करेंट अफेयर्स क्विज – जनवरी 2026

Current Affairs Quiz – January 2026
 

Results

#1. भारत सरकार ने किस वर्ष तक कुष्ठ-मुक्त भारत का लक्ष्य निर्धारित किया है?

हर साल 30 जनवरी को ‘विश्व कुष्ठ रोग’ दिवस मनाया जाता है। भारत में इस दिन को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के साथ जोड़कर विशेष रूप से याद किया जाता है, क्योंकि गांधीजी ने कुष्ठ रोगियों के साथ रहकर उनके दर्द को समझा और समाज में उनके प्रति सम्मान की मिसाल दी।कुष्ठ रोग, बैक्टीरिया माइकोबैक्टीरियम लेप्री से होने वाली संक्रामक बीमारी है। अच्छी बात यह है कि इसका इलाज पूरी तरह संभव है। मल्टी ड्रग थेरेपी नाम की मुफ्त दवाओं से कुछ महीनों में ही मरीज पूरी तरह ठीक हो जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, भारत साल 2030 तक स्थानीय कुष्ठ रोग मामलों को खत्म करना चाहता है। लेकिन भारत सरकार ने 2027 तक कुष्ठ-मुक्त भारत का लक्ष्य रखा है।

#2. देश की पहली एलएनजी-डीजल डुअल-फ्यूल डीईएमयू ट्रेन कहाँ शुरू की गई है?

पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ रेल संचालन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए रेलवे ने अहमदाबाद के साबरमती में देश की पहली तरलीकृत प्राकृतिक गैस-एलएनजी-डीजल डुअल-फ्यूल डीइएमयू ट्रेन को सफलतापूर्वक चालू कर दिया है। इस पहल के तहत 1 हजार 400 हॉर्स पॉवर डीइएमयू ट्रेन के ड्राइविंग पावर कारों को डुअल-फ्यूल सिस्टम में बदला गया है। इसमें पारंपरिक डीजल की खपत का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा एलएनजी से बदला जाएगा। अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक, वेद प्रकाश ने कहा कि इन बदली हुई पावर कारों का 2 हजार किलोमीटर से अधिक का सफल फील्ड ट्रायल हो चुका है।

#3. ‘अग्नि परीक्षा’ संयुक्त अभ्यास का दूसरा चरण किस राज्य में आयोजित हुआ –

भारतीय सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने अरुणाचल प्रदेश में चार दिवसीय संयुक्त फायरिंग अभ्यास ‘अग्नि परीक्षा’ के दूसरे चरण (फेज-II) का सफल आयोजन किया है। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों बलों के बीच समन्वय बढ़ाना और युद्धक तैयारियों को और अधिक मजबूत करना रहा। रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने शुक्रवार को बताया कि ‘अग्नि परीक्षा’ अभ्यास का दूसरा चरण 25 से 28 जनवरी के बीच अरुणाचल प्रदेश के तेजू क्षेत्र में आयोजित किया गया।

#4. सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला 2026 का विषय क्या है?

सूरजकुंड अंतरराष्‍ट्रीय शिल्प मेला 31 जनवरी से फरीदाबाद में शुरू हो रहा है। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मेले का उद्घाटन करेंगे। इस वर्ष मेले का विषय लोकल से ग्‍लोबल है। इसका उद्देश्य स्थानीय कारीगरों की पारंपरिक कला को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाना है। उत्तर प्रदेश और मेघालय मेले के मुख्‍य केन्द्रित राज्य हैं, जबकि मिस्र भागीदार देश है। मेले में राष्ट्रीय और अंतरराष्‍ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध लोक कलाकार और सांस्कृतिक समूह प्रस्तुति देंगे।

#5. सुप्रीम कोर्ट ने UGC के नए भेदभाव नियमों पर रोक लगाते हुए किस वर्ष के रेगुलेशन लागू रखने का आदेश दिया –

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार और यूजीसी को नोटिस जारी किया। इसके साथ ही, शीर्ष अदालत ने फिलहाल यूजीसी के नए रेगुलेशन पर रोक लगा दी है और स्पष्ट किया है कि अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी। कोर्ट ने यह भी आदेश दिया कि तब तक 2012 के यूजीसी रेगुलेशन ही लागू रहेंगे। चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने इस मामले में सुनवाई की।

#6. गणतंत्र दिवस परेड 2026 में राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों में प्रथम स्थान किस राज्य को मिला –

शीर्ष तीन झांकियां (राज्य/केंद्र शासित प्रदेश):

महाराष्ट्र (गणेशोत्सव: आत्मनिर्भरता का प्रतीक)

जम्मू और कश्मीर (जम्मू और कश्मीर के हस्तशिल्प और लोक नृत्य)

केरल (वॉटर मेट्रो और शत-प्रतिशत डिजिटल साक्षरता: आत्मनिर्भर भारत के लिए आत्मनिर्भर केरल)

माईगॉव पोर्टल पर आयोजित ऑनलाइन पोल के आधार पर पॉपुलर चॉइस श्रेणी के परिणाम इस प्रकार हैं:

गुजरात (स्वदेशी का मंत्र – आत्मनिर्भरता – स्वतंत्रता: वंदे मातरम)

उत्तर प्रदेश (बुंदेलखंड की संस्कृति)

राजस्थान (रेगिस्तान का सुनहरा स्पर्श: बीकानेर की स्वर्ण कला (उस्ता कला)

#7. गल्फूड 2026 में भारत किस रूप में पहली बार शामिल हुआ है –

दुबई में आयोजित गल्फूड 2026 में भारत पहली बार पार्टनर कंट्री (साझेदार देश) के रूप में भाग ले रहा है। यह उपलब्धि इस प्रदर्शनी के 31 वर्षों के इतिहास में पहली बार हुई है। यह कदम वैश्विक खाद्य एवं पेय बाजार में भारत की बढ़ती उपस्थिति और खाड़ी क्षेत्र के साथ गहराते आर्थिक संबंधों को दर्शाता है।

#8. केरल द्वारा घोषित राज्य सूक्ष्मजीव (State Microbe) कौन सा है –

केरल ने विज्ञान आधारित एक अनोखा कदम उठाते हुए पहली बार किसी सूक्ष्मजीव को अपनी राज्य पहचान का हिस्सा बनाया है। यह पहल मानव स्वास्थ्य से लेकर कृषि और पर्यावरणीय स्थिरता तक, दैनिक जीवन में सूक्ष्मजीवों की भूमिका को रेखांकित करती है। इस तरह का निर्णय भारत में पहली बार लिया गया है, जो ज्ञान और अनुसंधान के प्रति केरल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। केरल ने आधिकारिक रूप से बैसिलस सब्टिलिस (Bacillus subtilis) को अपना राज्य सूक्ष्मजीव (State Microbe) घोषित किया है। ऐसा करने वाला केरल भारत का पहला राज्य बन गया है।

#9. भारत और रूस के बीच INDRA संयुक्त नौसैनिक अभ्यास कहाँ आयोजित होगा –

रूस और भारत फरवरी 2026 में हिंद महासागर में बंगाल की खाड़ी में INDRA जॉइंट नेवल एक्सरसाइज करेंगे। 28 जनवरी को रूस की TASS एजेंसी ने इसकी जानकारी दी। TASS के मुताबिक, रूसी नौसेना का पेसिफिक फ्लीट ‘फ्रिगेट मार्शल शापोश्निकोव’ MILAN-2026 एक्सरसाइज में हिस्सा लेगा, जिसके बाद 18 से 25 फरवरी तक विशाखापत्तनम पोर्ट का इनफॉर्मल विजिट करेगा। इस साल इंटरनेशनल नेवल फ्लीट रिव्‍यू MILAN का आयोजन भारत में 15 से 25 फरवरी तक हो रहा है। इसी के तहत रूसी नौसेना का फ्लीट भी भारत आएगा।

#10. उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता संशोधन अध्यादेश 2026 संविधान के किस अनुच्छेद के तहत जारी किया गया –

उत्तराखंड सरकार ने समान नागरिक संहिता संशोधन अध्यादेश 2026 को लागू कर दिया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद यह अध्यादेश तत्काल रूप से प्रभावी हो गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उत्तराखंड के राज्यपाल ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 213 के तहत इस अध्यादेश को जारी किया है। इसके जरिए यूसीसी अधिनियम 2024 के विभिन्न प्रावधानों में प्रक्रियात्मक, प्रशासनिक और दंडात्मक सुधार किए गए हैं ताकि इसके प्रभावी, पारदर्शी और सुचारू क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जा सके।
भारतीय संविधान का अनुच्छेद 213 राज्यपाल को राज्य विधानमंडल के सत्र (recess) में न होने पर, आपातकालीन स्थितियों में अध्यादेश (Ordinance) जारी करने की शक्ति देता है।

#11. ‘ज़ीरो फ्रेश वेस्ट डंप’ शहर का दर्जा पाने वाला उत्तर प्रदेश का पहला शहर कौन है?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ बहुत तेजी से विकसित हो रहा है। लगभग 40 लाख की आबादी और करीब 7.5 लाख दुकानें, कार्यालय एवं प्रतिष्ठान होने के कारण रोज़ाना कचरे का प्रबंधन एक बड़ी चुनौती है। इस चुनौती से निपटने के लिए लखनऊ नगर निगम (LMC) ने एक आधुनिक एवं वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली अपनाई है, जिसका उद्देश्य स्वच्छता, पुनर्चक्रण और पर्यावरण सुरक्षा सुनिश्चित करना है। लखनऊ में हाल ही में शिवरी साइट पर तीसरे ताज़ा कचरा प्रसंस्करण संयंत्र की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही लखनऊ उत्तर प्रदेश का पहला शहर बन गया है, जहाँ 100% ताज़े नगर निगम कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जा रहा है।

#12. गुटखा, पान मसाला और तंबाकू उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने वाला राज्य कौन बना?

ओडिशा राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने गुटखा, पान मसाला तथा तंबाकू या निकोटीन युक्त सभी उत्पादों पर सख्त प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। इस नई अधिसूचना का उद्देश्य इन उत्पादों के दुरुपयोग को रोकना और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यह प्रतिबंध निर्माण, बिक्री, भंडारण, परिवहन और वितरण—सभी पर लागू होगा। इसके साथ ही ओडिशा सुप्रीम कोर्ट के देशव्यापी निर्देशों के पूर्ण अनुपालन वाला राज्य बन गया है। ओडिशा में वर्ष 2013 से तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध लागू था।

#13. 77वें गणतंत्र दिवस पर ‘अशोक चक्र’ से किसे सम्मानित किया गया?

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को देश के सर्वोच्च शांति कालीन वीरता सम्मान ‘अशोक चक्र’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कर्तव्य पथ पर आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। शुभांशु शुक्ला ने एक्सिओम-4 मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन की यात्रा की और 2025 में अपनी स्पेस फ्लाइट पूरी की थी। विंग कमांडर राकेश शर्मा के बाद वह अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री बने थे।

#14. वर्ष 2026 के लिए घोषित कुल पद्म पुरस्कारों की संख्या कितनी है?

राष्‍ट्रपति ने वर्ष 2026 के 131 पद्म पुरस्‍कारों का प्रदान किया जाना अनुमोदित कर दिया है। पुरस्‍कार सूची में पांच पद्म विभूषण, तेरह पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं। सम्‍मानित व्‍यक्तियों में 19 महिलाएं हैं और 16 पुरस्‍कार मरणोपरांत दिए गए हैं। प्रख्‍यात फिल्‍म अभिनेता धर्मेन्‍द्र सिंह देओल को कला के क्षेत्र में उल्‍लेखनीय योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण प्रदान किया गया है। केरल से जन सेवा में केटी थॉमस, उत्तर प्रदेश से कला में एन० राजम और केरल से साहित्‍य में पी० नारायणन को देश का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्‍मान दिया गया है। केरल के पूर्व मुख्‍यमंत्री वी०एस० अच्‍युतानंदन को जन सेवा में योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण दिया गया है।

#15. कीर्ति चक्र से सम्मानित किए जाने वालों में कौन शामिल नहीं है?

मेजर अर्शदीप सिंह, नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा सिंह और ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा।

#16. भारतीय रेलवे द्वारा विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन पर तैनात ह्यूमनॉइड रोबोट का नाम क्या है?

यात्रियों की सुरक्षा और सेवाओं के वितरण में सुधार के लिए भारतीय रेलवे ने विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन पर “एएससी अर्जुन” नामक ह्यूमनॉइड रोबोट को तैनात किया है। यह तैनाती भारतीय रेलवे नेटवर्क पर अपनी तरह की पहली पहल है। यह जनसुविधा और सुरक्षा के लिए नई और उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह ह्यूमनॉइड रोबोट खास तौर पर यात्रियों की आवाजाही के सबसे व्यस्त समय के दौरान स्टेशन संचालन में सहायता के लिए आरपीएफ कर्मियों के साथ मिलकर काम करेगा। एएससी अर्जुन को विशाखापत्तनम में स्वदेशी तकनीक का उपयोग करके पूरी तरह से डिजाइन और विकसित किया गया है।

#17. भारत में राष्ट्रीय बालिका दिवस प्रतिवर्ष किस तिथि को मनाया जाता है?

भारत में बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण तथा उनके समग्र कल्याण पर जोर देने के लिए समर्पित राष्ट्रीय बालिका दिवस प्रतिवर्ष 24 जनवरी को मनाया जाता है। वर्ष 2008 में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (एमडब्ल्यूसीडी) द्वारा प्रारंभ किया गया यह दिवस लड़के-लड़कियों में भेदभाव के बारे में जागरूकता बढ़ाने, समान अवसरों को प्रोत्साहित करने और ऐसा वातावरण बनाने का मंच प्रदान करता है, जहाँ बालिकाएँ सशक्त नागरिक के रूप में आगे बढ़ सकें।

#18. संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) कितने प्रतिशत बढ़ा?

संयुक्‍त राष्‍ट्र ने कहा है कि भारत में वर्ष 2025 में प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश 73 प्रतिशत बढ़कर 47 अरब अमरीकी डॉलर हो गया है। संयुक्‍त राष्‍ट्र की रिपोर्ट के अनुसार यह वृद्धि उन नीतियों के कारण हुई है जिनका उद्देश्‍य देश को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के साथ जोड़ना तथा सेवा और विनिर्माण क्षेत्र में भारी निवेश करना है। संयुक्‍त राष्‍ट्र व्‍यापार और विकास सम्‍मेलन की ओर से जारी वैश्विक निवेश रूझान निगरानी रिपोर्ट के अनुसार चीन में प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश में लगातार तीसरे वर्ष गिरावट आई है और यह आठ प्रतिशत घटकर एक सौ सात अरब 50 करोड़ अमरीकी डॉलर पर आ गया।

#19. हाल ही में (जनवरी 2026 में) विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से आधिकारिक रूप से अलग होने वाला देश कौन-सा है –

अमरीका, विश्व स्वास्थ्य संगठन- डब्ल्यूएचओ से आधिकारिक तौर पर अलग हो गया है। उसने संगठन की अक्षम कार्यप्रणाली, कोविड-19 महामारी से निपटने में लापरवाही और अमरीका की जनता पर थोपी गई विपत्तियों का हवाला दिया है। अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट कैनेडी ने एक संयुक्त बयान में कहा कि भविष्‍य में डब्ल्यूएचओ के साथ अमरीका का जुड़ाव केवल अपनी वापसी को प्रभावी बनाने तक ही सीमित रहेगा।

#20. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ‘ग्रंथ कुटीर’ का उद्घाटन कहाँ किया?

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में ग्रंथ कुटीर का उद्घाटन किया। ग्रंथ कुटीर में भारत की 11 शास्त्रीय भाषाओं – तमिल, संस्कृत, कन्नड़, तेलुगु, मलयालम, ओडिया, मराठी, पाली, प्राकृत, असमिया और बांग्ला में पांडुलिपियों और किताबों का समृद्ध संग्रह है। ग्रंथ कुटीर भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक, दार्शनिक, साहित्यिक और बौद्धिक विरासत को प्रदर्शित करता है। इस कुटीर में भारत की 11 भारतीय शास्त्रीय भाषाओं में लगभग 2,300 किताबों का संग्रह है। भारत सरकार ने 3 अक्टूबर, 2024 को मराठी, पाली, प्राकृत, असमिया और बांग्ला भाषा को ‘शास्त्रीय भाषा’ का दर्जा दिया। इससे पहले, छह भाषाओं को शास्त्रीय भाषा का दर्जा प्राप्त था। ग्रंथ कुटीर संग्रह में महाकाव्य, दर्शन, भाषा विज्ञान, इतिहास, शासन, विज्ञान और भक्ति साहित्य जैसे विषयों के साथ-साथ इन भाषाओं में भारत का संविधान भी शामिल है। संग्रह में लगभग 50 पांडुलिपियां भी शामिल हैं।

#21. राष्ट्रीय विद्युत नीति 2026 के अनुसार 2030 तक प्रति व्यक्ति बिजली खपत का लक्ष्य क्या है –

विद्युत मंत्रालय ने राष्ट्रीय विद्युत नीति 2026 का नया मसौदा जारी किया है। इसका उद्देश्य विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विद्युत क्षेत्र में परिवर्तन लाना है। मंत्रालय के अनुसार इस नीति का लक्ष्य 2030 तक प्रति व्यक्ति बिजली खपत को दो हजार किलोवाट घंटे और 2047 तक चार हजार किलोवाट घंटे से अधिक करना है। 2024-25 में प्रति व्यक्ति बिजली खपत एक हजार 460 किलोवाट घंटे तक थी।

#22. अटल पेंशन योजना को किस अवधि तक जारी रखने की मंजूरी दी गई है?

मंत्रिमंडल ने अटल पेंशन योजना को 2030-31 तक जारी रखने के साथ ही प्रचार और विकासात्मक गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। यह योजना मई 2015 में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वृद्धावस्था में आय सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। यह निर्णय नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में लिया गया। यह योजना 60 वर्ष की आयु प्राप्त करने के बाद प्रति माह एक हजार से पांच हजार रुपये तक की न्यूनतम गारंटीकृत पेंशन प्रदान करती है, जो लाभार्थी के योगदान पर निर्भर करती है।

#23. नितिन नबीन भाजपा के कौन-से राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं?

देश की राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में नितिन नबीन ने मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला और वह पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। वह इस पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के नेता बन गए। पिछले साल 14 दिसंबर को नियुक्त 45 वर्षीय राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नबीन को प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और निवर्तमान पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से जबरदस्त समर्थन मिला।

#24. कुंभलगढ़ वन्य जीव अभयारण्य को पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्र घोषित करने वाला मंत्रालय कौन-सा है?

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने अरावली पर्वत श्रृंखला में स्थित कुंभलगढ़ वन्‍य जीव अभयारण्‍य को पर्यावरण के लिए संवेदनशील क्षेत्र घोषित करने संबंधी अधिसूचना जारी की है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्‍द्र यादव ने कहा कि इससे न केवल क्षेत्र की वनस्‍पति और वन्‍य जीव के संरक्षण में मदद मिलेगी बल्कि स्‍थानीय समुदायों को भी समर्थन मिेलेगा। उन्‍होंने कहा कि कुंभलगढ अभयारण्‍य के एक किलोमीटर तक का दायरा कई वन्‍य जीवों के लिए प्राकृतिक निवास स्‍थल है।

#25. आईएमएफ ने 2025 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर कितनी अनुमानित की है?

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष-आईएमएफ ने वर्ष 2025 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान 0.7 अंक बढ़ाकर 7.3% कर दिया है। विश्व आर्थिक आउटलुक अपडेट में आईएमएफ ने कहा कि यह वृद्धि इस वित्तीय वर्ष की चौथी तिमाही में मजबूत गति को दर्शाती है। आईएमएफ ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि 6.4% का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। आईएमएफ ने कहा है कि अपेक्षित मंदी के बावजूद, भारत उभरते बाजारों और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं में वृद्धि का एक प्रमुख चालक बना हुआ है।

#26. आर्टेमिस-II मिशन का मुख्य उद्देश्य क्या है?

नासा का विशाल रॉकेट ‘आर्टेमिस II’ मिशन के लिए फ्लोरिडा के केप कैनावेरल स्थित लॉन्च पैड पर पहुंच गया है। आर्टेमिस मिशन नासा का चंद्रमा पर मानव वापसी का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। इस मिशन का 6 फरवरी को प्रक्षेपण होगा। इसके बाद फरवरी, मार्च और अप्रैल में भी इसके प्रक्षेपण के अवसर होंगे। आर्टेमिस द्वितीय पहला मानवयुक्त चंद्र फ्लाईबाई मिशन है। इसे नासा के ओरियन अंतरिक्ष यान और एसएलएस रॉकेट का परीक्षण करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। नासा के रीड वाइजमैन, विक्टर ग्लोवर और क्रिस्टीना कोच तथा कनाडा की अंतरिक्ष एजेंसी के अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैनसेन सहित चालक दल चंद्रमा के चारों ओर 10 दिन की यात्रा पर निकलेगा। यह दिसंबर 1972 में अपोलो-17 के चंद्रमा पर उतरने के बाद पहला मानवयुक्त चंद्र फ्लाईबाई होगा।

#27. 17वां त्रिपक्षीय अभ्यास ‘दोस्ती’ किन देशों के बीच आयोजित किया जा रहा है?

भारतीय तटरक्षक बल, श्रीलंका तटरक्षक बल और मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल द्वारा आयोजित 17वां त्रिपक्षीय अभ्यास दोस्‍ती मालदीव के माले में शुरू हुआ। बंदरगाह चरण पर इसका अभ्यास जारी है, जिसमें सहयोगात्मक अभ्यास शामिल हैं। इसके बाद भारतीय तटरक्षक बल के जहाज और विमान समुद्री चरण में भाग लेंगे।

#28. 2025 में व्यक्तिगत चार-पहिया इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने में कौन-सा राज्य सबसे आगे रहा –

2025 में केरल ने शीर्ष ईवी-बिक्री वाले राज्यों में व्यक्तिगत चार-पहिया ईवी अपनाने की सबसे अधिक हिस्सेदारी दर्ज की। घरेलू स्तर पर मजबूत मांग और सहायक नीतियों के कारण राज्य ने बड़े औद्योगिक राज्यों को पीछे छोड़ा। 2025 में केरल के मध्यम वर्गीय परिवारों ने बड़ी संख्या में निजी चार्जिंग बॉक्स लगाए, जिससे इलेक्ट्रिक कारों का स्वामित्व और संचालन आसान हुआ।

#29. पालामेडु जल्लीकट्टू किस अवसर पर आयोजित किया जाता है –

तमिलनाडु के मदुरै जिले में मट्टू पोंगल के पावन अवसर पर आयोजित विश्व-प्रसिद्ध पालामेडु जल्लीकट्टू शुक्रवार सुबह आधिकारिक शपथ-ग्रहण समारोह के बाद शुरू हुआ। इस वर्ष के आयोजन के लिए कुल 1,000 बैलों और 600 टेमर (बैल काबू करने वाले) ने पंजीकरण कराया है। पालामेडु में मंजमलाई नदी के किनारे स्थित अखाड़ा पूरी तरह तैयार है।

#30. “पर्यावरण का नोबेल” कहे जाने वाले टायलर पुरस्कार से किसे सम्मानित किया गया है?

अमेरिकी माइकोलॉजिस्ट और इवोल्यूशनरी बायोलॉजिस्ट टोबी कियर्स को पौधों और फंगस के बीच बातचीत के महत्त्व और उन्हें बचाने की तत्काल आवश्यकता के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी मोर्चों पर उनके काम के लिए टायलर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। टायलर पुरस्कार को “पर्यावरण का नोबेल” भी कहा जाता है। इसके साथ $250,000 (€215,000) का पुरस्कार भी दिया गया।

#31. ‘राष्ट्रीय उद्यमिता अभियान’ किस योजना के तहत शुरू किया गया है?

दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) ने ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और गैर-कृषि उद्यमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “राष्ट्रीय उद्यमिता अभियान” की शुरुआत की है। यह अभियान 12 जनवरी 2026 को आरंभ किया गया, जो सरकार के 3 करोड़ लखपति दीदी (प्रति वर्ष ₹1 लाख या उससे अधिक आय वाली स्वयं सहायता समूह सदस्य) के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

#32. हेनली पासपोर्ट इंडेक्स 2026 में भारत को कौन-सा स्थान मिला है –

हेनली पासपोर्ट इंडेक्स 2026 में भारत को वैश्विक स्तर पर 80वें स्थान पर रखा गया है। भारतीय पासपोर्ट धारकों को अब 55 गंतव्यों पर वीज़ा-मुक्त, वीज़ा ऑन-आराइवल या ई-वीज़ा सुविधा मिलती है, जो पिछले वर्ष के 85वें स्थान से सुधरा हुआ आंकड़ा है। 2026 संस्करण में 277 देश और क्षेत्र शामिल हैं, जिनमें संप्रभु राज्य, क्षेत्रीय क्षेत्र और विशेष प्रशासनिक क्षेत्र शामिल हैं। इस व्यापक कवरेज से नागरिकों की वैश्विक यात्रा स्वतंत्रता का सटीक और तुलनात्मक मूल्यांकन संभव होता है। शीर्ष पर सिंगापुर है, जिसके नागरिक 192 गंतव्यों पर वीज़ा-मुक्त या वीज़ा ऑन-आराइवल सुविधा का आनंद ले सकते हैं। जापान और दक्षिण कोरिया संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जहाँ 188 गंतव्यों तक पहुंच है।

#33. भारत की BRICS 2026 अध्यक्षता का मुख्य विषय क्या है?

भारत ने ‘ब्रिक्स 2026’ आयोजन की कमान संभाल ली है। मंगलवार को ‘ब्रिक्स 2026’ की वेबसाइट, थीम और लोगो लॉन्च किए गए। इस मौके पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर और ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर ‘मानवता प्रथम’ और ‘जन-केंद्रित’ दृष्टिकोण के साथ अपनी अध्यक्षता कर रहा है। हमारी अध्यक्षता का विषय है ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’। नया BRICS 2026 लोगो एकता में विविधता का प्रतीक है। इसमें परंपरा और आधुनिकता का सुंदर मिश्रण दिखता है। लोगो की पंखुड़ियों में सभी BRICS सदस्य देशों के रंग शामिल हैं, जो समानता, साझा उद्देश्य और पारस्परिक सम्मान को दर्शाते हैं।

#34. PSLV-C62/ईओएस-एन1 मिशन किस चरण की गड़बड़ी के कारण विफल हुआ?

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का PSLV-C62/ईओएस-एन1 मिशन रविवार को तकनीकी खामी के कारण विफल घोषित कर दिया गया। इस मिशन के तहत रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित अत्यंत गोपनीय हाइपरस्पेक्ट्रल निगरानी उपग्रह ‘अन्वेषा’ का प्रक्षेपण किया गया था, लेकिन रॉकेट के तीसरे चरण (PS3) के अंतिम चरण में आई गड़बड़ी के कारण उपग्रह को निर्धारित कक्षा में स्थापित नहीं किया जा सका। दरअसल, इसरो का यह 64वां पीएसएलवी मिशन (PSLV-C62/ईओएस-एन1) आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सुबह 10:18 बजे प्रक्षेपित किया गया था।

#35. भारत का पहला ‘बायो-हैप्पी जिला’ कौन-सा बना –

अरुणाचल प्रदेश का नवगठित जिला केयी पन्योर अब भारत का पहला ‘बायो-हैप्पी जिला’ बनने जा रहा है। यह पहल जैव विविधता संरक्षण और मानवीय कल्याण को एकीकृत करने का एक अभिनव प्रयास है, जो सतत विकास की दिशा में भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह परियोजना प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक एम. एस. स्वामीनाथन द्वारा प्रतिपादित “बायोहैप्पीनेस” की अवधारणा को पुनर्जीवित करती है और पारिस्थितिकी, आजीविका तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य के समन्वय से आधारित एक विकास मॉडल को बढ़ावा देती है। बायोहैप्पीनेस का आशय उस मानव कल्याण की अवस्था से है, जो तब प्राप्त होती है जब जैव विविधता का संरक्षण और सतत उपयोग करके पोषण, सार्वजनिक स्वास्थ्य, आय और आजीविका को सुदृढ़ किया जाता है।

#36. देश की पहली पूरी तरह पेपरलेस जिला अदालत का उद्घाटन कहाँ हुआ –

भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्य कांत ने 06 जनवरी 2026 को केरल के वायनाड ज़िले के कल्पेट्टा में देश की पहली पूरी तरह पेपरलेस ज़िला अदालत का वर्चुअल उद्घाटन किया। यह ऐतिहासिक उपलब्धि ज़िला न्यायपालिका के पूर्ण डिजिटल परिवर्तन का प्रतीक है, जहाँ अब मामले की दाख़िलगी से लेकर अंतिम निर्णय तक सभी न्यायिक कार्यवाहियाँ पूरी तरह इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से संचालित होंगी। ये सभी प्रक्रियाएं District Court Case Management System (DCCMS) के माध्यम से संचालित होंगी, जिसे केरल हाई कोर्ट द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित किया गया है।

#37. विश्व हिंदी दिवस हर वर्ष किस तारीख को मनाया जाता है –

विदेशों में हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के विश्व हिंदी दिवस की शुरुआत हुई थी। इसका उद्देश्य कूटनीति, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हिंदी के उपयोग को प्रोत्साहित करना है। वर्ष 2006 में 10 जनवरी के दिन नागपुर में पहला विश्व हिंदी सम्मेलन आयोजित किया गया था। तब से हर वर्ष 10 जनवरी, विश्व हिंदी दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।

#38. ‘भैरव’ फोर्स का गठन किसने किया है –

जनवरी 2026 में भारतीय सेना ने सैन्य आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘भैरव’ नामक एक नए आधुनिक युद्ध बल के गठन की घोषणा की। यह विशिष्ट (एलीट) बल ड्रोन तकनीक को युद्ध अभियानों में एकीकृत करने के लिए बनाया गया है, जिससे तकनीक-आधारित आधुनिक युद्ध के युग में भारत की युद्धक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इस नए बल में 1 लाख से अधिक प्रशिक्षित ड्रोन ऑपरेटर शामिल होंगे, जो इसे दुनिया की सबसे बड़ी समर्पित ड्रोन युद्ध इकाइयों में से एक बनाता है।

#39. UNDESA की रिपोर्ट के अनुसार चालू वित्त वर्ष में भारत की अनुमानित आर्थिक वृद्धि दर कितनी है?

संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक मामलों के विभाग-यू.एन.डी.ई.एस.ए ने एक रिपोर्ट में कहा है कि उपभोग और सार्वजनिक निवेश के कारण चालू वित्त वर्ष में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। विश्व आर्थिक स्थिति और संभावनाएँ 2026 रिपोर्ट में यह भी अनुमान लगाया गया है कि भारत की आर्थिक वृद्धि दर 2026-27 वित्त वर्ष में 6.6 प्रतिशत और 2027-28 वित्त वर्ष में 6.8 प्रतिशत रहेगी।

#40. OpenAI द्वारा लॉन्च किए गए नए हेल्थ फीचर का नाम क्या है –

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI ने ChatGPT Health नाम से एक नया हेल्थ फीचर लॉन्च किया है। इसके जरिए अब लोग अपने मेडिकल रिकॉर्ड और हेल्थ/फिटनेस ऐप्स को सुरक्षित तरीके से ChatGPT से कनेक्ट कर सकेंगे। OpenAI ने बताया कि इस फीचर को दुनिया के 60 देशों के 260 से ज्यादा डॉक्टरों की सलाह से तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को अपनी सेहत को बेहतर तरीके से समझने और मैनेज करने में मदद करना है।

#41. आधार के शुभंकर ‘उदय’ का शुभारंभ किस संस्था द्वारा किया गया है –

भारतीय विशिष्‍ट पहचान प्राधिकरण-यूआईडीएआई ने आधार का शुभंकर उदय का शुभारंभ किया। इलेक्‍ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा कि यह शुभंकर आधार से संबंधित जानकारी को अधिक सुलभ और लोगों के लिए सहज बनाने में सहायक होगा। मंत्रालय ने बताया कि शुभंकर अपडेट, प्रमाणीकरण और ऑफ़लाइन सत्यापन सहित आधार सेवाओं के संचार को सरल बनाएगा।

#42. विश्व का पहला व्यावसायिक जैव-बिटुमेन उत्पादक देश कौन बना है –

भारत ने दुनिया में पहली बार व्यावसायिक स्तर पर जैव-बिटुमेन (Bio-Bitumen) का उत्पादन शुरू कर सड़क निर्माण में टिकाऊ तकनीक को नया आयाम दिया है। इस ऐतिहासिक घोषणा को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नई दिल्ली में आयोजित CSIR तकनीक हस्तांतरण समारोह में किया। जिसमें ‘बायो-बिटुमेन वाया पायरोलिसिस: फ्रॉम फार्म रेसिड्यू टू रोड्स’ नामक सफल प्रौद्योगिकी हस्तांतरण हुआ है, जो सीएसआईआर-केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीआरआरआई) नई दिल्ली और सीएसआईआर-भारतीय पेट्रोलियम संस्थान देहरादून (सीएसआईआर-आईआईपी) द्वारा विकसित एक स्वदेशी नवाचार है। यह उपलब्धि न केवल फॉसिल फ्यूल पर निर्भरता कम करने की दिशा में एक बड़ी पहल है, बल्कि यह पराली जलाने जैसी पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने में भी सहायक सिद्ध होगी। बिटुमेन एक काले, चिपचिपे पदार्थ के रूप में कच्चे तेल से प्राप्त होता है और सड़क निर्माण में बाइंडिंग मटेरियल के रूप में इस्तेमाल होता है।

#43. ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का आयोजन किस राज्य में किया जा रहा है –

गुजरात के गिर सोमनाथ में 8 से 10 जनवरी तक आयोजित होने वाला ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद खास होने जा रहा है। इस वर्ष यह आयोजन इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि ठीक एक हजार वर्ष पहले महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर पर हमला किया था। इस ऐतिहासिक घटना की 1,000वीं बरसी पर सोमनाथ नगरी एक बार फिर आस्था, स्वाभिमान और सनातन संस्कृति के संदेश के साथ देश-दुनिया को जोड़ने जा रही है। इस तीन दिवसीय पर्व के दौरान सोमनाथ मंदिर में लगातार 24 घंटे ‘ऊंकार नाथ’ का जाप किया जाएगा।

#44. अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित कलई-II जलविद्युत परियोजना किस नदी पर स्थित है –

केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति ने अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित कलई-II जलविद्युत परियोजना को पर्यावरणीय मंज़ूरी देने की सिफारिश की है। इस निर्णय पर पर्यावरणविदों ने गंभीर चिंता जताई है, क्योंकि उनका कहना है कि परियोजना की पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) रिपोर्ट में लोहित नदी बेसिन में पाई जाने वाली गंभीर रूप से संकटग्रस्त श्वेत-उदर बगुला (White-bellied Heron) की उपस्थिति का उल्लेख नहीं किया गया।

#45. खेलो इंडिया समुद्र तटीय खेलों का आयोजन किस स्थान पर किया जा रहा है –

खेलो इंडिया समुद्र तटीय खेल दीव के समुद्री तट घोगला पर शुरू हो रहे हैं। इसका आयोजन केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव कर रहे हैं। प्रतियोगिता के आठ खेलों में 21 सौ से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। ये खेल जनवरी 5 से 10 जनवरी तक भारतीय खेल प्राधिकरण और राष्ट्रीय खेल संघों की देखरेख में आयोजित किए जाएंगे।

#46. ‘दिमाग खाने वाला अमीबा’ किस नाम से जाना जाता है –

अमीबा मिट्टी और पानी में पाए जाने वाले एक कोशिकीय जीव होते हैं। अधिकतर अमीबा हानिरहित होते हैं, लेकिन कुछ प्रजातियां गंभीर और जानलेवा संक्रमण फैला सकती हैं। इनमें सबसे खतरनाक Naegleria fowleri है, जिसे ‘दिमाग खाने वाला अमीबा’ कहा जाता है। यह तब शरीर में प्रवेश करता है जब संक्रमित पानी नाक के जरिए अंदर जाता है, जैसे स्विमिंग या तालाब में नहाते समय। यह अमीबा मस्तिष्क में घातक संक्रमण पैदा करता है, जो अक्सर जानलेवा साबित होता है।

#47. भारत–यूएई संयुक्त सैन्य अभ्यास डेज़र्ट साइक्लोन–II का आयोजन कहाँ किया गया –

भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) नियमित संयुक्त सैन्य अभ्यासों के माध्यम से अपनी रणनीतिक रक्षा साझेदारी को लगातार मजबूत कर रहे हैं। डेज़र्ट साइक्लोन–II, द्विपक्षीय थलसेना अभ्यास का दूसरा संस्करण, अबू धाबी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने दोनों देशों की सेनाओं के बीच बढ़ती इंटरऑपरेबिलिटी, आपसी विश्वास और समन्वय को प्रदर्शित किया। भारत–UAE संयुक्त सैन्य अभ्यास डेज़र्ट साइक्लोन–II का दूसरा संस्करण 30 दिसंबर 2025 को अबू धाबी में संपन्न हुआ।

#48. ज़ेहनपोरा (बारामूला) में खोजे गए बौद्ध स्तूप किस काल से संबंधित हैं –

जम्मू- कश्मीर के बारामूला के ज़ेहनपोरा में टीलों से 2000 साल प्राचीन बौद्ध स्तूप और शहरी-प्रकार की बस्तियाँ की खोज हुई है। सेब के बागों और धान के खेतों के बीच, झेलम नदी के किनारे एक घाटी में, कई टीले थे जिन्होंने ज़ेहनपोरा गाँव के स्थानीय लोगों के बीच लंबे समय से जिज्ञासा जगा रखी थी। ज़ेहनपोरा गाँव में इस खोज में कुषाण काल ​​के स्तूप, मठ भवन और अन्य संरचनाएँ सामने आई। जब पुरातत्वविदों ने टीलों का व्यवस्थित अध्ययन शुरू किया, जो कंधार और उससे आगे जाने वाले एक प्राचीन सिल्क रूट के किनारे स्थित हैं और ड्रोन सर्वे, हवाई फोटोग्राफी और मैपिंग का इस्तेमाल किया, तो यह साफ हो गया कि वे एक प्राचीन संरचना का हिस्सा थे।

#49. 8वां राज्य वेतन आयोग गठित करने वाला देश का पहला राज्य कौन-सा बना है –

असम ने सरकारी वेतन सुधारों के क्षेत्र में पहल करते हुए देश का पहला राज्य बनने का गौरव हासिल किया है, जिसने अपनी 8वीं राज्य वेतन आयोग (8th State Pay Commission) का गठन किया है। यह सक्रिय निर्णय 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 1 जनवरी 2026 को समाप्त होने से पहले लिया गया है।

#50. 100 मिलीग्राम से अधिक निमेसुलाइड युक्त दवाओं पर प्रतिबंध किस अधिनियम के अंतर्गत लगाया गया है –

सरकार ने 100 मिलीग्राम से अधिक निमेसुलाइड युक्त सभी दवाओं के निर्माण, बिक्री और वितरण पर प्रतिबंध लगा दिया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने राजपत्र अधिसूचना में कहा है कि यह कदम औषधि तकनीकी सलाहकार बोर्ड के परामर्श से उठाया गया है। इसे औषधि और सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 की धारा 26ए के अन्‍तर्गत प्रतिबंधित किया गया है।

Previous
Finish

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *