करेंट अफेयर्स क्विज – दिसम्बर 2025

current-affairs-quiz-december-2025
 

Results

#1. भीम (BHIM) ऐप की शुरुआत किस संस्था द्वारा की गई थी?

30 दिसंबर भीम यानी भारत इंटरफेस फॉर मनी ऐप की 9वीं वर्षगांठ है। भारतीय राष्‍ट्रीय भुगतान निगम का भीम एप की वर्ष 2016 में इसी दिन शुरूआत हुई थी। इस वर्ष 28 दिसंबर तक भीम एप के माध्‍यम से 64 हजार करोड़ रुपये से अधिक के 66 करोड़ 30 लाख से अधिक लेनदेन दर्ज किए गए हैं।

#2. पारंपरिक डाक सेवा को बंद करने वाला दुनिया का पहला देश कौन-सा बन गया है?

डेनमार्क पारंपरिक डाक सेवा को बंद करने वाला पहला देश बन गया है। डेनमार्क में, पत्र वितरण की चार सौ साल पुरानी व्यवस्था इस सप्ताह बंद कर दी गई। डिजिटल संवाद बढ़ने और सरकारी डाक सेवा में 90 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के बाद यह फैसला लिया गया। हालांकि, पत्र पहुंचाने के लिए निजी शिपिंग और डाक सेवा जारी रहेगी।

#3. ‘IndiaAI Mission’ के अंतर्गत अगले पाँच वर्षों में कितने रुपये से अधिक का बजट निर्धारित किया गया है?

भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के एक नए युग के मुहाने पर खड़ा है। सरकार ने ‘IndiaAI Mission’ के तहत अगले पांच वर्षों में 10,300 करोड़ रुपये से अधिक का बजट तय किया है और अब तक 38,000 GPUs तैनात किए जा चुके हैं। इसका मकसद देश में मजबूत और आत्मनिर्भर AI इकोसिस्टम तैयार करना है। सरकार की योजना कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, देश में ही AI मॉडल विकसित करने, स्टार्टअप्स को समर्थन देने और आम लोगों तक AI तकनीक की पहुंच बढ़ाने की है। खेती, स्वास्थ्य, शिक्षा और शासन जैसे क्षेत्रों में AI के इस्तेमाल से इसके व्यावहारिक और सकारात्मक नतीजे सामने आने लगे हैं।

#4. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में कहाँ भाग लिया –

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने झारखंड के जमशेदपुर के करंडीह इलाके में दिशोम जाहेरथान में संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में भाग लिया। राष्ट्रपति ने जाहेरथान में पारंपरिक पूजा-अर्चना की और ओल चिकी लिपि के जनक पंडित रघुनाथ मुर्मु की प्रतिमा पर माल्‍यापर्ण किया। 22वें परसी महा संथाली सम्मेलन में अपनी मातृभाषा संथाली में बोलते हुए राष्ट्रपति ने संविधान को ओल चिकी लिपि में संथाली भाषा में अनुवाद के प्रयासों की सराहना की।

#5. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किस स्वदेशी पनडुब्बी पर ऐतिहासिक यात्रा की?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रविवार को भारतीय नौसेना की स्वदेशी रूप से निर्मित कलवरी श्रेणी की पनडुब्बी आईएनएस वाघशीर पर सवार हुईं। भारत की सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रविवार को कर्नाटक के कारवार नौसैनिक अड्डे पर पहुंची थीं। इस विशेष अभियान में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी भी मौजूद रहे। यह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का कलवरी क्लास की पनडुब्बी पर यह पहला दौरा था। भारतीय इतिहास में ऐसा करने वाली वह दूसरी राष्ट्रपति हैं। उनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने एक पनडुब्बी पर सॉर्टी की थी। आईएनएस वाघशीर, प्रोजेक्ट 75 के तहत निर्मित, अत्याधुनिक सेंसर, हथियारों और ध्वनि-रहित संचालन क्षमता से लैस है, जो इसे हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की समुद्री शक्ति का एक महत्वपूर्ण साधन बनाता है।

#6. अगरबत्तियों के लिए जारी पहला भारतीय मानक कौन-सा है –

उपभोक्ता सुरक्षा और उत्पाद गुणवत्ता को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने अगरबत्तियों (अगारबत्ती) के लिए भारत का पहला मानक अधिसूचित किया है। यह नया मानक IS 19412:2025 है, जिसे राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस 2025 के अवसर पर घोषित किया गया। इस मानक में कच्चे माल, जलने की क्षमता, सुगंध की गुणवत्ता और रासायनिक सुरक्षा से जुड़े व्यापक नियम तय किए गए हैं, साथ ही कई हानिकारक रसायनों पर स्पष्ट प्रतिबंध लगाया गया है।

#7. हाल ही में (दिसंबर 2025 में) नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने किन दो नई एयरलाइनों को NOC प्रदान किया है –

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दो नई एयरलाइनों अल हिंद एयर (Al Hind Air) और फ्लाईएक्सप्रेस (FlyExpress) को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) प्रदान कर दिया है। इन मंजूरियों के साथ ही वर्ष 2026 में इनके व्यावसायिक संचालन का रास्ता साफ हो गया है। इनके अलावा शंख एयर (Shankh Air), जिसे पहले ही NOC मिल चुका है, के भी अगले वर्ष परिचालन शुरू करने की उम्मीद है।

#8. गुजरात को ऑल इंडिया टाइगर एस्टिमेशन (AITE) 2026 में किस अभयारण्य में बाघ की निरंतर उपस्थिति के आधार पर शामिल किया गया –

वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में गुजरात को 33 वर्षों के अंतराल के बाद आधिकारिक रूप से पुनः ‘टाइगर स्टेट’ (बाघ-धारी राज्य) के रूप में बहाल किया गया है। यह निर्णय राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) द्वारा लिया गया है, जिसने रतनमहल अभयारण्य में बाघ की निरंतर उपस्थिति के ठोस प्रमाणों के आधार पर गुजरात को ऑल इंडिया टाइगर एस्टिमेशन (AITE) 2026 में शामिल करने की पुष्टि की है। यह कदम प्रोजेक्ट टाइगर के तहत भारत की संरक्षण कहानी को और सशक्त करता है। गुजरात आख़िरी बार 1989 की राष्ट्रीय बाघ गणना में शामिल हुआ था, जब वन अधिकारियों ने बाघ के पगचिह्न दर्ज किए थे, लेकिन पुष्ट दृश्य/भौतिक प्रमाण उपलब्ध नहीं थे।

#9. एशियाई युवा पैरा गेम्स 2025 में भारत ने पदक तालिका में कौन-सा स्थान प्राप्त किया?

एशियाई युवा पैरा गेम्स (APYG) 2025 का आयोजन 7 से 14 दिसंबर, 2025 तक दुबई, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में किया गया था। भारत 102 पदकों के साथ पदक तालिका में 7वें स्थान पर रहा, जिसमें 36 स्वर्ण, 28 रजत और 38 कांस्य पदक शामिल हैं, जिसमें लड़के और लड़कियाँ दोनों शामिल हैं। 2025 APYG दुबई में दूसरी बार आयोजित किया गया है। इससे पहले, इसने 2017 में इस इवेंट की मेज़बानी की थी। उज़्बेकिस्तान 197 मेडल्स के साथ पहले स्थान पर रहा, जिसमें 99 गोल्ड, 57 सिल्वर और 41 ब्रॉन्ज़ शामिल थे।

#10. COP17 जैव विविधता सम्मेलन का आयोजन किस देश में किया जाएगा –

आर्मेनिया ने जैव विविधता पर सम्मेलन (Convention on Biological Diversity) के 17वें पक्षकार सम्मेलन (COP17) का आधिकारिक लोगो जारी किया है। इस प्रतीक के केंद्र में एक दुर्लभ नीली तितली Polyommatus eriwanensis, जिसे एरिवान एनोमलस ब्लू (Erivan Anomalous Blue) कहा जाता है, को दर्शाया गया है। यह प्रजाति केवल येरेवन और उसके आसपास पाई जाती है। लोगो के साथ दिया गया नारा “Taking action for nature” (प्रकृति के लिए कार्रवाई) COP17 की भावना को दर्शाता है, जिसकी मेज़बानी अक्टूबर 2026 में आर्मेनिया करेगा।

#11. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार किन आयु वर्ग के बच्चों को दिया जाता है –

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को वीर बाल दिवस के अवसर पर देश के 20 प्रतिभाशाली बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 5 से 18 वर्ष की आयु के उन बच्चों को दिया जाता है, जिन्होंने साहस, खेल, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एवं नवाचार, समाज सेवा, कला और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान देकर देश का नाम रोशन किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2022 से 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसके पीछे इतिहास का एक अत्यंत प्रेरक अध्याय जुड़ा हुआ है। उन्होंने सिख पंथ के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और उनके चार साहिबजादों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि लगभग 320 वर्ष पूर्व सत्य और न्याय की रक्षा के लिए उन्होंने अद्वितीय साहस का परिचय दिया।

#12. राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस 2025 किस तिथि को मनाया गया –

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस 2025, 24 दिसंबर को “डिजिटल न्याय के माध्यम से तीव्र और कुशल समाधान” शीर्षक के तहत मनाया गया, जिसमें उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत भारत के डिजिटल उपभोक्ता शिकायत समाधान सुधारों और ई-जागरूकता तथा राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन जैसे मंचों पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस वर्ष 2025 में यह दिवस “डिजिटल न्याय के माध्यम से कुशल और त्वरित समाधान” थीम के अंतर्गत मनाया जाएगा।

#13. MAVEN अंतरिक्ष यान का पूरा नाम क्या है –

नासा के मेवेन मार्स ऑर्बिटर ने मंगल ग्रह के वायुमंडल का एक दशक से अधिक समय तक अध्ययन किया है। इंजीनियर असामान्य घूर्णन और कक्षा में संभावित बदलाव के संकेत मिलने के बाद संचार पुनर्स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का लंबे समय से मंगल ग्रह की परिक्रमा कर रहे यान मेवेन से संप्रेषण बाधित हो गया है, जिससे वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय में चिंता का माहौल बन गया है। यह अंतरिक्ष यान, जो 2014 से मंगल की कक्षा में है, अचानक दिसंबर की शुरुआत में निष्क्रिय हो गया। MAVEN का पूरा नाम Mars Atmosphere and Volatile Evolution है। इस मिशन को NASA ने नवंबर 2013 में लॉन्च किया था ताकि यह अध्ययन किया जा सके कि मंगल ग्रह ने अरबों वर्षों में अपना अधिकांश वायुमंडल कैसे खो दिया।

#14. ओडिशा कैबिनेट द्वारा स्वीकृत ‘बारापुत्र ऐतिहासिक ग्राम योजना’ का मुख्य उद्देश्य क्या है –

ओडिशा कैबिनेट ने बुधवार को कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी, जिनमें ‘बारापुत्र ऐतिहासिक ग्राम योजना’ को लागू करने का निर्णय भी शामिल है। इस योजना का उद्देश्य राज्य के महान सपूतों को सम्मानित करना है, जिसके तहत उनके जन्मस्थलों को स्थानीय विरासत केंद्रों (लोकल हेरिटेज सेंटर्स) के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार ने मूर्त और अमूर्त विरासत के संरक्षण, समुदाय-आधारित सांस्कृतिक संरक्षण को बढ़ावा देने और राज्य में स्थानीय विरासत परिसंपत्तियों के सृजन के उद्देश्य से ‘बारापुत्र ऐतिहासिक ग्राम योजना’ को एक संरचित और बजट-समर्थित पहल के रूप में लागू करने का निर्णय लिया है।

#15. WHO की 2025 की नई गाइडलाइंस के अनुसार, किस CD4 काउंट से कम होने पर व्यक्ति को एडवांस्ड HIV डिज़ीज माना जाता है –

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने HIV से पीड़ित लोगों में बीमारी की गंभीर स्थिति की पहचान के लिए CD4 टेस्ट को सबसे ज़रूरी जांच बताया है। WHO ने इसे अपनी 2025 की नई गाइडलाइंस में शामिल किया है। WHO के अनुसार, जब किसी व्यक्ति का CD4 काउंट 200 सेल्स/mm³ से कम हो जाता है, तो उसे एडवांस्ड HIV डिज़ीज माना जाता है। यही स्थिति AIDS से होने वाली मौतों का सबसे बड़ा कारण है। यह समस्या उन देशों में भी बनी हुई है जहाँ HIV की जांच और इलाज की अच्छी व्यवस्था है।

#16. 23 दिसंबर को ‘किसान दिवस’ किस नेता के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है –

1902 में उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में जन्मे चौधरी चरण सिंह भारतीय राजनीति में किसानों की सशक्त आवाज के रूप में पहचाने जाते हैं। वे देश के पांचवें प्रधानमंत्री रहे और अपना संपूर्ण राजनीतिक जीवन ग्रामीण भारत, कृषि सुधार और किसान कल्याण को समर्पित किया। उनके विचारों और नीतियों का केंद्र बिंदु हमेशा अन्नदाता रहा। किसानों के हितों में दिए गए उनके अतुलनीय योगदान को सम्मान देने के लिए 23 दिसंबर, उनके जन्मदिवस को देशभर में ‘किसान दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

#17. भारत में Google की Android Emergency Location Service (ELS) को 112 सेवाओं के साथ सबसे पहले किस राज्य में एकीकृत किया गया है –

टेक कंपनी Google ने भारत में एंड्रॉयड स्मार्टफोन के लिए अपनी Emergency Location Service (ELS) को सक्रिय कर दिया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है, जहां इस उन्नत कॉलर लोकेशन तकनीक को 112 इमरजेंसी सेवाओं के साथ पूरी तरह एकीकृत किया गया है। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अब एंड्रॉयड फोन से 112 पर कॉल या SMS करने पर कॉलर की सटीक लोकेशन अपने आप इमरजेंसी रिस्पॉन्डर्स तक पहुंच जाएगी।

#18. इसरो का एलवीएम-3 एम-6 मिशन किस सैटेलाइट को ऑर्बिट में ले गया –

इसरो का एलवीएम-3 एम-6 मिशन सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च हुआ। यह मिशन अमेरिका-बेस्ड एएसटी स्पेस मोबाइल के साथ एक कमर्शियल डील के तहत ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 सैटेलाइट को ऑर्बिट में ले गया। यह मिशन अगली पीढ़ी के कम्युनिकेशन सैटेलाइट को ऑर्बिट में तैनात करेगा, जिसे दुनिया भर के स्मार्टफोन को सीधे हाई-स्पीड सेलुलर ब्रॉडबैंड देने के लिए डिजाइन किया गया है। ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 स्पेसक्राफ्ट एलवीएम-3 रॉकेट के इतिहास में लो अर्थ ऑर्बिट में लॉन्च किया जाने वाला सबसे भारी पेलोड है, जिसका वजन 6.5 टन है। लो अर्थ ऑर्बिट (एलईओ) सैटेलाइट 19 अक्टूबर को अमेरिका से भारत आया। यह अमेरिका और इसरो के बीच दूसरा कोलेबोरेशन है। जुलाई में, इसरो ने 1.5 बिलियन डॉलर का नासा-इसरो सिंथेटिक अपर्चर रडार मिशन (निसार) सफलतापूर्वक लॉन्च किया था, जिसका मकसद कोहरे, घने बादलों और बर्फ की परतों को भेदने की कैपेसिटी के साथ हाई-रिजॉल्यूशन अर्थ स्कैन लेना है।

#19. संथाली भाषा को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में किस वर्ष शामिल किया गया था –

संथाली भाषा लिखने, बोलने और पढ़ने वाले देश-विदेश में फैले करीब 80 लाख से अधिक लोगों के लिए 22 दिसंबर बेहद अहम तारीख है। दशकों से उठती मांग और लंबे आंदोलन के बाद वर्ष 2003 में इसी तारीख को संथाली को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया और तभी से इस दिन को संथाली विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और असम के अलावा बांग्लादेश, नेपाल और भूटान के कई आदिवासी अंचलों की प्रमुख भाषा संथाली अब गांवों की चौपालों तक सीमित नहीं रही। देश की संसद में भी इसकी गूंज सुनाई दे रही है। लोकसभा की कार्यवाही का अनुवाद इसी वर्ष से संथाली में शुरू हुआ है।

#20. भारत–न्यूजीलैंड FTA में कुल कितने सेवा क्षेत्र शामिल किए गए हैं –

भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता-(एफटीए) वार्ता के बाद भारत द्वारा न्यूजीलैंड को निर्यात किए जाने वाले माल पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। यह मुक्त व्यापार समझौता न्यूजीलैंड में भारतीय निर्यात के लिए बाजार पहुंच और शुल्‍क वरीयताओं को बढ़ाता है तथा व्यापक ओशिनिया और प्रशांत द्वीप बाजारों के लिए एक प्रवेश द्वार के रूप में कार्य करता है। इस समझौते के हिस्‍से के रूप में न्‍यूजीलैंड ने अगले पंद्रह सालों में भारत में बीस बिलियन अमरीकी डॉलर का निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है। वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, इस FTA में न्यूजीलैंड द्वारा भारत को अब तक का सबसे बेहतर बाजार पहुंच और सेवा प्रस्ताव दिया गया है। इसमें 118 सेवा क्षेत्र शामिल हैं, जैसे कंप्यूटर संबंधित सेवाएं, प्रोफेशनल सर्विसेज, ऑडियो-विजुअल, टेलीकॉम, कंस्ट्रक्शन, टूरिज्म और ट्रैवल सेवाएं। बता दें, ओमान, ब्रिटेन, ईएफटीए देशों, यूएई, ऑस्ट्रेलिया और मॉरीशस के बाद पिछले कुछ वर्षों में यह भारत का 7वां एफटीए है।

#21. ISRO द्वारा लॉन्च किए गए RESPOND Basket 2025 का मुख्य उद्देश्य क्या है –

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने RESPOND Basket 2025 जारी किया है, जिसके तहत देशभर के विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से अनुसंधान प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य शैक्षणिक अनुसंधान को ISRO की वर्तमान और भविष्य की अंतरिक्ष मिशन आवश्यकताओं के साथ जोड़ना है, ताकि उन्नत वैज्ञानिक शोध सीधे राष्ट्रीय अंतरिक्ष लक्ष्यों में योगदान दे सके। RESPOND Basket 2025, ISRO तथा अंतरिक्ष विभाग (Department of Space – DoS) के अंतर्गत विभिन्न केंद्रों द्वारा चिन्हित मिशन-उन्मुख अनुसंधान समस्या विवरणों (Problem Statements) का एक संकलन है।

#22. विश्व ध्यान दिवस के लिए 21 दिसंबर की तिथि किस कारण चुनी गई है –

दूसरा विश्व ध्यान दिवस मनाया जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने पिछले वर्ष 21 दिसंबर को ‘विश्व ध्यान दिवस’ की घोषणा की थी। यह तिथि उत्तरी गोलार्ध में शीतकालीन संक्रांति को ध्‍यान में रखते हुए चुनी गई है, जो आत्मनिरीक्षण और आंतरिक शांति का प्रतीक है।

#23. भारत का पहला वन विश्वविद्यालय किस स्थान पर स्थापित किया जाएगा –

भारत अपनी पहली ‘वन विश्वविद्यालय (Forest University)’ की स्थापना की तैयारी कर रहा है, जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में स्थापित की जाएगी। यह पहल वानिकी, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण विज्ञान के क्षेत्र में शिक्षा एवं अनुसंधान को नई दिशा देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। यह परियोजना जैव-विविधता संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से निपटने और सतत प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन पर बढ़ते राष्ट्रीय फोकस को दर्शाती है।

#24. SEBI ने शून्य-कूपन बॉन्ड को न्यूनतम कितने मूल्यवर्ग में जारी करने की अनुमति दी है –

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने शून्य-कूपन बॉन्ड (Zero-Coupon Bonds) को अब ₹10,000 के छोटे मूल्यवर्ग में जारी करने की अनुमति दे दी है। यह निर्णय 18 दिसंबर 2025 को घोषित किया गया। इसका उद्देश्य निवेशकों की भागीदारी बढ़ाना, ऋण साधनों की पहुँच आसान बनाना और भारत के कॉरपोरेट बॉन्ड बाजार को मजबूत करना है। यह कदम वित्तीय बाजारों को गहराई देने और खुदरा निवेश को प्रोत्साहित करने के SEBI के व्यापक लक्ष्य के अनुरूप है।

#25. WHO वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा शिखर सम्मेलन में किस औषधीय पौधे पर स्मारक डाक टिकट जारी किया गया –

नई दिल्ली में आयोजित द्वितीय WHO वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रसिद्ध औषधीय पौधे अश्वगंधा पर एक स्मारक डाक टिकट जारी किया। यह पहल पारंपरिक चिकित्सा को बढ़ावा देने और इसे समग्र (Holistic) एवं निवारक स्वास्थ्य सेवा के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में वैश्विक पहचान दिलाने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

#26. भारत का पहला प्रकृति-थीम वाला हवाई अड्डा टर्मिनल किस थीम पर आधारित है –

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। असम की संपर्क व्यवस्था, आर्थिक विस्तार और वैश्विक भागीदारी में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्‍होंने असम के प्रथम मुख्‍यमंत्री गोपीनाथ बोरदोलोई की 80 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया। भारत का पहला प्रकृति-थीम वाला हवाई अड्डा टर्मिनल, “बांस के बाग” की थीम पर आधारित है।

#27. भारत का पहला योग-आयुर्वेद क्लस्टर सेंटर बनने का गौरव किस विश्वविद्यालय को मिला है?

हरिद्वार (उत्तराखंड) में पतंजलि विश्वविद्यालय संस्कृति मंत्रालय की एक प्रमुख पहल, ज्ञान भरतम मिशन (GBM) के तहत भारत का पहला योग और आयुर्वेद केंद्रित ‘क्लस्टर सेंटर’ बन गया। यह पहल अनुसंधान, डिजिटलीकरण और संस्थागत मेंटरिंग के माध्यम से प्राचीन भारतीय ज्ञान प्रणालियों को संरक्षित करती है। पतंजलि यूनिवर्सिटी यह सम्मान पाने वाली पहली योग और आयुर्वेद आधारित यूनिवर्सिटी है। यह मान्यता उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित एक समारोह के दौरान योगगुरु स्वामी रामदेव, पतंजलि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति; डॉ. अनिर्बान डैश, GBM के निदेशक, और अन्य लोगों की उपस्थिति में हस्ताक्षरित एक समझौता ज्ञापन (MoU) के माध्यम से औपचारिक रूप दी गई।

#28. भारत का पहला पावर म्यूज़ियम किस शहर में बनाया जाएगा –

बिहार पटना में बंद पड़े करबिगहिया थर्मल पावर स्टेशन के 3 एकड़ के कैंपस में देश का पहला पावर म्यूज़ियम बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह भारत का पहला और दुनिया का चौथा ऐसा संग्रहालय बनने वाला इसे लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। ऊर्जा इतिहास पर फोकस करने वाले कुछ म्यूज़ियम हैं पावरहाउस म्यूज़ियम (सिडनी, ऑस्ट्रेलिया), और ड्यूश म्यूज़ियम (म्यूनिख, जर्मनी), जबकि साइंस म्यूज़ियम (लंदन, इंग्लैंड), स्मिथसोनियन इंस्टीट्यूशन (वॉशिंगटन DC, USA), और नेशनल म्यूज़ियम ऑफ़ नेचर एंड साइंस (टोक्यो, जापान) में बिजली से जुड़े महत्त्वपूर्ण कलेक्शन हैं।

#29. Google ने अपना पहला क्रेडिट कार्ड दुनिया में सबसे पहले किस देश में लॉन्च किया है –

भारत के डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में Google ने अपना पहला-ऐतिहासिक क्रेडिट कार्ड दुनिया में पहली बार भारत में लॉन्च किया है। यह कार्ड Axis Bank के साथ साझेदारी में और RuPay नेटवर्क पर जारी किया गया है। यह क्रेडिट कार्ड Google Pay से एकीकृत है और इसे सीधे UPI से जोड़ा जा सकता है, जिससे उपयोगकर्ता क्रेडिट के माध्यम से UPI मर्चेंट भुगतान आसानी से कर सकते हैं।

#30. हाल ही में (दिसंबर 2025 में) GI टैग प्राप्त करने वाली पोंडुरु खादी किस राज्य से संबंधित है?

भारत की पारंपरिक हथकरघा विरासत को एक महत्वपूर्ण बढ़ावा देते हुए, आंध्र प्रदेश का विशिष्ट पोंडुरु खादी—जो हाथ से काते और हाथ से बुने गए सूती कपड़े के लिए प्रसिद्ध है—को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा भौगोलिक संकेत (GI) टैग प्रदान किया गया है। यह मान्यता उस ऐतिहासिक प्रशंसा के लगभग 100 वर्ष बाद मिली है, जब महात्मा गांधी ने स्वयं पोंडुरु खादी की असाधारण महीनता और उत्कृष्ट शिल्पकला की सराहना की थी।

#31. निरसन और संशोधन विधेयक, 2025 के अंतर्गत कुल कितने अधिनियमों को निरस्त किया गया है –

संसद ने निरसन और संशोधन विधेयक, 2025 पारित कर दिया है। राज्यसभा ने चर्चा के बाद इसे मंजूरी दे दी। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। विधेयक में कुछ अधिनियमों को निरस्त करने और कुछ अन्य अधिनियमों में संशोधन करने का प्रावधान है। यह विधेयक भारतीय ट्रामवे अधिनियम 1886, लेवी चीनी मूल्य समतुल्यकरण निधि अधिनियम, 1976 और भारत पेट्रोलियम निगम लिमिटेड (कर्मचारियों की सेवा शर्तों का निर्धारण) अधिनियम, 1988 सहित 71 अधिनियमों को निरस्त करता है। विधेयक में चार अधिनियमों में संशोधन भी किया गया है।

#32. भारतीय नौसेना में शामिल नई MH-60R हेलीकॉप्टर स्क्वाड्रन का नाम क्या है –

भारतीय नौसेना के बेड़े में अत्याधुनिक एमएच-60आर मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर की एक नई स्क्वाड्रन शामिल की गई है। अत्याधुनिक एमएच-60आर मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर स्क्वाड्रन, ‘आईएनएएस 335’ को बुधवार 17 दिसंबर 2025 को बेड़े में शामिल किया गया। आईएनएस हंसा, गोवा में औपचारिक रूप से इसकी कमीशनिंग की गई। इस गौरवपूर्ण अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी उपस्थित रहे। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मार्च, 2024 में केरल के कोच्चि में पहले एमएच-60आर नौसेना वायु स्क्वाड्रन के परिचालन में आने के बाद भारतीय नौसेना की वायु शक्ति के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक और मील का पत्थर है।

#33. ‘विकसित भारत–G RAM G विधेयक 2025’ के तहत प्रतिवर्ष कितने दिनों के मजदूरी रोजगार की गारंटी दी जाएगी –

केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने लोक सभा में विकसित भारत– जी राम जी (Viksit Bharat–Guarantee for Rozgar and Ajeevika Mission (Gramin): VB–G RAM G विधेयक- 2025 पेश किया। इसके तहत हर वर्ष में 125 दिनों के मजदूरी रोजगार की वैधानिक गारंटी प्रदान की जाएगी। संसद में शिवराज सिंह ने कहा कि हमारा संकल्प है गरीबों का कल्याण और इसमें उसी संकल्प को पूरा करने का हमने प्रयत्न किया है।

#34. हाल ही में (दिसंबर 2025 में) केंद्रीय सूचना आयोग (CIC) के नए मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में किसने शपथ ग्रहण की –

देश की पारदर्शिता और जवाबदेही व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, कानून एवं न्याय मंत्रालय के पूर्व सचिव राज कुमार गोयल ने 15 दिसंबर 2025 को केंद्रीय सूचना आयोग (CIC) के मुख्य सूचना आयुक्त (Chief Information Commissioner) के रूप में शपथ ग्रहण की। यह शपथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा राष्ट्रपति भवन में दिलाई गई।

#35. ‘प्रोजेक्ट महादेव’ का शुभारंभ किस राज्य सरकार द्वारा किया गया –

अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी रविवार शाम वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर सीएम फडणवीस ने आधिकारिक तौर पर ‘प्रोजेक्ट महादेव’ लॉन्च किया। ‘प्रोजेक्ट महादेव’ का मकसद राज्य के स्कूल जाने वाले लड़के और लड़कियों को परिवर्तनकारी समर्थन देना और उनके फुटबॉल के सपनों को पूरा करने में मदद करना है। मिशन ओलंपिक 2026 के अंतर्गत महाराष्ट्र से अधिकाधिक स्वर्ण पदक प्राप्त करने तथा 2034 तक फुटबॉल विश्व कप की तैयारी के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ‘प्रोजेक्ट महादेव’ को लागू किया जा रहा है। ‘प्रोजेक्ट महादेव’ यह उपक्रम महाराष्ट्र इंस्टीट्यूशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन, विलेज सोशल ट्रांसफॉर्मेशन फाउंडेशन, वेस्टर्न इंडिया फुटबॉल एसोसिएशन, सिडको तथा महाराष्ट्र शासन के क्रीड़ा विभाग के माध्यम से संयुक्त रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है। जिसके माध्यम से पूरे राज्य में 13 वर्ष से कम आयु के युवाओं में फुटबॉल प्रतिभा की खोज कर उच्च दर्जे के खिलाड़ी तैयार किए जाएंगे।

#36. ‘गर्व से स्वदेशी’ अभियान किस डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म द्वारा शुरू किया गया है –

भारत के स्वदेशी डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म भीम ऐप (BHIM) ने सोमवार को ‘गर्व से स्वदेशी’ अभियान की शुरुआत की। इसके तहत नए यूजर्स को डिजिटल पेमेंट अपनाने पर 20 रुपए का कैशबैक दिया जाएगा। भीम इस महीने के अंत में अपनी 10वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में नए यूजर्स के लिए यह विशेष ऑफर पेश किया गया है।

#37. वर्ष 2025 तक भारत के कितने शहर UNESCO GNLC का हिस्सा हैं?

दिसंबर 2025 में, संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) ने 46 देशों के 72 नए शहरों को अपने ग्लोबल नेटवर्क ऑफ़ लर्निंग सिटीज़ (GNLC) में शामिल किया, जिससे कुल सदस्यता 91 देशों के 425 शहरों तक पहुँच गई। नए जुड़ाव में 11 राजधानी शहर शामिल हैं और यह पहली बार है जब 12 देश नेटवर्क में शामिल हुए हैं। 2025 तक, तीन भारतीय शहर UNESCO के GNLC का हिस्सा हैं: तेलंगाना में वारंगल और केरल में त्रिशूर और नीलांबुर।

#38. भारत का पहला ‘बायोएथिक्स सेंटर’ कहाँ स्थापित किया गया है –

अक्सर देखा गया है कि कई चिकित्सक मरीजों के प्रति अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा पाते और उन्हें विश्वास में लेने में असफल रहते हैं। चिकित्सकों और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े अन्य प्रोफेशनल्स को इस विषय में प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से गुजरात के आणंद जिले में देश का पहला ‘बायोएथिक्स सेंटर’ शुरू किया गया है। यह केंद्र सरदार वल्लभभाई पटेल के गृहनगर करमसद स्थित भाईकाका यूनिवर्सिटी के प्रमुखस्वामी मेडिकल कॉलेज में स्थापित किया गया है।

#39. BlueBird-6 उपग्रह को किस रॉकेट के माध्यम से लॉन्च किया जाएगा?

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) 15 दिसंबर को अमेरिका का BlueBird-6 उपग्रह लॉन्च करने जा रहा है। यह उपग्रह 6.5 टन वजनी है और भारत के सबसे शक्तिशाली रॉकेट एलवीएम-3 (LVM3) के जरिए अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। BlueBird-6 एक संचार उपग्रह है, जिसे अमेरिका की कंपनी AST SpaceMobile ने विकसित किया है। यह दुनिया के सबसे भारी वाणिज्यिक उपग्रहों में से एक है। यह 19 अक्टूबर को अमेरिका से भारत पहुंचा था। कंपनी ने जानकारी दी कि “BlueBird-6, जो अमेरिका से लाइसेंस प्राप्त उपग्रह है, 15 दिसंबर को भारत के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च होने वाला है।” उन्होंने बताया कि लॉन्च के बाद यह उपग्रह निम्न कक्षा (LEO) में कुल 2,400 वर्ग फुट का सबसे बड़ा वाणिज्यिक फेज्ड ऐरे (phased array) लेकर जाएगा।

#40. भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा विकसित नया CRISPR प्रोटीन GlowCas9 किस उद्देश्य से महत्वपूर्ण है –

कोलकाता के बोस इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिकों ने एक नया CRISPR प्रोटीन बनाया है, जिसका नाम GlowCas9 है। यह प्रोटीन जीन एडिटिंग करते समय चमकता है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि यह नई खोज आनुवंशिक (जेनेटिक) रोगों और कैंसर के इलाज को बेहतर बनाने में मदद करेगी। CRISPR-Cas9 तकनीक डीएनए को सटीकता से काटती और ठीक करती है, लेकिन वैज्ञानिक अब तक Cas9 एंजाइम (जो कि एक आणविक सर्जन की तरह काम करता है) को जीवित कोशिकाओं के अंदर काम करते हुए वास्तविक समय में नहीं देख पा रहे थे। पुराने तरीकों में कोशिकाओं को खोलना या नष्ट करना पड़ता था, जिससे प्रक्रिया को होते हुए देखना असंभव था। इस नए GlowCas9 प्रोटीन को बनाने के बाद, वैज्ञानिक अब Cas9 एंजाइम को देख सकते हैं जब वह CRISPR-Cas9 सिस्टम का उपयोग करके आनुवंशिक रोगों और कैंसर जैसी बीमारियों के इलाज के लिए जीनोम एडिटिंग करता है।

#41. ब्रिज शिखर सम्मेलन 2025 किस देश में आयोजित हुआ?

विश्व के सबसे बड़े मीडिया कार्यक्रम, ब्रिज शिखर सम्‍मेलन 2025 का आबू धाबी के राष्ट्रीय प्रदर्शनी केंद्र में समापन हो गया। इस सम्मेलन में एक सौ 32 देशों के 60 हजार से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए। इसमें मीडिया, फिल्म निर्माण, क्रिएटर अर्थव्यवस्था, संगीत, गेमिंग, प्रौद्योगिकी, मार्केटिंग और दृश्य माध्यम द्वारा कहानी कहने जैसे विषयों पर तीन सौ से अधिक सत्रों में चार सौ से अधिक अंतरराष्ट्रीय वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए।

#42. 33वें दक्षिण पूर्व एशियाई खेल (SEA Games 2025) किस देश में आयोजित हो रहे हैं –

33वें दक्षिण पूर्व एशियाई खेल एस.ई.ए.जी. 2025, थाईलैंड के बैंकॉक और चोनबुरी प्रांत में राजमंगला राष्ट्रीय स्टेडियम में उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हो रहे हैं। थाईलैंड 13 हजार से अधिक खिलाडियों की मेज़बानी कर रहा है, जहां 11 दक्षिण पूर्व एशियाई देश, जिनमें थाईलैंड, मलेशिया, इंडोनेशिया, कंबोडिया, फिलीपींस, सिंगापुर, म्यांमार, वियतनाम, लाओ पीपुल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक, ब्रुनेई दारुस्सलाम और तिमोर-लेस्ते लोकतांत्रिक गणराज्य शामिल हैं।

#43. ‘राइट टू डिसकनेक्ट बिल, 2025’ लोकसभा में किस सांसद ने पेश किया –

कर्मचारियों को डिजिटल थकान (Digital Burnout) से बचाने के उद्देश्य से NCP की सांसद सुप्रिया सुले ने 6 दिसंबर 2025 को लोकसभा में राइट टू डिसकनेक्ट बिल, 2025 पेश किया। यह विधेयक कर्मचारियों को कानूनी अधिकार देता है कि वे ऑफिस समय के बाद या छुट्टियों पर काम से जुड़े कॉल, ईमेल और संदेशों का जवाब देने से इंकार कर सकें — और इसके लिए उन पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई न की जाए।

#44. दिल्ली सरकार द्वारा शुरू की गई भारत की पहली शहर-केंद्रित AI पहल का नाम क्या है –

दिल्ली सरकार ने भारत का पहला शहर केंद्रित एआई इनोवेशन इंजन – एआई ग्राइंड पहल शुरू किया। यह पहल राजधानी में युवाओं को वास्तविक समस्याओं का एआई आधारित समाधान विकसित करने में सक्षम बनाएगा। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह एक शहरी व्यापक नवाचार आंदोलन है जो 5 लाख छात्रों, 1 हजार से अधिक सरकारी, निजी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक पहुंचेगा।

#45. FIFA 2026 विश्व कप ड्रॉ के दौरान फीफा का पहला शांति पुरस्कार किसे प्रदान किया गया –

अगले वर्ष होने वाले फुटबॉल विश्व कप का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। अंतरराष्‍ट्रीय फुटबॉल महासंघ- फीफा ने यह घोषणा अमरीका, कनाडा और मेक्सिको में होने वाले 48 टीमों के टूर्नामेंट के लिए ग्रुप को अंतिम रूप देने के एक दिन बाद की है। विश्‍व कप 11 जून को मेक्सिको सिटी में मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के मुकाबले के साथ शुरू होगा। इसमें कुल 104 मैच खेले जायेंगे। मौजूदा चैम्पियन अर्जेंटीना 16 जून को अल्जीरिया के साथ अपना अभियान शुरू करेगा। ड्रॉ के लिए वाशिंगटन के कैनेडी सेंटर में अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प को फीफा का नया शांति पुरस्कार प्रदान किया गया।

#46. विश्व मृदा दिवस 2025 का विषय क्या है –

संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) द्वारा स्थापित विश्व मृदा दिवस (5 दिसंबर को ) जीवन -निर्वाह संसाधन के रूप में मृदा के महत्त्व पर प्रकाश डालता है, जिसका वर्ष 2025 का विषय है ‘Healthy Soils For Healthy Cities’ यानी ‘स्वस्थ शहरों के लिए स्वस्थ मिट्टी’। मृदा के लिये अंतर्राष्ट्रीय दिवस का विचार पहली बार वर्ष 2002 में अंतर्राष्ट्रीय मृदा विज्ञान संघ द्वारा प्रस्तावित किया गया था।

#47. ‘उद्भव 2025’ किस प्रकार का आयोजन है –

राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (नेस्ट्स) ने आंध्र प्रदेश आदिवासी कल्याण आवासीय शैक्षणिक संस्थान सोसाइटी (एपीटीडब्ल्यूआरईआईएस) की मेजबानी में छठे राष्ट्रीय ईएमआरएस सांस्कृतिक एवं साहित्यिक उत्सव और कला उत्सव – उद्भव 2025 का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम और जनजातीय कल्याण एवं महिला एवं बाल कल्याण मंत्री श्रीमती गुम्मिडी संध्या रानी ने आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में स्थित वड्डेश्वरम के केएल विश्वविद्यालय में किया।

#48. ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस (OUP) का 2025 का वर्ड ऑफ द ईयर क्या है –

1 दिसंबर, 2025 को, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस (OUP) ने “रेज बेट” शब्द को वर्ड ऑफ द ईयर 2025 घोषित किया। 2025 में “रेज बेट” शब्द का इस्तेमाल तीन गुना हो गया है, जो सोशल मीडिया में गुस्सा बढ़ाने और बातचीत को बांटने के लिए इसकी बढ़ती मौजूदगी को दिखाता है। रेज बेट, रेज, जिसका मतलब है ‘गुस्से का हिंसक विस्फोट’ और बेट, ‘खाने का एक आकर्षक टुकड़ा’ शब्दों का कॉम्बिनेशन है। शब्द: “रेज बेट” का मतलब: एक ऑनलाइन कंटेंट जो गुस्सा दिलाता है और एंगेजमेंट बढ़ाता है, दूसरे शॉर्टलिस्ट किए गए शब्द: “ऑरा फ़ार्मिंग” और “बायो हैक”। कैम्ब्रिज डिक्शनरी का 2025 का वर्ड ऑफ़ द ईयर “पैरासोशल” है।

#49. भारत का पहला निजी नेविगेशन नवाचार केंद्र ‘ACEN’ किसने लॉन्च किया –

भारत ने हाई-टेक नेविगेशन प्रणालियों में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसरो के चेयरमैन वी. नारायणन ने थिरुवनंतपुरम में अनंत सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर नेविगेशन (ACEN) का उद्घाटन किया। यह भारत का पहला निजी क्षेत्र का नेविगेशन नवाचार केंद्र है, जिसे अनंत टेक्नोलॉजीज़ ने स्थापित किया है। नेविगेशन तकनीक मिसाइलों, विमानों, जहाजों, उपग्रहों और आधुनिक मशीनों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

#50. विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता (WSAC) 2025 में भारत ने 29 देशों में कौन सा स्थान हासिल किया?

भारत ने वैश्विक कौशल मंच पर बड़ी उपलब्धि हासिल की जब देश ने विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता (WSAC) 2025 में अपनी पहली हिस्सेदारी की और प्रतिभागी 29 देशों के बीच शानदार 8वीं जगह हासिल की। इस क्षेत्र के अग्रणी स्किल इकोसिस्टम की तुलना में अपनी पहली कोशिश में, भारत ने ज़्यादा डिमांड वाले और उभरते हुए ट्रेड में शानदार अनुशासन, नवाचार और वैश्विक मानक का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) के नेतृत्व में, एनएसडीसी और दूसरे तकनीकी भागीदारों ने प्रशिक्षण और तैयारी के दायित्व को संभाला। भारतीय टीम में 23 प्रतिभागी थे, जिन्होंने कौशल की 21 श्रेणियों में हिस्सा लिया। भारत ने एक रजत, दो कांस्य पदक और तीन उत्कृष्टता पदक जीते।

Previous
Finish

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *