिवर टर्मिनल किस स्थान पर inaugurated किया गया –

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने असम के गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी पर एक नदी टर्मिनल का उद्घाटन किया, जिसे भारत में अपनी तरह का पहला टर्मिनल बताया जा रहा है। गेटवे ऑफ़ गुवाहाटी टर्मिनल और जेट्टी, जिसका उन्होंने उद्घाटन किया, असम अंतर्देशीय जल परिवहन विकास सोसाइटी द्वारा 304.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक कार्यात्मक फ़्लोटिंग टर्मिनल है। उन्होंने गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र रिवरफ्रंट का भी उद्घाटन किया, जो गुवाहाटी स्मार्ट सिटी परियोजना का एक हिस्सा है, जो नदी के किनारे 1.2 किलोमीटर के हिस्से पर एक सैरगाह होगा।

#47. जर्मनवॉच के जलवायु जोखिम सूचकांक (CRI) 2026 में वर्ष 1995-2024 की अवधि के दौरान भारत का स्थान क्या रहा –

जर्मनवॉच द्वारा प्रकाशित एक नई रिपोर्ट, जलवायु जोखिम सूचकांक (सीआरआई) 2026, जो 11 नवंबर, 2025 को बेलेम में आयोजित COP30 में जारी की गई, के अनुसार वर्ष 1995 और 2024 के बीच 9,700 से अधिक चरम मौसम की घटनाओं से 8,32,000 से अधिक लोग मारे गए, लगभग 5.7 अरब लोग प्रभावित हुए और आर्थिक नुकसान 4.5 ट्रिलियन डॉलर (मुद्रास्फीति-समायोजित) से अधिक हो गया। जर्मनवॉच एक बॉन-स्थित पर्यावरण एवं विकास संगठन है जो जलवायु नीति में वैश्विक समानता और स्थिरता की वकालत करता है।
शीर्ष 3 सबसे अधिक प्रभावित देश – डोमिनिका, म्यांमार और होंडुरास।
निरंतर खतरों की श्रेणी – भारत, फिलीपींस, निकारागुआ और हैती।
वर्ष 1995-2024 की अवधि के दौरान सबसे अधिक प्रभावित देशों में भारत 9वें स्थान पर है, जहाँ बार-बार बाढ़, चक्रवात, सूखा और लगातार बढ़ती भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

#48. OpenAI द्वारा जारी ‘IndQA’ बेंचमार्क में कितनी भारतीय भाषाएँ शामिल हैं –

OpenAI ने आधिकारिक रूप से IndQA (इंडक्यूए) नामक एक नया बहुभाषी और संस्कृति-संवेदनशील बेंचमार्क लॉन्च किया है, जो यह मूल्यांकन करने के लिए बनाया गया है कि एआई मॉडल भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक संदर्भों में आधारित प्रश्नों को कितनी प्रभावी ढंग से समझ और विश्लेषण कर सकते हैं।यह पहल 4 नवंबर 2025 को जारी की गई और यह OpenAI का पहला क्षेत्र-विशिष्ट (region-specific) बेंचमार्क है। इसका उद्देश्य भारत की भाषाई विविधता, सांस्कृतिक सूक्ष्मताओं और संदर्भगत समझ को मापना है। भारत, ChatGPT के लिए OpenAI का दूसरा सबसे बड़ा उपयोगकर्ता बाजार है। IndQA का पूरा नाम Indian Question-Answering Benchmark है। IndQA में कुल 11 भारतीय भाषाएँ शामिल हैं — जैसे हिंदी, हिंग्लिश, गुजराती, पंजाबी, तमिल, तेलुगु आदि — ताकि AI मॉडलों की भारतीय भाषाई समझ का मूल्यांकन किया जा सके।

#49. भारत ने बहरीन में हुए 2025 एशियाई युवा खेलों में कुल कितने पदक जीते?

भारत बहरीन में 2025 एशियाई युवा खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 13 स्वर्ण, 18 रजत और 17 कांस्य सहित 48 पदक के साथ छठे स्थान पर रहा। यह 2009 और 2013 के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है। प्रतियोगिता में 222 भारतीय खिलाड़ियों के विशाल दल ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इसमें लड़कियों की कबड्डी टीम का देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतना, भारोत्तोलन में प्रीतिस्मिता भोई का नया युवा विश्व रिकॉर्ड स्थापित करना और मुक्केबाजी तथा बीच कुश्ती में सात स्वर्ण पदकों जीतकर शानदार प्रदर्शन करना शामिल है। इस प्रदर्शन की बदौलत भारत ने 2026 युवा ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर ऐतिहासिक उपलब्धि की है। महाद्वीपीय प्रतियोगिता एशियाई युवा खेल 12 साल बाद वापसी कर रहा

#50. केंद्र सरकार एआई पर पाठ्यक्रम किस कक्षा से शुरू करने जा रही है –

केंद्र सरकार ने कहा है कि कक्षा 3 से सभी स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। शिक्षा मंत्रालय ने कहा है कि यह पहल जटिल चुनौतियों को हल करने के लिए एआई के नैतिक उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह तकनीक कक्षा 3 से शुरू होकर आधारभूत स्तर से ही अंतर्निहित हो जाएगी। उन्‍होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कम्प्यूटेशनल सोच सीखने और सिखाने की अवधारणा को मजबूत करेगी। मंत्रालय ने आगे बताया कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड -सीबीएसई ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कम्प्यूटेशनल सोच पाठ्यक्रम विकसित करने के लिए आईआईटी मद्रास के प्रोफेसर कार्तिक रमन की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है।

Previous
Finish

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *