Results
#1. ‘नौसेना शौर्य संग्रहालय’ का निर्माण किस शहर में किया जाएगा –
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक में राजधानी लखनऊ में प्रस्तावित ‘नौसेना शौर्य संग्रहालय’ की प्रस्तुति का अवलोकन करते हुए इसके शीघ्र निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय भारतीय नौसेना की अदम्य शौर्यगाथाओं और हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की सामुद्रिक क्षमता का जीवंत प्रतीक बनेगा। सीएम योगी ने कहा कि समुद्र भारत की सभ्यता का मंथन स्थल रहा है और भारतीय नौसेना उस गौरवशाली परंपरा की आधुनिक अभिव्यक्ति है।
#2. 56वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) 2025 कहाँ आयोजित होगा –
56वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) 2025 का आयोजन 20 से 28 नवंबर 2025 तक गोवा के पणजी में किया जाएगा। आईएफएफआई 2025 के लिए मीडियाकर्मियों के पंजीकरण शुरू हो गए हैं। आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मान्यता प्राप्त मीडिया पेशेवरों को दुनिया भर के प्रख्यात फिल्म निर्माताओं और कलाकारों के साथ फिल्म स्क्रीनिंग, पैनल चर्चा, मास्टरक्लास और नेटवर्किंग सत्रों तक विशेष पहुँच प्राप्त होगी।
#3. रूस द्वारा हाल ही में परीक्षण किया गया ‘Poseidon’ क्या है –
रूस ने एक और परमाणु ऊर्जा से चलने वाले हथियार का परीक्षण किया है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को जानकारी दी कि इस बार ‘Poseidon’ नाम का पानी के नीचे चलने वाला ड्रोन सफलतापूर्वक टेस्ट किया गया। ‘Poseidon’ एक आधुनिक स्वचालितपानी के नीचे चलने वाला ड्रोन है, जो परमाणु ऊर्जा से चलता है। यह समुद्र की गहराई में बेहद तेज गति से चल सकता है और मौजूदा किसी भी रक्षा प्रणाली से बच निकलने की क्षमता रखता है और शत्रु देशों के तटों के पास रेडियोधर्मी सुनामी उत्पन्न करने में सक्षम है, जो व्यापक विनाश ला सकती है।
#4. भारतीय सेना द्वारा खरीदा जा रहा पहला स्वदेशी “Software Defined Radio” (SDR) किस संगठन द्वारा विकसित किया गया है –
भारत की रक्षा संचार क्षमताओं में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में, भारतीय सेना (Indian Army) ने अपने पहले स्वदेशी रूप से डिज़ाइन और निर्मित सॉफ्टवेयर डिफाइंड रेडियो (Software Defined Radios – SDRs) की आपूर्ति के लिए एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। ये SDR प्रणालियाँ रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) द्वारा विकसित की गई हैं और इनका उत्पादन भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) द्वारा किया जाएगा।
#5. न्यायमूर्ति सूर्यकांत किस क्रम के मुख्य न्यायाधीश होंगे –
न्यायमूर्ति सूर्यकांत भारत के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने न्यायमूर्ति सूर्यकांत को अगला मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 24 नवम्बर से प्रभावी होगी। न्यायमूर्ति सूर्यकांत देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। वे मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल अगले महीने की 23 तारीख को समाप्त होगा।
#6. ‘साइबर जागो’ कार्यक्रम किस राज्य की पुलिस द्वारा शुरू किया गया है –
पंजाब पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने प्रमुख राज्यव्यापी ‘साइबर जागो’ कार्यक्रम की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य बढ़ते ऑनलाइन खतरों से बच्चों की सुरक्षा और उनकी डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत सभी सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए इंटरनेट सुरक्षा और सुरक्षित ऑनलाइन उपयोग के बारे में जागरूकता फैलाई जाएगी।
#7. गुजरात के कोटड़ा भाडली में खोजे गए 4000 वर्ष पुराने स्थल को किस रूप में पहचाना गया है –
गुजरात के कच्छ के कोटड़ा भादली में 4,000 साल पुरानी हड़प्पा बस्ती की पहचान सबसे प्राचीन ज्ञात कारवां सराय के रूप में की है – एक किलाबंद ग्रामीण पड़ाव जो 2300 और 1900 ईसा पूर्व के बीच लंबी दूरी के व्यापार का समर्थन करता था। गुजरात से होकर गुज़रने वाले कांस्य युग के व्यापारी सड़क किनारे सुव्यवस्थित सुविधाओं पर रुकते थे, जहाँ उनके सामान ढोने वाले जानवरों के लिए आश्रय, भोजन, सुरक्षा और अस्तबल उपलब्ध थे। पुणे स्थित डेक्कन कॉलेज पोस्ट-ग्रेजुएट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, सिम्बायोसिस स्कूल फॉर लिबरल आर्ट्स और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई), नई दिल्ली द्वारा किए गए एक नए बहु-विषयक अध्ययन, जो एल’एंथ्रोपोलॉजी (एल्सेवियर, 2025) में प्रकाशित हुआ है।
#8. 8वें केंद्रीय वेतन आयोग (CPC) की अध्यक्ष कौन नियुक्त की गई हैं –
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 28 अक्टूबर 2025 को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में 8वें केंद्रीय वेतन आयोग (8th Central Pay Commission – CPC) की शर्तें एवं संदर्भ बिंदु (Terms of Reference – ToR) को स्वीकृति दी गई। यह निर्णय केंद्र सरकार के कर्मचारियों के वेतन ढांचे और सेवा शर्तों की पुनर्समीक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम है। 8वां वेतन आयोग देश की आर्थिक परिस्थितियों और राजकोषीय स्थिरता (fiscal sustainability) को ध्यान में रखते हुए वर्तमान वेतन प्रणाली का मूल्यांकन करेगा और आवश्यक सिफारिशें प्रस्तुत करेगा। 8वां केंद्रीय वेतन आयोग एक अस्थायी निकाय के रूप में कार्य करेगा, जिसकी संरचना होगी —सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आयोग में एक अध्यक्ष, एक सदस्य (अंशकालिक) और एक सदस्य-सचिव शामिल होंगे।
#9. 8वां अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन सत्र कहाँ आयोजित हुआ –
अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन सभा का 8वाँ सत्र 27-30 अक्टूबर, 2025 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हुआ। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने 28 अक्टूबर, 2025 को नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन सभा (आईएसए) के आठवें सत्र के शुरु हुए पूर्ण अधिवेशन का उद्घाटन किया। 4 दिवसीय इस आयोजन में 124 देश भाग लेंगे और दुनिया भर के 40 से ज़्यादा मंत्री इस सत्र में शामिल होंगे। अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन एक वैश्विक पहल है जिसकी शुरुआत 2015 में भारत और फ्रांस ने पेरिस में COP21 में की थी। इसके 124 सदस्य और हस्ताक्षरकर्ता देश हैं। ISA का मिशन 2030 तक सौर ऊर्जा में निवेश को बढ़ावा देना है और साथ ही इस तकनीक और इसके वित्तपोषण की लागत को कम करना है। 6 दिसंबर, 2017 को, 15 देशों ने ISA फ्रेमवर्क समझौते पर हस्ताक्षर और अनुसमर्थन किया, जिससे ISA भारत में मुख्यालय वाला पहला अंतर्राष्ट्रीय अंतर-सरकारी संगठन बन गया। इसका मुख्यालय गुरुग्राम, हरियाणा, भारत में है। यह भारत में मुख्यालय वाला पहला अंतर्राष्ट्रीय अंतर-सरकारी संगठन है।
#10. तूफ़ान मेलिसा किस देश को प्रभावित कर रहा है –
जमैका इस साल के सबसे शक्तिशाली तूफ़ान, मेलिसा से जुझने वाला है। यह तूफ़ान वर्तमान में 175 मील प्रति घंटे की रफ़्तार से चल रहा है। इसके बाद ही यह कैटेगरी-5 तूफान बन गया। मेलिसा तूफ़ान ने हैती और डोमिनिकन गणराज्य में पहले ही चार लोगों की जान ले ली है। यूएस नेशनल हरिकेन सेंटर (एनएचसी) का कहना है कि यह 2005 (प्यूर्टो रिको) के कटरीना और 2017 (अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स) के मारिया से कहीं ज्यादा खतरनाक है।
#11. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2026 को किस नाम से मनाने की घोषणा की –
26 अक्टूबर 2025 को आयोजित 22वें आसियान-भारत (ASEAN-India) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की कि वर्ष 2026 को “आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष” (ASEAN-India Year of Maritime Cooperation) के रूप में मनाया जाएगा। यह घोषणा भारत की इस इच्छा को दर्शाती है कि वह दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन आसियान (ASEAN) के साथ अपने समुद्री, सुरक्षा, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और गहरा करना चाहता है।
#12. सखारोव पुरस्कार 2025 किस दो देशों के पत्रकारों को प्रदान किया गया –
यूरोपीय संघ ने वर्ष 2025 के लिए अपने सर्वोच्च मानवाधिकार सम्मान, सखारोव पुरस्कार, को दो जेल में बंद पत्रकारों, बेलारूस के आंद्रेज पोकज़ोबुत और जॉर्जिया की मज़िया अमाघ्लोबेली को देने की घोषणा की है। आंद्रेज पोकज़ोबुत प्रमुख बेलारूसी पत्रकार और मानवाधिकार अधिवक्ता एक प्रमुख पोलिश समाचार पत्र, गज़ेटा वायबोर्ज़ा के लिए बेलारूस संवाददाता। झूठे आरोपों में 8 साल की जेल की सजा। म्ज़िया अमाघ्लोबेली प्रमुख जॉर्जियाई पत्रकार और स्वतंत्र मीडिया संगठनों की संस्थापक ने दो स्वतंत्र जॉर्जियाई मीडिया आउटलेट्स की स्थापना की जो जनता को सच्ची और निष्पक्ष खबरें प्रदान करते हैं। अगस्त 2025 में, सरकार विरोधी प्रदर्शन में एक पुलिस प्रमुख को थप्पड़ मारने के लिए उन्हें दो साल की जेल की सजा सुनाई गई।
#13. दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान का नाम क्या रखा गया है –
दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हवा के कम दबाव का क्षेत्र तीव्र होकर मोन्था नामक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है। अगले 12 घंटों में इसके दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य खाड़ी में और प्रबल होने की उम्मीद है और मंगलवार सुबह तक यह एक अत्यंत भीषण चक्रवात में बदल सकता है।
#14. भारत समुद्री सप्ताह (IMW 2025) कहां आयोजित किया जाएगा –
भारत सरकार का पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय 27 से 31 अक्टूबर 2025 तक मुंबई के एनईएससीओ नेस्को मैदान में भारत समुद्री सप्ताह 2025 (आईएमडब्ल्यू 2025) का आयोजन करने जा रहा है। यह विश्व स्तर पर सबसे बड़ा समुद्री सम्मेलन होगा, जिसमें समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र के प्रमुख हितधारक एक साथ आएंगे। इस आयोजन का विषय है- महासागरों का एकीकरण, एक समुद्री दृष्टिकोण।
#15. 2025 के राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कारों में प्रोफेसर जयंत विष्णु नार्लीकर को कौन-सा पुरस्कार मरणोपरांत दिया गया –
2025 के राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कारों की घोषणा की गई है। प्रोफेसर जयंत विष्णु नार्लीकर को मरणोपरांत विज्ञान रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। विज्ञान श्री पुरस्कार के लिए आठ वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। विज्ञान युवा श्रेणी के अंतर्गत, विभिन्न विषयों से 14 युवा वैज्ञानिकों का चयन किया गया है, जबकि विज्ञान टीम पुरस्कार, कृषि विज्ञान में योगदान के लिए टीम अरोमा मिशन, वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अंनुसंधान परिषद को दिया जा रहा है।
#16. (अक्टूबर 2025 में) कंबोडिया और थाईलैंड के बीच ऐतिहासिक शांति समझौता किस शहर में हुआ –
दक्षिण पूर्व एशिया में वर्षों से चले आ रहे तनाव को खत्म करते हुए कंबोडिया और थाईलैंड ने रविवार को ऐतिहासिक शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में हुआ, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मलेशियाई प्रधानमंत्री व आसियान (ASEAN) के अध्यक्ष अनवर इब्राहिम की मौजूदगी रही। दोनों नेताओं ने इस समझौते की मध्यस्थता में अहम भूमिका निभाई।
#17. भारत का पहला ग्लास सस्पेंशन ब्रिज “बजरंग सेतु” कहाँ बनाया जा रहा है –
भारत के प्रमुख आध्यात्मिक एवं पर्यटन स्थलों में से एक ऋषिकेश अब एक नई स्थापत्य (architectural) पहचान हासिल करने जा रहा है। गंगा नदी पर बन रहा आधुनिक सस्पेंशन ब्रिज “बजरंग सेतु” लगभग तैयार है और दिसंबर 2025 तक इसके खुलने की संभावना है। यह पुल उस ऐतिहासिक लक्ष्मण झूला का स्थान लेगा, जिसे सुरक्षा कारणों से 2019 में बंद कर दिया गया था। लक्ष्मण झूला, जो 1929 में बना था, ऋषिकेश की पहचान और श्रद्धालुओं व पर्यटकों का मुख्य आकर्षण था।
#18. नासा द्वारा खोजा गया 2025 PN7 किस प्रकार का खगोलीय पिंड है?
पृथ्वी को हाल ही में एक नया अंतरिक्ष साथी मिला है — 2025 PN7 नाम का एक छोटा क्षुद्रग्रह, जिसे नासा ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है। यह कोई असली “चांद” नहीं है, लेकिन यह सूर्य की परिक्रमा लगभग पृथ्वी जैसी कक्षा में करता है, जिससे ऐसा लगता है मानो यह हमारे ग्रह के साथ-साथ अंतरिक्ष में यात्रा कर रहा हो। यह क्षुद्रग्रह सीधे पृथ्वी की परिक्रमा नहीं करता, बल्कि सूर्य की परिक्रमा एक ऐसी कक्षा में करता है जो लगभग पृथ्वी की कक्षा से मेल खाती है। इस कारण यह पृथ्वी के “पास-पास चलता हुआ” प्रतीत होता है, हालांकि वास्तव में यह स्वतंत्र रूप से अंतरिक्ष में घूम रहा है। शोधकर्ताओं का अनुमान है कि 2025 PN7 पिछले लगभग 60 वर्षों से पृथ्वी की कक्षा के समीप चल रहा है और यह स्थिति सन् 2083 तक बनी रह सकती है, जिसके बाद यह धीरे-धीरे गहरे अंतरिक्ष की ओर निकल जाएगा। कई सप्ताह तक अध्ययन करने के बाद, नासा ने इसकी कक्षा की पुष्टि की और इसे “क्वासी-मून” (Quasi-Moon) यानी अर्ध-उपग्रह के रूप में वर्गीकृत किया — जो अस्थायी रूप से पृथ्वी के साथ सूर्य की परिक्रमा साझा करता है।
#19. ‘महा MedTech मिशन’ किस संस्था ने आईसीएमआर और गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से शुरू किया है –
अनुसंधान राष्ट्रीय रिसर्च प्रतिष्ठान (एएनआरएफ) ने भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और गेट्स फाउंडेशन के सहयोग “महा MedTech” नामक एक महत्वाकांक्षी पहल की घोषणा की। इस ऐतिहासिक पहल का उद्देश्य भारत के चिकित्सा प्रौद्योगिकी क्षेत्र में नवाचार को गति देना, उच्च लागत वाले आयातों पर निर्भरता कम करना और किफायती एवं उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा प्रौद्योगिकियों तक समान पहुँच को बढ़ावा देना है।
#20. सुनील अमृत को ब्रिटिश अकादमी बुक प्राइज़ 2025 किस पुस्तक के लिए मिला –
प्रसिद्ध भारतीय मूल के इतिहासकार सुनील अमृत (Sunil Amrith) ने अपनी उत्कृष्ट पुस्तक The Burning Earth: An Environmental History of the Last 500 Years के लिए ब्रिटिश एकेडमी बुक प्राइज़ 2025 जीता है। यह पुरस्कार हर वर्ष एक ऐसी गैर-काल्पनिक (non-fiction) पुस्तक को दिया जाता है, जो वैश्विक इतिहास, संस्कृति और समाज की गहरी समझ प्रस्तुत करती है। पुरस्कार राशि £25,000 (लगभग ₹26 लाख) है।
#21. तुवालू हाल ही में (अक्टूबर 2025 में) IUCN का कौन-सा सदस्य देश बना है –
दुनिया के सबसे छोटे और जलवायु परिवर्तन से सबसे अधिक प्रभावित देशों में से एक, तुवालू (Tuvalu) ने आधिकारिक रूप से अंतर्राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इस कदम के साथ तुवालू अब IUCN का 90वां सदस्य राष्ट्र बन गया है, जो पर्यावरणीय शासन को सशक्त बनाने और वैश्विक संरक्षण प्रयासों में अपनी भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। प्रशांत महासागर (Pacific Ocean) में स्थित तुवालू नौ एटोल (atolls) और निम्न-भूमि वाले द्वीपों से मिलकर बना है, जिसकी कुल भूमि लगभग 26 वर्ग किलोमीटर है। हालाँकि इसका विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (EEZ) लगभग 9 लाख वर्ग किलोमीटर में फैला है, जिसमें समृद्ध कोरल रीफ (coral reefs), मत्स्य संसाधन (fisheries) और प्रवासी समुद्री पक्षी (migratory seabirds) पाए जाते हैं।
#22. 100 केरल को ‘अत्यधिक गरीबी मुक्त राज्य’ के रूप में कब घोषित किया जाएगा –
भारत के सामाजिक विकास इतिहास में एक मील का पत्थर स्थापित करते हुए, केरल अब आधिकारिक रूप से “अत्यंत गरीबी-मुक्त राज्य” (Free of Extreme Poverty State) घोषित होने जा रहा है। यह घोषणा मुख्यमंत्री पिनराई विजयन द्वारा 1 नवम्बर 2025 को तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में एक सार्वजनिक समारोह में की जाएगी। यह उपलब्धि राज्य के समावेशी विकास (Inclusive Growth) और लक्षित कल्याण कार्यक्रमों पर निरंतर ध्यान का परिणाम है, जो अब अन्य राज्यों के लिए एक आदर्श मॉडल बन सकती है। अत्यंत गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम (Extreme Poverty Eradication Programme) वर्ष 2021 में शुरू किया गया था, जब वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) सरकार ने अपना दूसरा कार्यकाल शुरू किया।
#23. ‘मोदी का मिशन’ पुस्तक के लेखक कौन हैं –
महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में ‘मोदी का मिशन’ नामक पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक के लेखक प्रसिद्ध वकील बर्जिस देसाई हैं। पुस्तक ‘मोदी का मिशन’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वडनगर में साधारण बचपन से लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय तक के असाधारण व्यक्तिगत सफर को दर्शाती है।
#24. भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा शुरू किए गए “हार्बिंगर 2025” हैकथॉन का विषय क्या है?
भारतीय रिज़र्व बैंक ने अपना चौथा वैश्विक हैकथॉन, हार्बिंगर 2025 – इनोवेशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन शुरू किया है। इसका उद्देश्य वित्तीय लेन-देन के लिए नवीन तकनीक-आधारित समाधान विकसित करना, ग्राहकों की पहचान की रक्षा करना और विश्वास को बढ़ावा देना है। इस वर्ष हैकथॉन का विषय है- “सुरक्षित बैंकिंग: पहचान, अखंडता और समावेशिता द्वारा संचालित” । रिज़र्व बैंक ने संस्थाओं और व्यक्तियों को तीन समस्या-सूत्रों – टोकनकृत केवाईसी, ऑफलाइन सीबीडीसी और विश्वास बढ़ाने – के अंतर्गत नवाचार और तकनीक का उपयोग करके समाधान विकसित करने के लिए आमंत्रित किया है।
#25. भारत को पोलियो मुक्त देश किस वर्ष घोषित किया गया था –
हर साल 24 अक्टूबर को विश्व पोलियो दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य पोलियो के प्रति जागरूकता फैलाना और बच्चों को बचाना है। पोलियो मुख्य रूप से पांच साल से कम उम्र के बच्चों को प्रभावित करता है। यदि समय पर इलाज और टीकाकरण न किया जाए, तो यह बीमारी बच्चों को पैरालिसिस यानी लकवा जैसी गंभीर स्थिति में डाल सकती है, जिससे शरीर के कुछ हिस्से ठीक से काम नहीं कर पाते। पोलियो एक वायरस से फैलने वाली बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के मल, पेशाब या दूषित पानी और भोजन के माध्यम से अन्य बच्चों तक पहुंच सकती है। व्यापक टीकाकरण अभियान और सरकारी पहल के चलते भारत 2014 में पोलियो मुक्त घोषित हुआ। हालांकि, पोलियो का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, इसलिए जागरूकता और टीकाकरण अभियान लगातार जारी हैं।
#26. FIDE विश्व कप 2025 कहाँ आयोजित किया जाएगा?
भारत ने अंतर्राष्ट्रीय खेलों में एक महत्वपूर्ण क्षण चिह्नित किया जब मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने 21 अक्टूबर 2025 को गोवा के पणजी में एक सांस्कृतिक समारोह में FIDE वर्ल्ड कप 2025 के आधिकारिक लोगो और गान का अनावरण किया। यह मील का पत्थर 23 वर्षों बाद वैश्विक शतरंज को भारत वापस लाने के साथ-साथ एक ऐसे आयोजन का मंच तैयार करता है जो खेल, संस्कृति और राष्ट्रीय गर्व को जोड़ता है। वर्ल्ड कप उत्तर गोवा में 31 अक्टूबर से 27 नवंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा।
#27. भारतीय सेना द्वारा गठित “भैरव बटालियन” का मुख्य उद्देश्य क्या है –
भारतीय सेना एक साहसिक परिवर्तन से गुजर रही है, जिसमें 25 भैरव बटालियन की स्थापना की जा रही है। ये नई श्रेणी की एलीट यूनिट नियमित इन्फैंट्री और स्पेशल फोर्सेज़ के बीच कार्य करेंगी। ये “लीन और मीन” बटालियनें सपर्साइज स्ट्राइक, काउंटर‑इंसर्जेंसी, टोही और उच्च‑गतिवान मिशनों पर विशेष ध्यान देंगी, विशेषकर चीन और पाकिस्तान के संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में। इन बटालियनों का गठन तेजी से प्रतिक्रिया क्षमता और सामरिक गहराई बढ़ाने के लिए सेना के व्यापक आधुनिकीकरण अभियान का हिस्सा है।
#28. 2026 शीतकालीन ओलंपिक के मशालवाहक के रूप में किस भारतीय खिलाड़ी को चुना गया है –
ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा को अगले वर्ष होने वाले शीतकालीन ओलंपिक 2026 के लिए मशालवाहक (Torch-bearer) के रूप में चुना गया है। यह खेल आयोजन 6 से 22 फरवरी, 2026 तक मिलान और कोर्टिना डी’अमपेत्जो (इटली) में आयोजित किया जाएगा। बिंद्रा ने 2008 बीजिंग ओलंपिक में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था।
#29. चौथी दक्षिण एशियाई एथलेटिक्स (SAAF) सीनियर चैंपियनशिप 2025 कहाँ आयोजित की जाएगी –
अक्टूबर 2025 में, झारखंड के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल और युवा मामलों के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झारखंड के रांची स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में चौथी दक्षिण एशियाई एथलेटिक्स (SAAF) सीनियर चैंपियनशिप के लिए आधिकारिक लोगो, शुभंकर और राष्ट्रगान का अनावरण किया। यह टूर्नामेंट 24 से 26 अक्टूबर, 2025 तक रांची (झारखंड) में आयोजित होने वाला है। राज्य के प्रतीक पशु (हाथी) से प्रेरित “डालमा” झारखंड की शक्ति, सौम्यता और खेल भावना का जीवंत प्रतीक है. उसके शरीर पर बने सोहराय और खोवर टैटू झारखंड की जनजातीय कला की आत्मा को दर्शाते हैं।
#30. और यूरोपीय संघ का पहला संयुक्त आतंकवाद-रोधी प्रशिक्षण कहाँ आयोजित हुआ –
अक्टूबर 2025 में, भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने हरियाणा के गुरुग्राम के मानेसर स्थित राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) परिसर में अपनी तरह का पहला आतंकवाद-रोधी प्रशिक्षण आयोजित किया। 13-15 अक्टूबर, 2025 तक आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य मानवरहित हवाई प्रणालियों (यूएएस), जिन्हें आमतौर पर ड्रोन कहा जाता है, से उभरते खतरों से महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचे और आसान लक्ष्यों की रक्षा करना था।
#31. सीएफए ग्लोबल पेंशन इंडेक्स 2025 में भारत का स्थान क्या रहा –
अक्टूबर 2025 में, एक अमेरिकी परामर्श फर्म, मर्सर ने चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (सीएफए) इंस्टीट्यूट और मोनाश सेंटर फॉर फाइनेंशियल स्टडीज (एमसीएफएस) के सहयोग से “मर्सर सीएफए इंस्टीट्यूट ग्लोबल पेंशन इंडेक्स (एमसीजीपीआई) 2025” नामक एक रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट के अनुसार, भारत 52वें स्थान पर है, जो सूचकांक में सबसे निचला स्थान है, जिसका समग्र सूचकांक ग्रेड “डी” 100 में से 43.8 अंक है, जो 2024 के 44.0 से थोड़ा कम है। ग्रुप डी के अन्य देशों में तुर्किये (48.2), फिलीपींस (47.1) और अर्जेंटीना (45.9) शामिल हैं। नीदरलैंड 85.4 अंकों के साथ पेंशन इंडेक्स में शीर्ष पर रहा, उसके बाद आइसलैंड 84.0 और डेनमार्क 82.3 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
#32. जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री कौन बनी हैं –
सुश्री साने ताकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बन गई हैं। सुश्री ताकाइची को उच्च सदन में 125 वोट मिले, जो जीत के लिए आवश्यक साधारण बहुमत से सिर्फ़ एक वोट अधिक है। निचले सदन में उन्हें 237 वोट मिले, जो आवश्यक बहुमत 233 से ज़्यादा है। पूर्व टेलीविज़न एंकर, सुश्री ताकाइची ने 1993 में राजनीति में प्रवेश किया और एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में निचले सदन में सीट हासिल की । वे 1996 में जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी में शामिल हुईं और पूर्व जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे के कार्यकाल में पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल हुईं।
#33. एशियन यूथ गेम्स 2025 का आयोजन किस देश में किया जा रहा है –
बहरीन के मनामा में चल रहे एशियन यूथ गेम्स 2025 में, भारत ने कुश्ती के एक पारंपरिक स्वरूप कुराश में दो और पदक जीते, जिससे इस खेल में पदकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। महिलाओं के 52 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में कनिष्का बिधूड़ी उज़्बेकिस्तान की मुबीनाबोनू करीमोवा से कड़े संघर्ष में तीन-शून्य से पराजित हो गई जिससे उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पुरुषों के 83 किलोग्राम वर्ग में अरविंद ने कांस्य पदक जीता। अरविंद ने क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के हिलोल दावलात्ज़ोडा पर 10-शून्य से जीत के साथ शानदार शुरुआत की, लेकिन सेमीफाइनल में उज़्बेकिस्तान के शोहजाहोन गोलिबोव से इसी स्कोर से पराजित हो गए।कुराश स्पर्धा में भारत ने चार सदस्यीय टीम उतारी थी। रविवार को महिलाओं के 70 किलोग्राम वर्ग में ख़ुशी ने कांस्य पदक जीतकर भारत को पहला पदक दिलाया था।
#34. (अक्टूबर 2025 में) चर्चा में रहा लूवर संग्रहालय किस शहर में है –
फ्रांस में, चोरों ने पेरिस के सबसे प्रतिष्ठित आकर्षणों में से एक, लूवर संग्रहालय से कई वस्तुएं चुरा लीं। बालाक्लाव पहने चोर संग्रहालय में घुस गए, उन्होंने ऊपर की मंजिल की खिड़की को क्रेन से तोड़ दिया, फिर फ्रांसीसी राजमुकुट के रत्नों वाले स्थान से अमूल्य वस्तुएं चुरा लीं और फिर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर भाग निकले। यह डकैती छह से सात मिनट तक चली और चार लोगों ने इसे अंजाम दिया।
#35. हर्ष संघवी को 17 अक्टूबर 2025 को किस राज्य का उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया –
गुजरात की राजनीति में 17 अक्टूबर 2025 को एक बड़ा परिवर्तन देखने को मिला, जब हर्ष संघवी ने गुजरात के उपमुख्यमंत्री (Deputy Chief Minister) के रूप में शपथ ली। यह नियुक्ति मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में हुए एक बड़े मंत्रिमंडल पुनर्गठन (Cabinet Reshuffle) का हिस्सा थी, जिसमें 25 नए मंत्रियों को शामिल किया गया। इस कदम का उद्देश्य शासन को पुनर्गठित करना, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को सुदृढ़ करना और आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए टीम को तैयार करना है।
#36. FIEO द्वारा लॉन्च की गई “ग्लोबल टेंडर सर्विस (GTS)” का मुख्य उद्देश्य क्या है –
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (फियो) ने शनिवार को भारतीय निर्यातकों, विशेष रूप से एमएसएमई की वैश्विक उपस्थिति का विस्तार करने के उद्देश्य से एक परिवर्तनकारी कदम उठाते हुए ग्लोबल टेंडर सर्विस (जीटीएस) लॉन्च की। फियो द्वारा विकसित और प्रबंधित, जीटीएस अब इंडियन ट्रेड पोर्टल पर उपलब्ध है, जो व्यापार संबंधी जानकारी और सुविधा के लिए भारत का वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म है। यह एक सब्सक्रिप्शन बेस्ड, रीयल-टाइम टेंडर एग्रीगेशन प्लेटफॉर्म है, जो भारतीय व्यवसायों को प्रतिदिन 15,000 से अधिक लाइव इंटरनेशनल टेंडर तक पहुंच प्रदान करता है, जो 150 से अधिक देशों में 8,000 से अधिक वेरिफाइड चैनलों से प्राप्त होते हैं।
#37. फिक्की के 2025-26 के लिए निर्वाचित अध्यक्ष कौन बने हैं –
भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (FICCI – Federation of Indian Chambers of Commerce and Industry) ने आरपीजी समूह (RPG Group) के उपाध्यक्ष अनंत गोयनका (Anant Goenka) को वर्ष 2025–26 के लिए अध्यक्ष-निर्वाचित (President-Elect) नियुक्त किया है।
#38. 16वें वित्त आयोग की अध्यक्षता कौन कर रहे हैं –
भारत सरकार ने 16वें वित्त आयोग (16th Finance Commission) के कार्यकाल को एक माह के लिए बढ़ा दिया है। अब आयोग अपनी अंतिम रिपोर्ट 30 नवंबर 2025 तक प्रस्तुत करेगा, जबकि पहले इसकी समयसीमा 31 अक्टूबर 2025 तय थी। यह आयोग, जिसकी अध्यक्षता अरविंद पनगढ़िया (Arvind Panagariya) कर रहे हैं, 2026–2031 की अवधि के लिए केंद्र और राज्यों के बीच कर राजस्व के वितरण तथा आपदा प्रबंधन वित्त व्यवस्था की समीक्षा पर सिफारिशें देगा। वित्त आयोग का गठन भारत के राष्ट्रपति द्वारा संविधान के अनुच्छेद 280 के तहत प्रत्येक पाँच साल या उससे पहले किया जाता है।
#39. अडाणी और गूगल की साझेदारी से भारत का सबसे बड़ा एआई डेटा हब कहाँ बनाया जाएगा –
भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित करते हुए अदाणी एंटरप्राइजेज की संयुक्त इकाई अदाणीकॉनेक्स (AdaniConnex) ने गूगल (Google) के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) में भारत का सबसे बड़ा डेटा सेंटर कैंपस बनाया जाएगा। इस परियोजना में 5 वर्षों में 15 अरब अमेरिकी डॉलर (₹1.25 लाख करोड़) का निवेश किया जाएगा, जिससे एक गिगावाट-स्तरीय कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) केंद्र स्थापित होगा।
#40. असम में काटी बिहू किस उद्देश्य से मनाया जाता है –
असम में पूरे राज्य में फसल कटाई से पहले का त्योहार कटि बिहू मनाया जा रहा है। यह बेहतर फसल और कृषि समृद्धि के लिए मनाया जाता है। असमिया कैलेंडर के अनुसार यह पर्व काटी मास में मनाया जाता है। इस पर्व को कंगोली बिहू के नाम से भी जाना जाता है। बता दें कि असम में तीन बार बिहू पर्व मनाया जाता है। भोगाली या माघ बिहू जो जनवरी महीने में मनाया जाता है। इसके बाद रोंगाली या बोहाग बिहू अप्रैल मास में और अंत में कोंगाली या काटी बिहू अक्टूबर महीने में मनाया जाता है।
#41. भारत की पहली स्वदेशी एंटीबायोटिक का नाम क्या है –
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि दवा और बायोटेक्नॉलोजी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी पहली स्वदेशी एंटीबायोटिक दवा नेफिथ्रोमाइसिन विकसित कर ली है। नई दिल्ली में तीन दिवसीय चिकित्सा कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि यह एंटीबायोटिक दवा प्रतिरोधी श्वसन संक्रमणों को समाप्त करने के लिए प्रभावी है। उन्होंने बताया कि यह दवा विशेष रूप से कैंसर रोगियों और अनियंत्रित मधुमेह रोगियों के लिए लाभदायक है। एंटीबायोटिक नेफिथ्रोमाइसिन को भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने प्रसिद्ध निजी फार्मा कंपनी वॉकहार्ट के सहयोग से विकसित किया है।
#42. किस शहर को वर्ष 2025 का विश्व का सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव घोषित किया गया है –
स्लोवेनिया के सुरम्य शहर ब्लेड को संयुक्त राष्ट्र की पर्यटन एजेंसी ने आधिकारिक तौर पर इस वर्ष के विश्व के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव के रूप में नामित किया है। यह स्थायी, समुदाय-आधारित पर्यटन के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को मान्यता देता है। अपनी हिमनद झील, द्वीप चर्च और मध्ययुगीन चट्टान के महल के लिए प्रसिद्ध, ब्लेड जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देते हुए प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने वाले ग्रामीण स्थलों के वैश्विक नेटवर्क में शामिल हो गया है। सोलकावा, राडोव्लजिका और बोहिंज के बाद यह खिताब हासिल करने वाला ब्लेड चौथा स्लोवेनियाई गांव है। विजेता के नाम की घोषणा चीन के हुझोउ में एक समारोह के दौरान की गई।
#43. अंतर्राष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस 2025 की थीम क्या थी –
हर वर्ष 17 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस (International Day for the Eradication of Poverty) विश्वभर में मनाया जाता है। यह दिन केवल आय असमानताओं पर विचार करने का अवसर नहीं है, बल्कि गरिमा, न्याय और समावेशी विकास पर बल देने का भी समय है। वर्ष 2025 में इस दिवस की थीम है — “परिवारों के प्रति सम्मान और प्रभावी समर्थन सुनिश्चित कर सामाजिक एवं संस्थागत दुर्व्यवहार का अंत करना।”
#44. UIDAI द्वारा आयोजित आधार शुभंकर प्रतियोगिता का पुरस्कार कितना है –
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण – यूआईडीएआई ने देश के रचनात्मक व्यक्तियों को आधार का शुभंकर प्रतीक बनाने के लिए आमंत्रित किया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस प्रतियोगिता के लिए आवेदन 31 अक्तूबर तक MyGov पोर्टल पर खुले रहेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य एक अनूठा और यादगार शुभंकर बनाना है जो आधार के विश्वास, समावेशिता, सशक्तिकरण और डिजिटल नवाचार जैसे मूल मूल्यों को दर्शाता हो। मंत्रालय ने कहा कि शुभंकर प्रतीक सभी आयु वर्गों के लिए संचार को अधिक प्रासंगिक और आकर्षक बनाएगा। प्रतियोगिता में एक प्रमाण पत्र के साथ 1 लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा।
#45. खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 का आयोजन किस राज्य में होगा –
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) का पांचवां संस्करण 24 नवंबर से 5 दिसंबर, 2025 तक राजस्थान के सात शहरों में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता 23 पदक खेलों में और एक प्रदर्शन खेल (खो-खो) में आयोजित की जाएगी। इस साल की शुरुआत में बिहार में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तरह, यूनिवर्सिटी गेम्स भी सात शहरों – जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर-में आयोजित किए जाएंगे। 12 दिनों तक चलने वाले इस यूनिवर्सिटी मीट में 5,000 से ज़्यादा एथलीटों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
#46. WHO की चेतावनी में कोल्ड्रिफ कफ सिरप में कौन सा जहरीला रसायन पाया गया –
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भारत में बनी तीन मिलावटी दवाओं की पहचान की है, जिनमें सबसे ज्यादा चर्चा में रही कोल्ड्रिफ कफ सिरप शामिल है। यह सिरप भारत के तमिलनाडु राज्य में स्थित श्रीसन फार्मास्युटिकल्स नामक कंपनी द्वारा बनाई गई थी। कुछ ही हफ्ते पहले मध्य प्रदेश में कई बच्चों की मौत के बाद यह मामला सामने आया, जिससे पूरे देश में चिंता बढ़ गई। डब्ल्यूएचओ की जांच में पाया गया कि कोल्ड्रिफ सिरप में एक जहरीला रसायन डायथिलीन ग्लाइकोल (डीईजी) बहुत अधिक मात्रा में मिला है। बता दें कि डीईजी एक ऐसा केमिकल है जो शरीर के लिए बेहद नुकसानदायक होता है। कोल्ड्रिफ के अलावा दो और सिरप भी डब्ल्यूएचओ की चेतावनी में शामिल हैं। पहली रेडनेक्स फार्मास्युटिकल्स की रेस्पिफ्रेश टीआर और दूसरी शेप फार्मा की रीलाइफ।
#47. गूगल अपना पहला और अमेरिका के बाहर सबसे बड़ा AI हब कहाँ स्थापित करेगा –
गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत कर कंपनी के पहले गूगल एआई हब की योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की। यह हब विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश में स्थापित होगा और अमेरिका के बाहर गूगल का सबसे बड़ा AI हब होगा। पिचाई ने सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म ‘एक्स’ पर कहा कि इस हब के जरिए भारत में AI नवाचार को तेज किया जाएगा और देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह हब गीगावाट-स्तरीय कंप्यूटिंग क्षमता, नया अंतरराष्ट्रीय सब-सी गेटवे और बड़े पैमाने पर ऊर्जा अवसंरचना से लैस होगा। गूगल ने मंगलवार को ‘भारत एआई शक्ति’ कार्यक्रम के दौरान घोषणा की कि आने वाले पांच वर्षों में इस योजना पर 15 बिलियन अमेरिकी डाॅलर का निवेश किया जाएगा।
#48. ‘कन्जुर’ किस धर्म का आधारभूत ग्रंथ माना जाता है –
भारत और रूस के बीच गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने वाला एक और ऐतिहासिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने कालमिकिया के एक प्रमुख बौद्ध मंदिर केचेनरस्की खुरुल को पवित्र 108 खंडों वाला ‘मंगोलियाई कन्जुर’ भेंट किया। यह महत्वपूर्ण प्रस्तुति भारतीय प्रतिनिधिमंडल की यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण थी, जो 11 से 18 अक्टूबर, 2025 तक रूसी गणराज्य कालमिकिया में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की पहली प्रदर्शनी के साथ मेल खाती है। कन्जुर मंगोलियाई बौद्ध धर्म का एक आधारभूत ग्रंथ है। यह अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ (आईबीसी) और भारत के संस्कृति मंत्रालय के पांडुलिपि प्रभाग (एनएमएम) की ओर से दिया गया था।
#49. 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2025 में किस फिल्म ने 13 अवॉर्ड्स जीतकर इतिहास रच दिया –
फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2025 का भव्य आयोजन अहमदाबाद के एकेए एरिना, कांकरीया लेक में हुआ। इस शानदार शाम की मेजबानी शाहरुख़ ख़ान, करण जौहर और मनीष पॉल ने की।लापता लेडीज़ ने इस वर्ष की सबसे बड़ी विजेता फ़िल्म बनकर इतिहास रच दिया — इसे 13 अवॉर्ड्स मिले, जिनमें सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक (किरण राव) शामिल हैं। अभिषेक बच्चन (आई वॉन्ट टू टॉक) की भावनात्मक अदाकारी और कार्तिक आर्यन (चंदू चैंपियन) के प्रेरणादायक प्रदर्शन को सराहा गया — दोनों को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष) का पुरस्कार मिला। आलिया भट्ट ने जिगरा में अपने दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का ख़िताब जीता।
#50. RBI द्वारा लॉन्च Unified Markets Interface (UMI) का उद्देश्य क्या है –
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने Unified Markets Interface (UMI) विकसित किया है, जो वित्तीय परिसंपत्तियों का टोकनाइजेशन और थोक केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्रा (CBDC) का उपयोग कर लेन-देन सक्षम करने वाला अगली पीढ़ी का वित्तीय मंच है। यह पहल Global Fintech Fest 2025 में RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा द्वारा घोषित की गई। UMI, RBI की डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर दृष्टि का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य बाजार दक्षता, सुरक्षा और वित्तीय समावेशन को बढ़ाना है।



