छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का हाल ही में 29 मई, 2020 को 74 वर्ष की आयु में दिल का दौरा पड़ने के बाद रायपुर में निधन हो गया। जब वर्ष 2000 में राज्य को मध्य प्रदेश से अलग किया गया, तो उन्हें मुख्यमंत्री चुना गया था। वे एक भारतीय प्रशासनिक अधिकारी से राजनेता बने। उन्होंने अपने करियर के शुरुआती वर्षों के दौरान रायपुर के कलेक्टर के रूप में भी काम किया था।
अजीत जोगी
अजित प्रमोद कुमार जोगी का जन्म 19 अप्रैल, 1946 को हुआ था। वे जनता कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए थे। इससे पहले वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से भी जुड़े रहे।
अजित जोगी ने मौलाना आजाद कॉलेज ऑफ़ टेक्नोलॉजी, भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। कुछ समय तक उन्होंने नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, रायपुर में लेक्चरर का कार्य भी किया। बाद में वे प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े।
वे 1981-85 के बीच इंदौर के डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर रहे। 1986 से 1998 के बीच वे दो बार राज्य सभा के सदस्य रहे। वर्ष 2000-2003 के दौरान वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद 2004 से 2008 तक वे लोकसभा सदस्य रहे।