
#1. विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (VSSC) द्वारा डिजाइन की गई ध्रुवीय सूर्यघड़ी कहाँ प्रदर्शित की गई है –
हाल ही में विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (VSSC) द्वारा डिजाइन की गई एक ध्रुवीय सूर्यघड़ी को केरल के थुंबा स्थित अंतरिक्ष संग्रहालय के ‘रॉकेट गार्डन’ में प्रदर्शित किया गया है। यह सूर्यघड़ी एक शैक्षणिक उपकरण के रूप में कार्य करती है, जो जटिल खगोलीय अवधारणाओं को दृश्यात्मक रूप से आकर्षक ढंग से प्रदर्शित करती है। सूर्यघड़ी में एनालेमेटिक सुधार की सुविधा है, जिससे यह भारतीय मानक समय (IST) और तारीख को सटीक रूप से प्रदर्शित कर सकती है। |
#2. AICTE ने वर्ष 2025 को किस रूप में नामित किया है –
हाल ही में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने भारत को AI में वैश्विक नेतृत्वकर्त्ता के रूप में स्थापित करने के लिये वर्ष 2025 को “कृत्रिम बुद्धिमत्ता वर्ष” के रूप में नामित किया है। AICTE का लक्ष्य अद्यतन पाठ्यक्रम, संकाय हेतु कार्यशालाओं और वास्तविक विश्व के प्रदर्शन के लिये AI-संचालित कंपनियों के साथ सहयोग के माध्यम से शिक्षा में AI को बढ़ावा देना है। |
#3. वायकोम सत्याग्रह की शुरुआत किस वर्ष हुई थी –
हाल ही में केरल और तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों ने वायकोम में पुनर्निर्मित थांथाई पेरियार स्मारक का उद्घाटन किया, जो तमिल सुधारवादी ई.वी. रामासामी नायकर, जिन्हें थांथाई पेरियार के नाम से जाना जाता है, के योगदान को याद करने वाला एक महत्त्वपूर्ण स्थल है। यह स्मारक थांथाई पेरियार स्मृति में निर्मित किया गया है, जिन्होंने अप्रैल 1924 में भारत में ‘अछूत’ समुदायों के अधिकारों के लिये पहले संगठित आंदोलन के रूप में पहचाने जाने वाले वायकोम सत्याग्रह में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। |
#4. भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु प्रतिष्ठानों की सूचियों का आदान-प्रदान किस वर्ष पहली बार हुआ –
हाल ही में भारत और पाकिस्तान ने तनावपूर्ण राजनयिक संबंधों के बावज़ूद परमाणु प्रतिष्ठानों की सूचियों का आदान-प्रदान किया तथा कैदियों और मछुआरों का विवरण साझा किया। कैदियों और मछुआरों की सूचियों का आदान-प्रदान वर्ष 2008 के कांसुलरी एक्सेस समझौते के तहत अनिवार्य है, जो प्रत्येक दो वर्ष में 1 जनवरी और 1 जुलाई को होता है। परमाणु प्रतिष्ठानों की सूचियों का आदान-प्रदान परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमले के प्रतिषेध समझौते, 1988 के तहत हुआ। यह लगातार 34वाँ आदान-प्रदान था, पहला आदान -प्रदान 1 जनवरी 1992 को हुआ था। 31 दिसंबर, 1988 को हस्ताक्षरित तथा 27 जनवरी 1991 से प्रभावी इस समझौते के अंतर्गत भारत और पाकिस्तान को प्रतिवर्ष 1 जनवरी को परमाणु स्थापना के विवरण का आदान-प्रदान करना आवश्यक है। |
#5. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के किस क्षेत्र में केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखी –
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य देखभाल को आगे बढ़ाने और पारंपरिक चिकित्सा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में रोहिणी में केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखी और इसे “आयुर्वेद की अगली बड़ी छलांग” करार दिया। 1979 में स्थापित केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान आयुर्वेद में नैदानिक अनुसंधान में अग्रणी रहा है, यह विशेष रूप से निवारक हृदय रोग और गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) पर ध्यान केंद्रित करता है।
#6. भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क वाला देश है। यह स्थान भारत को किस देश के बाद प्राप्त हुआ है –
भारत में मेट्रो रेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। अब देश में मेट्रो रेल नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 1000 किमी तक पहुंच गई है। इस बड़े नेटवर्क के साथ, भारत अब चीन और अमेरिका के बाद दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क वाला देश बन गया है। दिल्ली ने 2002 में अपनी मेट्रो यात्रा की शुरुआत की थी, जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने दिल्ली के लोगों को पहली मेट्रो दी और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली वासियों को नई मेट्रो परियोजनाओं और नमो भारत का उपहार दे रहे हैं। |
#7. विश्व ब्रेल दिवस हर वर्ष कब मनाया जाता है –
दृष्टिहीन और आंशिक रूप से दृष्टिहीन लोगों के संचार साधन के रूप में ब्रेल के महत्व के बारे में जागरुकता लाने के लिए हर वर्ष 4 जनवरी को विश्व ब्रेल दिवस मनाया जाता है। 1809 में आज ही के दिन फ्रांस में एक छोटा से कस्बे कुप्रे में लुई ब्रेल का जन्म हुआ था। इन्होंने 1825 में नेत्रहीनों के लिए ब्रेल लिपि का आविष्कार किया था। वर्ष 2018 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने ब्रेल प्रणाली के विचारक लुईस ब्रेल की जयंती के अवसर पर चार जनवरी को विश्व ब्रेल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। |
#8. भारत में ग्रामीण गरीबी दर वित्त वर्ष 2023-24 में घटकर कितने प्रतिशत रह गई है –
भारत में वित्त वर्ष 2011-12 में ग्रामीण गरीबी दर 25.7 प्रतिशत थी, जो कि वित्त वर्ष 2023-24 में उल्लेखनीय रूप से घटकर 4.86 प्रतिशत हो गई है। भारतीय स्टेट बैंक के उपभोग व्यय सर्वेक्षण पर शोध के अनुसार पिछले बारह वर्षों में शहरी गरीबी 13.7 प्रतिशत से घटकर 4.09 प्रतिशत हो गई है। भारतीय स्टेट बैंक के इस शोध से पता चलता है कि ग्रामीण गरीबी में तेज गिरावट की वजह कमजोर वर्ग में सरकारी समर्थन से उपभोग बढ़ना है। |
#9. हाल ही में (जनवरी 2025 में) “नो योर आर्मी” मेले का आयोजन कहाँ किया गया –
तेलंगाना के राज्यपाल जिश्नु देव वर्मा ने हैदराबाद के ऐतिहासिक गोलकुंडा किले में नो योर आर्मी यानि अपनी सेना को जाने, मेला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर तेलंगाना और आंध्र उप क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल अजय मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस मेले का आयोजन तेलंगाना और आंध्र उप क्षेत्र मुख्यालय के अंतर्गत हैदराबाद के तोपखाना केंद्र ने किया है। |
#10. 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का विषय क्या है –
18वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 8 से 10 जनवरी 2025 तक ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित किया जाएगा। इस बार के प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का विषय-‘विकसित भारत में प्रवासी भारतीयों का योगदान’ है। प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार (पीबीएसए) प्रवासी भारतीयों को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। भारत के विकास में प्रवासी भारतीय समुदाय के योगदान को चिह्नित करने के लिए 9 जनवरी 2003 को प्रथम प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन आयोजित किया गया था। 2003 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन की शुरुआत की थी। |