रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे Lima 2025 में

Lima

रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ 20 से 24 मई, 2025 तक मलेशिया के लंगकावी में आयोजित लंगकावी अंतर्राष्ट्रीय समुद्री एवं अंतरिक्ष प्रदर्शनी (Lima 2025) के 17वें संस्करण में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इस प्रतिष्ठित द्विवार्षिक प्रदर्शनी को एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण समुद्री तथा अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी माना जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1991 में हुई थी।

Lima 2025 में एक भारतीय मंडप की स्थापना की गई है, जिसका उद्घाटन श्री संजय सेठ द्वारा किया जाएगा। इस मंडप के माध्यम से भारतीय रक्षा उद्योग की उन्नत क्षमताओं और नवाचारों का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शनी में भारत की ओर से मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड, भारत डायनेमिक्स लिमिटेड, बीईएमएल, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, और ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड सहित कई प्रमुख रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम (DPSUs) तथा निजी रक्षा कंपनियां भाग लेंगी।

इसके अतिरिक्त, भारतीय रक्षा परिसंपत्तियों के रूप में डोर्नियर विमान तथा भारतीय नौसेना का एक जहाज भी इस अंतर्राष्ट्रीय मंच पर उपस्थित रहेंगे, जो भारत की सैन्य शक्ति, आत्मनिर्भरता और तकनीकी प्रगति का परिचायक होगा।

यह भागीदारी भारत की बढ़ती वैश्विक रक्षा उपस्थिति और सहयोग को भी दर्शाती है, साथ ही साथ ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियानों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान करती है।

OUR APP  DOWNLOAD NOW

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *