करेंट अफेयर्स क्विज – जनवरी 2025

 

#1. शारदा सिन्हा को मरणोपरांत किस क्षेत्र में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया –

गृह मंत्रालय ने शनिवार को इस साल के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी। बिहार की जानी मानी दिवगंत लोक गायिका शारदा सिन्हा और जापान के व्यवसायी ओसामु सुजुकी समेत तीन को मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान से नवाजा जाएगा। वहीं देश के पहले सिख सीजेआई जगदीश सिंह खेहर भी पद्म विभूषण पाने वाले सात शख्सियतों में शामिल हैं। इसके अलावा 19 शख्सियतों को (चार मरणोपरांत) पद्म भूषण और 113 लोगों को (छह मरणोपरांत) पद्म श्री पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। देश की प्रसिद्ध दिवंगत लोक गायिका शारदा सिन्हा को कला (संगीत) के क्षेत्र में मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा।

#2. राष्ट्रीय बालिका दिवस का विषय 2025 में क्या है?

भारत में हर साल 24 जनवरी को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय बालिका दिवस, लड़कियों के अधिकारों, शिक्षा और कल्याण पर फोकस करने के लिए समर्पित एक महत्वपूर्ण अवसर है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा 2008 में शुरू किए गए इस दिवस का मक़सद, लड़कियों को सशक्त बनाने के लिए जागरूकता बढ़ाना और एक ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां वे लिंग भेदभाव की बाधाओं के बग़ैर आगे बढ़ सकें। राष्‍ट्रीय बालिका दिवस 2025 का विषय है-उज्‍जवल भविष्‍य के लिए बालिकाओं का सशक्तिकरण।

#3. भारत के ‘डीप ओशन मिशन’ का मुख्य उद्देश्य क्या है –

भारत अपने ‘डीप ओशन मिशन’ के तहत समुद्र में 500 मीटर की गहराई पर अपने पहले मानवयुक्त ‘अंडरवाटर सबमर्सिबल’ का लॉन्च करेगा। ‘अंडरवाटर सबमर्सिबल’ गहरे समुद्र में चलने वाला मानवयुक्त वाहन होता है। इस साल यह ‘सबमर्सिबल’ 500 मीटर की गहराई तक काम करेगा और अगले साल तक 6,000 मीटर की गहराई तक पहुंचने का लक्ष्य है। डीप ओशन मिशन (Deep Ocean Mission) भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसे गहरे समुद्री क्षेत्रों में रिसर्च और इनोवेशन के लिए लॉन्च किया गया है।

#4. खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 का आयोजन कहाँ शुरू हुआ –

लद्दाख में 23 जनवरी से खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 की शुरुआत हुई। राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों की 19 टीमें 5 दिनों तक दो खेलों- आइस हॉकी और आइस स्केटिंग में कॉम्पिटीशन करेंगी। इस साल खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 का आयोजन 2 हिस्सों में होगा। पहला हिस्सा लद्दाख में हो रहा है, जबकि दूसरा हिस्सा 22-25 फरवरी तक जम्मू और कश्मीर (जिसमें स्कीइंग जैसे खेल शामिल हैं) में आयोजित किया जाएगा।

#5. समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता देने वाला पहला देश कौन सा था –

पूर्वी एशियाई देश थाईलैंड में 23 जनवरी से समलैंगिक विवाह को कानून मान्यता मिल गई। 2001 में नीदरलैंड समलैंगिक विवाह को अनुमति देने वाला पहला देश बना था। इसके बाद 30 से अधिक देशों ने इस विवाह को मान्यता दी है। हालांकि, भारत में सेम सेक्स मैरिज गैर-कानूनी है।

#6. हिंदू आध्यात्मिक और सेवा मेला 2025 का आयोजन कहां किया गया –

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने गुजरात के अहमदाबाद में हिन्दू आध्यात्मिक और सेवा मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। हिंदू आध्यात्मिक और सेवा संस्थान, गुजरात ने 23 से 26 जनवरी तक वस्त्रापुर जीएमडीसी ग्राउंड में इस मेले का आयोजन किया है। इसमें 11 कुंडी समरसता यज्ञशाला, देश के 11 से ज्यादा मुख्य मंदिरों के लाइव दर्शन, 15 से ज्यादा मुख्य मंदिरों की प्रतिकृतियां, कुंभ मेला दर्शन, गंगा आरती, आदिवासी संस्कृति प्रदर्शित करने वाले वनवासी गांव आदि हैं। इससे पहले 2018 में यह मेला लगा था।

#7. सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार-2025 के लिए संस्थागत श्रेणी में किसे चुना गया है

भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केन्द्र (INCOIS) को आपदा प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य के लिए संस्थागत श्रेणी में सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार-2025 के लिए चुना गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यक्तियों और संगठनों द्वारा किए गए अमूल्य योगदान और नि:स्वार्थ सेवा को मान्यता देने और उन्हें सम्मानित करने के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के नाम से एक वार्षिक पुरस्कार की स्थापना की है। इस पुरस्कार की घोषणा हर साल 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर की जाती है।

#8. हाल ही में किस शहर के वर्जिन नारियल तेल को भौगोलिक संकेत (जीआई) टैग से सम्मानित किया गया है –

हाल ही में निकोबार जिले के वर्जिन नारियल तेल (Virgin Coconut Oil ) को हाल ही में भौगोलिक संकेत (जीआई) टैग से सम्मानित किया गया है। बता दें कि इसे पूरी तरह से हाथ से तैयार किया जाता है जो स्थानीय समुदायों की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। PM नरेंद्र मोदी ने अपने “मन की बात” संबोधन के दौरान इस उपलब्धि की चर्चा की थी।

#9. हाल ही में (जनवरी 2025 में) चर्चा में रहा ऐतिहासिक रत्नागिरी स्थल किस राज्य में स्थित है –

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने जाजपुर जिले के ऐतिहासिक रत्नागिरी स्थल पर नए सिरे से खुदाई के दौरान महत्वपूर्ण बौद्ध अवशेषों की खोज की है, जो इसकी 1,200 साल पुरानी विरासत में एक और अध्याय जोड़ते हैं। यह ओडिशा के भुवनेश्वर से 100 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। यह स्थल बिरुपा और ब्राह्मणी नदियों के बीच एक पहाड़ी पर स्थित है और यह ओडिशा का सबसे प्रसिद्ध बौद्ध स्थल है।

#10. ऑपरेशन ‘सर्द हवा’ का मुख्य उद्देश्य क्या है –

राजस्थान में भारत-पाकिस्तान सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने ऑपरेशन ‘सर्द हवा’ शुरू कर दिया है। यह ऑपरेशन गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के मद्देनजर बीएसएफ द्वारा सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए चलाया जा रहा है। बीएसएफ के सभी जवान और अधिकारी 29 जनवरी तक इस ऑपरेशन के तहत सीमा पर चौकसी बनाए रखेंगे और आधुनिक हथियारों से निगरानी करेंगे।

Results

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *