
नई दिल्ली, 14 मई 2025 — संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा है कि भारत ने वैश्विक स्तर पर सबसे तेज़ 5G Rollout कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में देशभर में 4.7 लाख से अधिक बेस ट्रांसीवर स्टेशन (BTS) स्थापित किए गए हैं।
डॉ. पेम्मासानी ने आज ‘भारत 6G 2025’ तीसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 5G क्रांति को साकार किया है। उन्होंने बताया कि देश की 80% आबादी तक 5G कवरेज का विस्तार हो चुका है, और मेक इन इंडिया पहल के तहत ग्रामीण इलाकों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुँचाया गया है।
भारत ने घरेलू 4G और 5G उपकरण निर्माण में आत्मनिर्भरता हासिल की है और दुनिया में सबसे सस्ती 5G डेटा दरें सुनिश्चित की हैं — जिससे गुणवत्ता, सेवा और डिजिटल पहुंच का लोकतंत्रीकरण संभव हो सका है।
भारत अब एक तकनीकी क्रांति की दहलीज पर खड़ा है, जो न केवल देश बल्कि संपूर्ण मानवता के भविष्य को आकार देगी। ‘भारत 6G’ की दिशा में यह यात्रा, आने वाले दशकों में भारत की समृद्धि और वैश्विक नेतृत्व को परिभाषित करेगी।
OUR APP – DOWNLOAD NOW